BREAKING NEWS
Showing posts with label jaunpur. Show all posts
Showing posts with label jaunpur. Show all posts

Friday, 18 January 2019

खबरों की पारदर्शिता ही पत्रकारिता की मूल आत्मा है - एसडीएम

नगर के पुरानी बाजार मोहल्ले के ओम शान्ति गली में स्थित "तहलका 24x7 न्यूज़" के कार्यालय का शुभ उद्घाटन मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा एंव विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ संरक्षक सोशल मीडिया व पोर्टल जगत के भीष्म पितामह एस. एम. मासूम साहब ने फीता काटकर किया।

इस दौरान एसडीएम राजेश वर्मा ने कहा कि खबरों की पारदर्शिता ही पत्रकारिता की मूल आत्मा होती है। जिस दिन से मूल आत्मा धूल धूसरित होना शुरू होती है उस दिन से समाज भटकाव की राह पर चल निकलता है। सटीक व मजबूत खबर देने के लिए "तहलका 24x7 न्यूज़" टीम को बधाई देते हुए कामना करता हूँ कि "तहलका 24x7 न्यूज़" टीम अपनी बेब़ाक खबरों से सोशल मीडिया में एक नया आयाम स्थापित करेगा। "तहलका 24x7 न्यूज़" की खबरें समाज में एक ऐसा मुकाम हासिल करें कि "तहलका 24x7 न्यूज़" पर खबर चली है तो वह सही ही होगी। "तहलका 24x7 न्यूज़" प्रमाणिकता की कसौटी बनें।

वहीं सोशल मीडिया व पोर्टल जगत के भीष्म पितामह एस. एम. मासूम साहब ने एसडीएम श्री वर्मा जी से मन की बात बताते हुए कहा कि "तहलका 24x7 न्यूज़" की समूची टीम खबरों के प्रति संजीदा है तभी तो सवा साल पहले जब मेरी नज़र "तहलका 24x7 न्यूज़" पोर्टल पर पड़ी थी तो मुझे लगा कि "तहलका 24x7" टीम सही काम कर रही है लेकिन काम के हिसाब से सफलता नहीं मिल रही है। गत नवम्बर 2017 में  तहलका 24x7 के एडिटर रवि शंकर वर्मा से हमारी मुलाकात मेरे आवास हुई। दो घंटे की मुलाकात में रवि जी ने दिल में जो स्थान बनाया वह काबिले तारीफ है। "तहलका 24x7" के पेज को मैने डिजाइन किया। रवि जी ने मेरे दिशा निर्देश का बखूबी पालन किया। हिन्दुस्तान के साथ साथ अन्य 9 देशों के लोग भी "तहलका 24x7" के विजिटर्स है। मुझे बेहद खुशी हो रही है कि रवि शंकर वर्मा ने अपनी मेहनत व जुनून से "तहलका 24x7" को इस मुकाम पर पहुंचा दिया कि आज उसके भव्य व व्यवस्थित कार्यालय के उद्घाटन का साक्षी बना हूँ। ईश्वर, रवि जी को शोहरत, ऐश्वर्य एवं सुख समृद्धि से नवाज़े।



वहीं तहलका 24x7 न्यूज़ के एडिटर रवि शंकर वर्मा ने बताया कि "तहलका 24x7" न्यूज़ पोर्टल गत 23 अप्रैल 2017 को लांच हुआ था और अक्टूबर 2017 तक महज 25 हजार विजिटर्स ही जुड़ पाए थे। नवम्बर 2017 में एस एम मासूम साहब जी की नजरों में आने के बाद मासूम सर ने मुझे दिशा निर्देश दिया जो "तहलका 24x7 न्यूज़" के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ।  मुझे बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि पूरे पूर्वांचल मे चल रहे अधिकांश पोर्टलों के प्रेरणास्रोत मासूम साहब की नज़र "तहलका 24x7 न्यूज़" पर पड़ी और आज सवा साल बाद "तहलका 24x7 न्यूज़" के कुल विजिटर्स 10  लाख पार कर गये हैं।


इस अवसर पर प्राचार्य डॉ तबरेज आलम, प्रधानाचार्य शाहिद नईम, ओ पी सिंह, एख़लाक खान, गुलाम साबिर, पंकज कुमार सिंह, हसन मेंहदी, मो. आसिफ, फूल कुमार प्रजापति, सौरभ सेठ, परशुराम चौरसिया, बृजेश सेठ, साकिब खान, फैज़ान अंसारी, ज़ेया अनवर, राजेश चौबे, पप्पू भाई, प्रशांत अग्रहरि, सिद्धेश्वर पाण्डेय, अशोक यादव, श्याम जी गुप्ता, प्रमोद यादव पिन्टू, हनुमान प्रसाद गुप्ता, नौशाद मंसूरी, फहद खान, बसंत लाल जायसवाल, पूर्व सभासद अब्दुल खालिक, प्रमोद सिंह पिंटू, सतेन्द्र यादव, मिनहाज एराकी, अजय सिंह, हरिओम सहाय, धीरज सोनी, अजय कुमार राय, विवेक गुप्ता गोलू जी, मनोज सेठ, आनंद वर्मा, प्रीतम सिंह, इकरार खान, श्रीप्रकाश वर्मा समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Saturday, 15 September 2018

कमज़ोर की मदद करना चाहिए वो किसी भी धर्म का हो दाख्खिन पट्टी रन्नो के इमामबाड़े से बोले एस एम मासूम

 https://www.youtube.com/payameamn
  कमज़ोर की मदद करना चाहिए वो किसी भी धर्म का हो दाख्खिन पट्टी रन्नो के इमामबाड़े से बोले एस एम मासूम

जौनपुर :मुहर्रम के महीने में शोकसभाएं पैगम्बर ऐ इस्लाम हज़रत मुहम्मद ने नवासे और मुसलमानो के खलीफा हज़रत अली के बेटे इमाम हुसैन की शहादत को याद करके मनाई जाती है | इस बार इस एम् मासूम अपने वतन जौनपुर में हैं और अलग अलग इमामबाड़ों से इमाम हुसैन का अमन का भाईचारे का पैगाम दुनिया तक पहुंचा रहे हैं | कभी बड़े इमाम गूलर घाट तो अभी कारंजा खुर्द तो कभी रन्नो |

मुहर्रम की तीसरी को दाख्खिन पट्टी रन्नो के इमामबाड़े  में शोक सभा (मजलिस ) हुयी जिसमे आस पास के साथ गांव के लोग थे | इस मजलिस  को ज़ाकिर ऐ अहलेबैत इतिहासकार और सोशल मीडिया के जानकार एस एम् मासूम ने खिताब किया और लोगों को बताया की दुनिया का हर इंसान जो कमज़ोर है चाहे किसी भी धर्म का हो इस्लाम कहता उस पे रहम करो उसकी मदद करो | जिस हुसैन ने प्यास की हालत में दुश्मन के साथ साथ उसके जानवरों को भी पानी पिलाया उसी हुसैन को कर्बला में तीन दिन का प्यासा शहीद किया गया |


मजलिस के बाद इमाम हुसैन के भाई हज़रात अब्बास का अलम और तुर्बत निकली और अंजुमनों ने नौहा मातम किया साथ में तबल की आवाज़ से हुसैनी पैगाम की विजय का ऐलान हुआ |
 https://www.youtube.com/payameamn

Thursday, 31 May 2018

पत्रकारिता दिवस पे ख़ास वेब पे और सशक्त प्लेटफॉर्म की तलाश करें एस एम् मासूम

इंटरनेट से पत्रकारिता को मिला नया आयाम जैसी गोष्ठियां आज जौनपुर जैसे शहर में होने लगी हैं जिसे देख के बड़ी ख़ुशी हुआ करती है | ख़ुशी इस लिए भी होती है की जौनपुर के लोग मुझमे उस शख्स को देखते हैं जिसने जौनपुर के पत्रकारों को वेब न्यूज़ पोर्टल के प्रति जागरूक किया और जब कुछ पत्रकारों ने इसी कामयाबी के साथ अपनाया तो मुझे जौनपुर में वेब न्यूज़ पोर्टल के जनक और भीष्म पितामह जैसी पहचान मिली | अब इस पत्रकारिता दिवस पे मैं ही अपनी क़लम न चलाउ तो यह ना इंसाफ़ी होगी | 

अभी सात आठ वर्ष पहले की बात है की वेब न्यूज़ पत्रकारिता के प्रति यहां के पत्रकार जागरूक नहीं थे | मैंने २०११ से यह कोशिश शुरू कर दी की यहां के पत्रकारों को जा जा के बताता था की वेब न्यूज़ पोर्टल अगर चलाओगे तो आज़ाद पत्रकार की हैसियत से पहचाने जाओगे और इसी में रोज़गार के नए  अवसर मिलेंगे | यह वो दौर था की मेरे जागरूक करने पे अक्सर लोग यह सोंचते थे की मैं कुछ ऐसा करने को कह रहा हूँ जिसमे मेरा फायदा होगा इसलिए लोग इज़्ज़त देते और सुन लेते लेकिन फिर भूल जाते |  मैंने २०१२ में जागरूक करने के लिए एक पत्रकार का वेबपोर्टल मुफ्त में बना के दिया जो  आज भी चल रहा है लेकिन वो उसे उस तरह से नहीं चला सके की वो कोई अपनी पहचान बना पाता | 

लेकिन २०१३ में  एक दिन जौनपुर पत्रकार जगत के गुरु  कहे जाने वाले पत्रकार राजेश श्रीवास्तव से मुलाक़ात हो गयी और ये पहले पत्रकार थे जिन्होंने वेब न्यूज़ पत्रकारिता की अहमियत को पहचाना और इसी के साथ मेरी वेबसाइट बनाने की और अंतरजाल पे फैलाने की तकनीकी जानकारी और राजेश श्रीवास्तव की पत्रकारिता ने जौनपुर को पहला कामयाब वेब न्यूज़ पोर्टल शीराज़ ऐ हिन्द डॉट कॉम दिया और मुझे वेब न्यूज़ पत्रकारिता के जनक और भीष्म पितामह जैसी पहचान मिली | आज भी ये  न्यूज़ पोर्टल  जौनपुर का सबसे तेज़ और अधिक पढा  जाने वाला न्यूज़ पोर्टल है | .राजेश श्रीवास्तव की कामयाबी को देखते ही मेरे पास अनगिनत फ़ोन आने लगे और हर पत्रकार इस बात को लेकर बेहद उत्साहित दिखने लगा की उसका भी अपना वेबपोर्टल बने लेकिन इस न्यूज़ वेब पोर्टल को चलाने के लिए तकनीकी जानकारी और इसे अंतरजाल पे तेज़ी से फैलाने की कला आनी चाहिए और पत्रकारिता के उसूल की जानकारी के साथ साथ क़लम में  ताक़त भी होनी  चाहिए |   

इसके बाद मैंने बहुत से वेबपोर्टल बनाय और अब तक जौनपुर आस पास में लगभग ३८-४० पोर्टल बनाय जिनमे से कुछ बंद हुए कुछ कामयाबी से चल भी रहे हैं | जैसे रवि शंकर वर्मा और आरिफ हुसैनी के न्यूज़ पोर्टल | इसके बाद तो लोगों में वेब पोर्टल बनाने की तकनीकी जानकारी हासिल करने और अपना पोर्टल बनाने की होड़ सी लग गयी और बहुत से पत्रकारों ने अपनी सुविधा अनुसार खुद से या किसी दुसरे के सहयोग से वेब पोर्टल भी बनाने शुरू किये जो आज भी कामयाबी के साथ चल रहे है जिसमे अंकित,कमर हसनैन दीपू, ,दीपक सिंह इत्यादि बहुत से नाम हैं | 

जौनपुर में जब वेब पत्रकारिता पे कोई गोष्टी होती हो और जौनपुर में वेब न्यूज़ पत्रकारिता का जन्म कब और कैसे हुआ और किन किन लोगों की मेहनत ने पत्रकारिता को विश्व की तरह जौनपुर में एक पहचान दी इसकी चर्चा यदि न हो तो इसे ना इंसाफ़ी कहा जायगा | गोष्टीयो का मक़सद केवल चर्चा तक सीमित ना रहे बल्कि पत्रकारों को प्रोत्साहित ही करता रहे तो उचित होगा |

वेब न्यूज़ पत्रकारिता जौनपुर में अभी अपनी युवा अवस्था तक भी नहीं पहुंची है और पत्रकार इतनी कामयाबी में ही सतुष्ट नज़र आने लगे हैं यह देख के थोड़ा दुःख अवश्य होता है लेकिन साथ साथ आशा भी है की समय इनको आगे बढ़ने की राह खुद देता चला जायगा | मैं यह नहीं चाहता की जैसे वेब न्यूज़ पत्रकारिता को जौनपुर आने में दुनिया के मुक़ाबले में १० वर्ष लग गए उसी तरह इसे जवान होने में भी समय लगे | 

जो लोग वेब न्यूज़ पोर्टल जौनपुर में चला रहे हैं उन्हें चाहिए और वेब पे और सशक्त प्लेटफॉर्म की तलाश करें और केवल सोशल मीडिया पे शेयर करने तक सीमित ना रहे और हर दिन ख़बरों के कॉपी पेस्ट से अलग अपनी क़लम का जादू दिखाते हुए अपनी एक अलग पहचान बनाते रहे वरना वेब न्यूज़ पोर्टल की भीड़ में एक दिन  खो जाएंगे | 

...........एस एम् मासूम 
S.M.Masoom
Cont:9452060283

Monday, 1 January 2018

दगाबाज आशिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज



पिता और भाई-बहन भी आरोपित, छानबीन जारी  
   मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर सात माह तक यौन शोषण करने का आरोपी युवक और उसके परिजन के खिलाफ सोमवार को विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। खबर लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
   पड़ोसी जिले गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की दलित वर्ग की युवती ने स्थानीय थाने में रविवार को तहरीर दी। युवती के मुताबिक उसकी बहन की शादी में बाराती के तौर पर आए मादरडीह गांव के दिनेश कुमार पटेल से उसकी मित्रता हो गई। दोनों मोबाइल फोन पर बात करने लगे। प्यार परवान चढ़ता गया। गत 25 अप्रैल 2017 को दिनेश उसके गांव पहुंच गया। शादी करने का झांसा देकर उसके कानपुर भगा ले गया जहां दोनों पति-पत्नी के तौर पर रहने लगे। यौन शोषण के कारण गर्भ ठहर जाने पर मेरी इच्छा के विपरीत 18 सितंबर 2017 को एक क्लीनिक में ले जाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद 29 सितंबर को मुझे इलाहाबाद लेकर आया। वहां से शादी करने का आश्वासन देकर मुझे घर भेज दिया। कुछ दिन बाद मैं फिर कानपुुर गई तो दिनेश के पिता राम आसरे, भाई शेखर पटेल, राज पटेल और बहन अनीता पटेल ने मेरी और दिनेश पटेल की शादी का नोटरी हलफनामा छीन लिया। फिर छह दिसंबर को मुझे और मेरे परिवार के लोगों को इलाहाबाद बस स्टेशन पर बुलाया। वहां जाति सूचक गालियां देते हुए चाकू व रिवाल्वर से भयभीत कर सुलहनामा लिखाने का प्रयास किया। मेरे शोर मचाने पर और यूपी-100 पर सूचना देकर पुलिस बुलाने पर सभी भाग गए। घटना की सूचना लिखित रूप से थाना सिविल लाइन्स इलाहाबाद में दी गई। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर दिनेश के पिता राम आसरे ने दिनेश के साथ शादी कराने का लिखित समझौता किया। इसके बाद मुझे कुछ दिन के लिए फिर घर चले जाने को कहा। इनकार करने पर धमकी देने लगे कि तुम्हें जो करना हो कर लो। शादी नहीं की जाएगी। थानाध्यक्ष के के मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद किए गए आरोपियों के खिलाफ धारा 366, 376, 313, 506 एवं दलित उत्पीडऩ निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

Saturday, 30 December 2017

हर वर्गको मिल रहा सरकारकी योजनाओंका लाभ: गिरीश


२०० गरीब, आसहाय व्यक्तियोंको मिला कम्बल

जौनपुर। गुरुवार को कलेक्टे्रट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में राज्यमंत्री नगर विकास अभाव सहायता एवं पुनर्वास उ.प्र. गिरीश चन्द्र यादव के हाथों से गरीब, आसहाय लोगों को कम्बल वितरण किया गया। कम्बल वितरण में उपजिलाधिकारी सदर प्रियंका प्रियदर्शी ने कहा कि आज प्रेक्षागृह में सदर तहसील के 200 पात्रों को कम्बल का वितरण किया जा रहा है तथा विभिन्न ग्रामों में 900 कम्बल का वितरण किया जा चुका है। 15 स्थानों पर तहसीलों द्वारा अलाव भी जलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार गरीब, आसहाय व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं द्वारा लाभ पहुंचाया जा रहा है। राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव द्वारा एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा आई हुई गांव की महिलाएं एवं अन्य लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सबका साथ सबका विकास के स्लोगन द्वारा गरीबों को उनकी आवश्यकता के अनुरुप सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि 16 नवम्बर के शासनादेश द्वारा प्रदेश के 350 तहसीलों में सहायता उपलब्ध कराया जा रहा है तथा हर तहसीलों में 50 लाख रुपये कम्बल एवं अलाव जलाने के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार द्वारा गरीब, आसहाय वर्गों के लोगों के लिए जो भी आवश्यकता होगी सरकार उसे पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सदर तहसील में कम्बल वितरण कराया जा रहा है उसी तरह सभी तहसील में ग्रामीण अचांलों में भी कम्बल वितरण कराया जाय। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि बांकेलाल सोनकर, भाजपा जिला मंत्री राजेश श्रीवास्तव Óबच्चा भईयाÓ सहित तहसील के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन तहसीलदार सदर आशाराम वर्मा द्वारा किया गया।

शिविरार्थियों ने की मैदान की सफाई


डोभी (जौनपुर)। आचार्य बलदेव डिग्री कालेज कोपा पतरहीं में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्य दिवस के छठवें दिन शनिवार को शिविरार्थियों ने चयनित गांव नयनपुर में खेल कूद के मैदान की सफाई की और रविवार से शुरु होने वाले खेल-कूद के लिए 200 मीटर की दौड़ के लिए टै्रक भी तैयार किया।
शिविरार्थियों का निर्देशन डा. कमलेश कुमार, डा. संतोष कुमार यादव, डा. विनोद चौबे, डा. विनय कुमार एवं डा. राम नरेश ने किया। शिविरार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम गीत, संगीत व हास्य कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। महाविद्यालय प्रबंधक अनिल यादव ने शिविरार्थियों को खेल कूद के महत्व के बारे में बताया। डा. कमलेश कुमार ने रविवार से होने वाले खेल-कूद कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की और अभ्यास भी कराया। इस मौके पर राहुल यादव, संतोष कुमार गौड़, जितेंद्र, सागर, सुंदरम, प्रशांत, पवन मिश्र, दीपक, गोपाल, प्रदीप आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में शुक्रवार को शिविरार्थियों ने पांचवें दिन चयनित गांवों क सर्वेक्षण किया। शिविरार्थियों ने 59 प्रकार के लजीज व्यंजन तैयार किए। प्रबंधक अनिल यादव ने कहा कि भोजन बनाना और परोसना उच्च कोटि की कला है।

तमंचा सटा कर बैंक मित्र से 60 हजार की लूट


चंदवक थाना के जरासी चौराहे पर हुई दुस्साहसिक वारदात 
   डोभी (जौनपुर)। चंदवक थाना क्षेत्र के जरासी चौराहा पर शनिवार की सेरशाम बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर बैंक मित्र से 60 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बा लुटेरे फरार हो गए। पुलिस मौका मुआयना कर लुटेरों की धर-पकड़ के प्रयास मेें जुट गई है।
   जरासी गांव निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बजरंग नगर शाखा के बैंक मित्र हैं। आम दिनों की भांति सवेरे नौ बजे से अपराह्न दो बजे तक भूपेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना ने कुसुम्हीं स्थित अपने केंद्र पर बैंक के ग्राहकों से जमा-निकासी की। इसके बाद रोज की तरह लोहराखोर ब्रह्म बाबा बाजार में जाकर लेन-देन किया। सायंकाल वहां से साइकिल से घर वापस लौट रहा था। शाम करीब साढ़े छह बजे वह जरासी चौराहा पर पहुंचा तभी काले रंग की बिना नंबर की पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। असलहा सटा कर आतंकित करते हुए 60 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया और नहर की तरफ भाग गए। बैग मे स्वैप मशीन भी थी। भुक्तभोगी के शोर मचाने पर चौराहे पर मौजूद लोग दौड़े लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो गए। घटना की सूचना तुरंत थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस भुक्तभोगी बैंक मित्र से लुटेरों का हुलिया आदि पूछने के बाद उनकी धर-पकड़ के लिए भाग-दौड़ करने लगी। खबर लिखे जाने तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

कवि सम्मेलन एक जनवरी को


   जौनपुर। साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संस्था कोशिश के वार्षिक समारोह के अवसर पर एक जनवरी को परंपरागत ढंग से पूर्वाह्न 11 बजे तिलकधारी महाविद्यालय के बलरामपुर हाल में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। यह जानकारी देते हुए संस्था के अध्यक्ष प्रो. आरएन सिंह ने बताया कि इसमें करीब दर्जन भर राष्ट्रीय स्तर के कवि आ रहे हंै। इसके अलावा स्थानीय कवि और शायर भी अपने साहित्य कौशल का लोहा मनवाएंगे।

कंप्यूटर डिप्लोमा संयुक्त परीक्षा संपन्न



   जौनपुर। मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित कंप्यूटर डिप्लोमा काबा एमडीटीपी की संयुक्त परीक्षा शहर में बनाए गए परीक्षा केंद्र अमन सोशल डेवलपमेंट आर्गनाइजेशन हाशिम मंजिल, बारादुअरिया में संपन्न हुई। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा प्रात: दस बजे से अपराह्न एक बजे तक और द्वितीय सेमेस्टर की अपराह्न दो बजे से सायंकाल पांच बजे तक हुई। केंद्र प्रभारी / निदेशक मेंहदी हुसैन सामिन ने बताया कि यह डिप्लोमा कंप्यूटर कोर्स राष्ट्रीय इलेक्ट्रानिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान व राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद नई दिल्ली द्वारा वित्त पोषित है। परीक्षा नियंत्रक शाहीन मेंहदी, शाहनीला अब्बास जैदी, प्रशंसा चौरसिया, समीर रजा जैदी, शबीहुल हसन, मिथिलेश कुमार, मोहम्मद दानिश, सूरज कुमार, अजहरुद्दीन और कक्ष निरीक्षकों की निगरानी में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।

शो रूम से लाखों के कपड़े चोरी


   डोभी (जौनपुर)। चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हौसलाबुलंद चोर लबे सड़क स्थित प्रतिष्ठानों को भी निशाना बना रहे हंै। शुक्रवार की रात चोरों ने वाराणसी-आजमगढ़ राज मार्ग पर स्थित चंदवक बाजार में एक शो रूम से लाखों रुपये मूल्य के कपड़े पार कर दिए। चोरी का पता शनिवार की सुबह चला। दुकान मालिक ने थाने में लिखित सूचना दे दी है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
   चंदवक थाने से करीब पचास मीटर की दूरी पर लबे सड़क लालजी बरनवाल की कपड़े की प्रतिष्ठित फर्म बरनवाल साड़ीज है। आम दिनों की तरह शुक्रवार की रात लालजी दुकान बंद कर घर में सोने चले गए। शनिवार की सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। छत के सीढ़ी की दीवार व दरवाजा टूटा तथा भारी मात्रा में सामान नदारद देख माजरा समझते देर नहीं लगी। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर किसी तरह से छत पर चढ़े। दीवार और दरवाजा तोड़ कर दुकान में पहुंचे। लालजी बरनवाल के मुताबिक चोर लाखों रुपये मूल्य के ऊनी स्वेटर, जैकेट, साडिय़ां और अन्य कीमती कपड़े समेट ले गए। दुकान मालिक ने थाने पर सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

प्लेट फार्म पर अधेड़ मृत मिला


   शाहगंज (जौनपुर)। स्थानीय जंक्शन शनिवार की तड़के अधेड़ व्यक्ति की लाश पाई गई। उसकी शिनाख्त हो गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी ठंड लगने से मौत हुई। रेलवे पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तड़के करीब तीन बजे लोगों ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को प्लेटफार्म नंबर चार पर अधेड़ की लाश पड़ी होने की सूचना दी। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शनिवार की सुबह उसकी शिनाख्त नगर के लोहामंडी मोहल्ला निवासी विजय कुमार मोदनवाल (50) के रूप में हुई। खबर दिए जाने पर रोते-बिलखते परिजन स्टेशन पर आ गए। परिजन के मुताबिक विजय कुमार मोदनवाल शुक्रवार की सुबह रिश्तेदारी में आजमगढ़ गए थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात वह किसी टे्रन से लौटे तो स्टेशन पर ही ठंड लगने से उनकी मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने पंचनामा के बाद कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।

मुम्बई से शव आते ही मचा कोहराम


महीने पर पहले पत्नी की भी दुर्घटना में हुई थी मौत 
   खुटहन (जौनपुर)। इमामपुर गाँव निवासी अधेड़ की मुंबई में सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार को लाश घर आते ही कोहराम मच गया। मुम्बई में हुई दुर्घटना में मौत के बाद शनिवार को गाँव में शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एक महीने पहले ही उसकी पत्नी की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।    इमामपुर गांव का रहमत अली (57) मुंबई में फेरी लगा कर पान बेचता था। इसी से उसके परिवार की आजीविका चलती थी। गुरुवार को मुंबई में ट्रक की टक्कर से पिक-अप सवार आठ लोग मर गए थे जिनमें रहमत अली भी था। महीने भर पहले सड़क दुर्घटना में ही उसकी बीवी कैसरी की मौत हो गई थी। वह घर आकर पत्नी का क्रिया-कर्म कर एक पखवारे पहले ही मुंबई वापस गया था। शनिवार को मुंबई से शव आते ही घर में कोहराम मच गया। गांव के ही कब्रिस्तान में उसे सिपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। दंपती के तीन बच्चे बेटा सद्दाम (22), बेटियां रजिया (17) और कल्लो (16) हैं। मां का आंचल छिनने के महीने भर बाद ही पिता का भी साया उठ जाने से तीनों बच्चे अनाथ हो गए हैं।

आटो रिक्शा चालक 40 हजार लेकर भागा


   जंघई (जौनपुर)। आटो रिक्शा चालक सवार युवक को नशीला पदार्थ खिला कर बेहोश करने के बाद चालीस हजार रुपये लेकर चंपत हो गया। घटना पड़ोसी जिले इलाहाबाद के फूलपुर और वारी गांव के बीच हुई। मीरगंज थाना क्षेत्र के असवां गांव का संजय कुमार तिवारी शनिवार की सुबह इलाहाबाद से रोडवेज बस से फूलपुर आया। वहां से घर आने के लिए आटो रिक्शा रिजर्व किया। आटो रिक्शा चालक ने उसे कोई नशीला पदार्थ खिला दिया। फूलपुर और वारी गांव के बीच उसे अद्र्ध मूच्र्छित अवस्था में उतार दिया और उसके पास मौजूद 40 हजार रुपये लूट कर भाग गया। होश में आने के बाद उसने मोबाइल फोन से अपने भाई धनंजय को आपबीती बताई। धनंजय घटनास्थल पर पहुंचा और संजय को लेकर फूलपुर थाने गया। जहां पीडि़त ने घटना की जानकारी दी। पुलिस मुकदमा दर्ज किए बिना छानबीन कर रही है। 

Friday, 29 December 2017

रोजगार मेला में 109 को मिली नौकरी


जौनपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय चकप्यार अली निकट नारायण नर्सिंग होम में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में 109 बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिली। जिला सेवायोजन अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कम्पनी बिथुना फर्टिलाईजर वाराणसी में नौकरी के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया में 95 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। जिसमें से 29 अभ्यर्थी को चयन सेल्स एजिकेटिव के रूप में हुआ। इस प्रकार एम.बी.टी. कृषि मार्ट के एच.आर. ए.एन. अंसारी के द्वारा 115 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार लिया गया। जिसमें से 60 अभ्यर्थी का सेल्स मैनेजर के लिए चयन हुआ एवं भारतीय जीवन बीमा निगम के विकास अधिकारी अम्बुज श्रीवास्तव के द्वारा 50 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। जिसमें 20 बेरोजगार अभ्यर्थी का चयन किया गया। इस अवसर पर मेला प्रभारी शिव कुमार यादव, आर.पी. पाण्डेय एवं आनन्द भूषण त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।

राम जानकी मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति चोरी


जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

सुइथाकला। सरपतहां थाना क्षेत्र के समोधपुर (बगिया) गांव स्थित प्राचीन राम जानकी मंदिर से  शेषावतार लक्ष्मण की बेश कीमती अष्टधातु की प्रतिमा गुरुवार की रात चोरी हो गईं। शुक्रवार को सुबह मंदिर में हुई चोरी का पता उस वक्त लगा जब मंदिर के पुजारी ब्रजेश मिश्रा पूजा अर्चना करने मंदिर पहुंचे। मामले की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सरपतहां अरविंद कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंच गये और मौका-मुआयना करके जांच पड़ताल करने के साथ ही लोगों से पूछताछ किया।
चोरी गयी प्रतिमा तकरीबन 150 साल पुरानी बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार उक्त स्थान पर लगभग 150 वर्ष पुराना राम जानकी मंदिर है। मन्दिर के मुख्य द्वार के बायीं तरफ बजरंग बली की प्रतिमा तथा गर्भगृह में राम-जानकी-लक्ष्मण की बेशकीमती मूर्ति स्थापित है। मंदिर के पुजारी ब्रजेश मिश्र नित्य की भांति गुरुवार की रात आरती करने के बाद घर चले गए। शुक्रवार की सुबह जब मंदिर पर पूजन अर्चन करने पहुंचे तो गर्भगृह में लक्ष्मण की मूर्ति गायब देख हैरान रह गए। आनन-फानन में उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। पुलिस की तहकीकात के बाद सूचना पाकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला प्रभारी घनश्याम वर्मा की टीम के साथ डाग स्क्वायड प्रभारी मनोज यादव भी मौके पर पहुंच गये और बारीकी से जांच पड़ताल करने लगे। फिलहाल मूर्ति चोरी की घटना से लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के सम्बन्ध में शशि प्रकाश सिंह द्वारा थाने पर लिखित तहरीर दी गयी है। पुलिस तत्परता से जांच पड़ताल कर रही है।

बेहोशी की हालत में मिला युवक


मुंगराबादशाहपुर। नगर के गजराजगंज मुहल्ला स्थित सुजानगंज बाईपास पर बेहोशी की हालत में एक युवक के मिलने का मामला प्रकाश में आया है। इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार सुजानगंज बाईपास पार शुक्रवार की दोपहर में किसी वाहन ने बेहोशी की हालत में वाहन से युवक को उतार कर भाग खड़ा हुआ। थोड़ी देर बाद लोगों की नजर पड़ी तो 100 नं. पुलिस को फोन कर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को 108 नं. एम्बुलेन्स से उपचार हेतु मुंगरा पीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस को युवक की तलाशी में  मिले कागजातों से उसकी पहचान राजेश कुमार (29) पुत्र बला दीन निवासी नगरा थाना बैजूपुर इटावा के रूप में हुई। युवक मुंगराबादशाहपुर कैसे पहुंचा इसका खुलासा तो समाचार भेजे जाने तक नहीं हो सका था। पुलिस ने मिले फोन नं. पर उसके परिजनों को सूचित कर दिया है।

प्रमुख सचिव ने तहसील व चिकित्सालय का किया निरीक्षण


सड़क की हालत देखकर जताई नाराजगी, एक्सईएन को दिया निर्देश 

शाहगंज। प्रमुख सचिव दुग्ध एवं मत्स्य सुधीर एम. बोगड़े ने शुक्रवार को तहसील के अभिलेखागार व राजकीय पुरुष चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान तमाम विभागों के अधिकारी व मातहत मौजूद रहे।
अम्बेडकर नगर से निरीक्षण के बाद दोपहर में पहुंचे प्रमुख सचिव स्थानीय डाक बंगले में पहुंचकर अधिकारियों के साथ समीक्षा की। आधे घंटे रुकने के बाद सीधे तहसील पहुंचे जहां निर्माणाधीन तहसील भवन के बाबत असिस्टेंट इंजीनियर सालिम रजा से निर्माण के बाबत जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके बाद तहसील के अभिलेखागार पहुंचे। जहां अभिलेखों की जांच किया। यहां पर अभिलेखों की रखरखाव की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी आरसी मिश्रा को निर्देश दिया। तत्पश्चात राजकीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचे। जहां अस्पताल की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए भर्ती मरीजों से अस्पताल के हालात के बाबत जानकारी ली। चिकित्सकों से भी समस्या के बाबत पूछा। इस दौरान भाजपा नेता अजित प्रजापति, सुनील अग्रहरि टप्पू, सभासदों व अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मण्डल ने पत्रक देकर समस्या के समाधान की मांग किया। पूरी तरह से जर्जर हो चुके दादर पुल से डाक बंगला पहुंचे प्रमुख सचिव ने लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन एजी सारस्वत को तत्काल सड़क निर्माण का निर्देश दिया। वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि शाहगंज से बीस पहले से ही गुजरना होता रहा है लेकिन सड़कों की हालत पहले से भी खराब दिखी। जिसे दुरुस्त कराया जाएगा। इस मौके पर निजी सचिव जय करन, मुख्य चिकित्साधिकारी ओपी सिंह, एसडीएम जेएन सचान, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार शुक्ल, पशु चिकित्साधिकारी आलोक सिंह पालीवाल, कोतवाल नरेन्द्र प्रसाद समेत तमाम अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

सर्दी हुई बेदर्दी, जनजीवन बेहाल



मनुष्य ही मवेशी भी कांप उठे, शाम होते ही लोग घरों में हुए कैद 
   जौनपुर। शीतलहर और गलन ने शुक्रवार को लोगों का हाड़ कँपा दिया। धूप न निकलने से मनुष्य ही नहीं मवेशी भी ठिठुरने को मबजूर हो गए। सूर्यास्त के बाद अधिकतर लोग घरों में कैद हो गए। जाड़े के इस सीजन में शुक्रवार का दिन सबसे सर्द रहा। ठंड का प्रकोप बढऩे से ऊनी कपड़ों के साथ ही लकड़ी के कोयले की भी मांग बढ़ गई है। बाजार रौनक होने से कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। ठंड के कहर को देखते हुए शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इंटर मीडिएट तक के स्कूलों को पांच दिनों के लिए बंद कर दिया है।
   मंगलवार को शुरु हुई कड़ाके की ठंड गुरुवार को खिली धूप निकलने से कम हो गई लेकिन शुक्रवार को शीतलहर, गलन और कोहरे ने अबकी के जाड़े का नया रिकार्ड बना दिया। दिन भर सूर्य बादलों के बीच छिपा रहा। एक बार भी भगवान भास्कर अपना तेज बिखेर नहीं सके। लगन और ठंड के कहर से बचने के लिए लोगों ने अधिक से अधिक वस्त्रों को शरीर पर लाद लिया। जगह-जगह लोग अलाव तापते दिखे।
हाड़ कँपा देने वाली ठंड से ऊनी और बचाव वाले अन्य वस्त्रों की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है। बाजार रौनक होने से कारोबारियों के चेहरे चमक उठे हैं। मोजे, जूते, जैकेट, शॉल, मफलर, इनर, ऊनी टोपियां, लकड़ी के कोयले आदि के खरीददारों के उमडऩे से इनके व्यापारियों का धंधा गरम हो गया है। ठंड के कारण देर रात तक गुलजार रहने वाले शहर के प्रमुख चौराहों पर ही रात नौ बजे के पहले ही सन्नाटा पसर गया। ठंड भले ही जुल्मी हो गई है लेकिन अब तक स्थानीय नगर निकायों और जिला प्रशासन द्वारा अब तक लोगों को राहत देने का कोई उपाय नहीं किया गया है। न तो पर्याप्त स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं और न ही गरीबों और असहायों को कंबल वितरण किया जा रहा है। यह बात और है कि कुछ स्वयंसेवी संगठन और समाजसेवी लोग अपने स्तर से यथा सामथ्र्य गरीबों को कंबल और ऊनी वस्त्र, रजाई आदि बांट रहे हैं।

नहीं जले अलाव 
   डोभी (जौनपुर)।  हाड़ कँपा देने वाली ठंड शुरु हो जाने के बाद भी अब तक क्षेत्र में कहीं भी अलाव का प्रबंध तहसील प्रशासन द्वारा नहीं किया गया है। लोग-बाग कहते हुए जा रहे हैं कि न जाने कहां गुम हो गई है अलाव की व्यवस्था। क्षेत्र के खुज्झी, मारिकपुर, बजरंग नगर, बीरीबारी, चंदवक, पतरहीं, कृष्णा नगर,  कोईलारी ब्रह्मबाबा, मोढ़ैला, रतनूपुर आदि छोटी-बड़ी बाजारों में हर साल दिसंबर में जिला प्रशासन अलाव की व्यवस्था करता था। अब तक अलाव का प्रबंध न होने से दुकानदार और राहगीर ठंड से काँपते दिखते हैं। कुछ लोग तो यह कहते सुने गए कि लगता है कि प्रशासन कुछ मौतों के बाद अलाव जलवाएगा। 


इंटर तक के स्कूल 4 जनवरी तक बंद


   जौनपुर। शीत लहर के कहर को देखते हुए जिले के इंटर मीडिएट तक की सभी शिक्षण संस्थाएं प्रदेश सरकार के आदेश पर आगामी चार जनवरी तक के लिए बंद कर दी गई हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्राइमरी और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को बंद रखने का आदेश निर्गत किया। सायंकाल जिला विद्यालय निरीक्षक ने सायंकाल समस्त बोर्ड आईसीएसई, सीबीएसई, यूपी बोर्ड, संस्कृत बोर्ड, मदरसा बोर्ड एवं अन्य द्वारा संचालित माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को शीत लहर के कहर को देखते हुए चार जनवरी तक कक्षाएं संचालित न किए जाने का आदेश जारी किया। इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया गया है। 

मोदी-योगी सरकार ने जनता को छला: लाल बहादुर


नव नियुक्त सपा जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता में कहा अखिलेश जैसा कोई नेता नहीं
   जौनपुर। समाजवादी पार्टी के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जैसा कोई दूसरा नेता भारतीय राजनीति में नहीं है। किसी भी पार्टी की लोकप्रियता नेता, नीति और नीयत से होती है। यह सब समाजवादी पार्टी के पास है। वह शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
   उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। जनता को बहका कर भाजपा देश और प्रदेश में सत्ता में आ गई। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है। आज जनता खुद को ठगी महसूस कर रही है। नोटबंदी से कहां काला धन बाहर आया। करोड़ों गरीबों के बैंक खाते खोलवा दिए गए किसी भी एक व्यक्ति के खाते में पंद्रह लाख रुपये नहीं भेजे गए। भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर सपा जीत दर्ज करेगी। स्थानीय नगर निकाय चुनाव में जिले में हुए भितरघात के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। जो बीत गया सो बीत गया। मैं सभी वरिष्ठ और कनिष्ठ लोगों को साथ लेकर जिले में पार्टी को मजबूत बनाउंगा। पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से जन-जन को ïअवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जब-जब सत्ता में आई है तो उसने बिना किसी भेदभाव के हर जाति और धर्म के लोगों के कल्याण के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि सभी से विचार-विमर्श कर वह जल्द ही जिला कार्यकारिणी का गठन करेंगे। हमारी पहली प्राथमिकता वोटर लिस्ट को दुरुस्त कराना है। इसके लिए पार्टी स्तर से बीएलओ नियुक्त किए जाएंगे। प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राज नारायण बिंद, डा. अवध नाथ पाल, पूनम मौर्या, हिसामुद्दीन, सुशील दुबे, राजेश यादव, गौरी सोनकर आदि मौजूद रहे।

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात