BREAKING NEWS

Sunday, 3 December 2017

अदालत पर पूरा भरोसा, फैसले का करेंगे सम्मान: राम गोविंद


सपा विधान मंडल दल के नेता ने जिला जेल में ललई यादव से की भेंट 

जौनपुर। विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष और सूबे के पूर्व शिक्षा मंत्री राम गोविंद चौधरी ने रविवार को जिला कारागार में न्यायिक अभिरक्षा में बंद पूर्व ऊर्जा राज्य मंत्री एवं शाहगंज के सपा विधायक शैलेंद्र यादव ललई से भेंट की। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उनका और पार्टी का न्यायपालिका में पूरा भरोसा है।
बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के नेता प्रतिपक्ष रविवार को पूर्वाह्न जिला कारागार में शैलेंद्र यादव ललई और अन्य पार्टी कार्यकर्र्ताओं से मिलने आ गए। उनके आने की खबर लगते ही मीडिया कर्मी वहां पहुंच गए। पत्रकारों के पूछने पर राम गोविंद चौधरी ने कहा कि हम न्यायपालिका में विश्वास रखने वाले हैं। अदालत जो भी फैसला देगी हम उसका सम्मान करेंगे। पत्रकारों द्वारा किए जाने वाले अन्य सवालों को टालते हुए वह गेट पर औपचारिकता पूरी करने के बाद भीतर चले गए। कारागार में उन्होंने करीब आधे घंटे तक विधायक शैलेंद्र यादव ललई और बंद पार्टी के अन्य कार्यकर्र्ताओं से बातचीत की। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता जेल के बाहर मौजूद  रहे। मालूम हो कि खुटहन में पिछले महीने क्षेत्र प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के दौरान हिंसा और आगजनी के मामले में आरोपी के तौर पर नामजद शैलेंद्र यादव ललई ने शुक्रवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। अपराध की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने जमानत अर्जी अस्वीकार करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। इस मामले में करीब दर्जन भर अन्य आरोपी पहले से ही जिला कारागार में निरुद्ध हैं।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात