BREAKING NEWS

Monday, 18 December 2017

बड़ी बहन ने प्रेमी संग मिल कर की थी प्रियंका की हत्या

आरोपिता और सहयोगी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस 
आपत्तिजनक अवस्था में देखने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी 
   जौनपुर। प्रियंका यादव की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी सगी बड़ी बहन ने अपने प्रेमी रिश्तेदार के साथ मिल कर की थी। रिश्तेदार के साथ बहन को आपत्तिजनक अवस्था में देख लेने और परिजन को बताने की धमकी देने की कीमत प्रियंका को जान देकर चुकानी पड़ी। पंवारा थाना पुलिस ने तीन दिन के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसकी बड़ी बहन और शव को ठिकाने लगाने में सहयोगी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। फरार प्रेमी की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
   मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बरेठी गांव की प्रियंका यादव (17) पुत्री राम समुझ यादव की लाश बीते शुक्रवार को सवेरे पड़ोसी गांव पंवारा थाना क्षेत्र के बरेठी में कुसुम चंद यादव के खेत में नग्नावस्था में पाई गई थी। शव को देखनेेे बाद दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही थी। सुराग की तलाश में पुलिस ने खोजी कुत्ते की भी मदद ली थी। मृतका के बड़े भाई राज कुमार यादव की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई। क्षेत्राधिकारी मछलीशहर सौम्या पांडेय के निर्देशन में पंवारा और मुंगराबादशाहपुर की पुलिस टीमें मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुट गईं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया कि प्रियंका यादव के साथ दुष्कर्म नहीं किया गया था बल्कि उसकी गला घोंट कर हत्या की गई थी। मिले सुरागों के आधार पर सोमवार को पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के खजुरी गांव के उमा शंकर सरोज उर्फ गड्डे और प्रियंका की बड़ी बहन नीतू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने   अपने जुर्म का इकबाल कर लिया।
    थानाध्यक्ष पंवारा विद्या सागर प्रसाद ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर बताया कि प्रियंका ने नीतू को रिश्तेदार रमेश यादव निवासी खजुरी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। प्रियंका ने इसकी जानकारी घर वालों को देने की बात कही तो दोनों ने उसे ठिकाने लगाने की योजना बना डाली। दोनों ने उसकी हत्या कर दी। रमेश ने अपने दोस्त उमा शंकर सरोज तथा नीतू के साथ मिल कर शव को खेत में फेंक दिया। पुलिस को भ्रम में रखने के लिए प्रियंका के कपड़े फाड़ दिए और उसकी चप्पल लाश के पास रख दी ताकि दुष्कर्म और हत्या का मामला लगे। मामले के खुलासे में खोजी कुत्ते ने भी अहम भूमिका निभाई। पुलिस फरार आरोपी रमेश यादव की तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले पुलिस दल को पांच हजार रुपये का ईनाम देने का ऐलान किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी करने में पंवारा थाने के कांस्टेबल द्वय सरफराज, अनूप और महिला आरक्षी दीक्षा सिंह शामिल रहे।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात