BREAKING NEWS
Showing posts with label up. Show all posts
Showing posts with label up. Show all posts

Thursday, 28 December 2017

मांगें न मानीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शीघ्र


लेखपाल संघ की वाराणसी मंडल समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने दी चेतावनी
   जौनपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के अध्यक्ष राम मूरत यादव ने प्रदेश सरकार को आगाह किया है कि यदि उसने लेखपालों की मांगों के संबंध में शीघ्र शासनादेश जारी नहीं किया तो संघ जल्द ही प्रदेशव्यापी बड़े आंदोलन की घोषणा कर देगा। वह गुरुवार को सदर तहसील मुख्यालय परिसर में वाराणसी मंडल की समीक्षा को संबोधित कर रहे थे।
 
   उन्होंने कहा कि संगठन ग्रेड पे 2800 कराने, पदोन्नति और लैपटॉप दिलाने तथा लेखपालों का पद नाम राजस्व उप निरीक्षक कराने के लिए कृत संकल्प है। इसके लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। प्रदेश महामंत्री ब्रजेश श्रीवास्तव ने मांगों के संबंध में शासन व परिषद से हुई वार्ता और प्रगति की जानकारी दी। इससे पूर्व संगठन के जिलाध्यक्ष लालचंद श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए लेखपालों का ग्रेड पे-2800 किए जाने का मुद्दा उठाया। जिला मंत्री राम प्रताप सिंह ने समय से पदोन्नति दिए जाने पर जोर दिया। सदर तहसील इकाई के अध्यक्ष कृष्णानंद पांडेय ने खतौनी के अंश निर्धारण में आ रही समस्याओं को उठाया। जिला इकाई ने प्रदेश एवं मंडल से आए पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न एवं शॉल देकर सम्मानित किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राम पूजन, संगठन मंत्री मनोज त्रिपाठी, विनोद कुमार राय, आडीटर भूपेंद्र सिंह, खंड मंत्री शमशेर यादव, तहसील इकाइयों के अध्यक्ष दूधनाथ (शाहगंज), राम नारायण यादव (बदलापुर), संजय कुमार (मडिय़ाहूं), जय शंकर (मछलीशहर), प्रलय शंकर यादव (केराकत) भी मौजूद रहे। बैठक का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

Friday, 22 December 2017

हजारों मुसलमान अमेरिका के खिलाफ सड़क पर उतरे


 
बाद नमाज जुमा जुलूस निकाल कर कोतवाली चौराहा पर किया प्रदर्शन 
सभामें मुस्लिम धर्मगुरु बोले, हर कीमत पर लेकर रहेंगे मस्जिद-ए-अक्सा
   जौनपुर। यरुशलम को इसराइल की राजधानी घोषित करने के अमेरिका के फैसले से मुसलमान भड़क उठे हैं। शुक्रवार को जमाज-ए-जुमा के बाद हजारों की तादाद में मुसलमान शहर के अति व्यस्त कोतवाली चौराहा पर जुट गए। उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए एहतेजाजी जलसा किया। कहा कि मस्जिद-ए-अक्शा मुसलमान हर कीमत पर लेकर रहेंगे। उन्होंने राष्ट्रपति और प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन की प्रति जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में आए सिटी मजिस्टे्रट को सौंपा।
 
  पूर्व निर्धारित विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम के तहत जुमा की नमाज के बाद अटाला मसजिद, बड़ी मसजिद  और शिया जामा मसजिद सहित विभिन्न मसजिदों से हजारों की संख्या में मुसलमान अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली चौराहा पर पहुंचे। प्रदर्शनकारी अपने हाथों में अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ नारे लिखे तख्तियां लिए हुए थे। प्रदर्शन के दौरान हुई सभा में संयोजक अनवारुल हक गुड्डू ने कहा कि यरूशलम का पूरा हिस्सा फलीस्तीनियों का है। उसी जगह मुस्लिमों का पहला किब्ला मस्जिद-ए-अक्सा है जबकि अमेरिका व यहूदियों की पालिसी रही है कि मुस्लिमों को नीचा दिखाने के साथ ही उन्हें नुकसान पहुंचाया जाए। पूर्व विधायक हाजी अफजाल अहमद, मुसलिम धर्मगुरुओं मौलाना महफूजुल हसन खां, मौलाना सफदर हुसैन जैदी, मौलाना तौफीक, अहमद कासमी, मौलाना मोहिउद्दीन, अहमद जाफरी, मौलाना मुर्तजा मदनी, मौलाना क्यामुद्दीन, मौलाना आफाक, कारी जिया जौनपुरी ने कहा कि अमेरिकी राष्टï्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के इस कदम से पूरी दुनिया के मुसलमानों में गम व गुस्से का माहौल है। हर तरफ अमेरिका की इस पालिसी के विरोध में लोग सड़क पर उतर गए हैं। अमेरिका का यह फैसला दुनिया के तमाम मुसलमानों व संयुक्त राष्टï्र की अवहेलना है। बैतुल मुकद्दस से दुनिया के हर मुसलमानों का दीनी व शरई रिश्ता है। जुलूस में शामिल लोग मस्जिदे अक्सा जिन्दाबाद, किब्ला-ए-अव्वल जिन्दाबाद, इजराइल मुर्दाबाद, अमेरिका मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए चल रहे थे। राष्ट्रपति और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन की प्रति सभा के बाद जिलाधिकारीेे प्रतिनिधि के रूप में आए सिटी मजिस्टे्रट इंद्र भूषण वर्मा को सौंपा। इसमें मांग की गई है कि भारत पूर्व की भांति फलस्तीन से रिश्ते बेहतर करे और इजराइल से सारे सम्बन्ध समाप्त कर दे। उसके दूतावास को भी बंद कर दे। भारत यरुशलम को तुरंत फिलिस्तीन की राजधानी घोषित करे और अन्तर्राष्टï्रीय स्तर पर अमेरिका की पालिसी की कड़े शब्दों में निन्दा करे। कूटनीति का सहारा लेते हुए अमेरिका पर यह दबाव डाला जाय कि वह अपनी पालिसी में बदलाव लाये और अपने फैसले रद्द करे। भारत सरकार अन्तर्राष्टï्रीय मानवाधिकार आयोग पर दबाव डाले कि इजराइल द्वारा फिलिस्तीन पर दमनात्मक रवैया बन्द करे। जुलूस में डा. शकील अहमद, मेंहदी रजा एडवोकेट, डा. हसीन, असलम शेर खां, अलीम सिद्दीकी, साजिद अलीम, मसूद मेंहदी, इरशाद खां, बादशाह, फिरोज अहमद, कमालुद्दीन अंसारी, इरशाद मंसूरी, सदफ, डा. शमीम, मजहर आसिफ, शकील मंसूरी, हफीज शाह, डा. अर्शी नवाज, एजाज अहमद, आदिल सिद्दीकी, शहजादे खां, मो. साकिब, डा. राहिल, तहसीन शाहिद, अनवार आब्दी, मो. रजा, अनीस अहमद, रेयाज, ताहिर शेखू, अन्सार इदरीसी आदि शामिल रहे। इसी क्रम में बैतुल मुक्कदस की बहाली व अमेरिका द्वारा येरुशलम को राजधानी बनाये जाने के विरोध में शिया समुदाय के महा संगठन आजादारी काउंसिल के यूथ फ्रंट के अध्यक्ष तालिब रजा शकील व एमएम हीरा के नेतृत्व में शाही पुल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प का पुतला दहन किया। जहां अमेरिका हाय-हाय व इजराइल मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। जुलूस में मौलाना आबिद रजा, मौलाना नजफ, एएम डेजी, असलम नकवी, तहसीन अब्बास सोनी आदि उपस्थित रहे। विरोध प्रदर्शन के दौरान शहर कोतवाल शशि भूषण राय सहयोगियों के साथ शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे रहे।

Thursday, 21 December 2017

जफराबाद में बनेगा अत्याधुनिक मछली मॉल

केंद्र ने राज्य सरकार से मांगी एक एकड़ जमीन, ढाई करोड़ रुपये आएगी लागत
पूर्वांचलमें पहला होगा सांसद राम चरित्र की पहल पर बनने वाला मछली बाजार  
   जौनपुर।  मछलीशहर के सांसद राम चरित्र निषाद की पहल रंग लाई। केंद्र सरकार जफराबाद में मार्डन हाईजिनिक मत्स्य बिक्री मॉल बनवाएगी। एक एकड़ भू भाग में बनने वाले इस मॉल पर ढाई करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह घोषणा गुरुवार को जौनपुर दौरे पर आए भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के अंतर्गत एनीमल हसवेंड्री विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर शरत कुमार रथ ने की।
 
 इससे पहले शरत कुमार रथ ने नगर पंचायत क्षेत्र जफराबाद में जाकर मछली विक्रेताओं से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनीं। उनके साथ विभाग के वाराणसी और जौनपुर के अधिकारी भी रहे। उन्होंने मार्डन हाईजिनिक मछली मॉल बनाए जाने की घोषणा की। कहा कि इसके लिए जमीन उत्तर प्रदेश सरकार को उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने जमीन उपलब्ध कराने के लिए तहसीलदार से वार्ता भी की। तहसीलदार ने जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराने का वादा किया। सांसद प्रतिनिधि डा. विजय चंद पटेल ने कहा कि सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह मछली मॉल न सिर्फ वाराणसी मंडल बल्कि पूूर्वांचल में अपनी तरह का पहला होगा। इससे जहां मछली विक्रेताओं को काफी सहूलियत होगी वहीं जनता को साफ-सफाई से सेहत के लिए फायदेमंद मछलियां एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी। इस मौके पर बब्बू पाठक, जगदीश निषाद, सुदर्शन निषाद आदि मौजूद रहे।

Monday, 11 December 2017

लुटेरों ने की अंधाधुंध फायरिंग, व्यापारी की मौत


दो अन्य गंभीर घायल, मुंगराबादशाहपुर में बीमा कलेक्शन सेंटर में दिनदहाड़े लूटपाट
ग्रामीणोंने घेर कर दोनों लुटेरों को पीटकर किया अधमरा, पल्सर मोटर साइकिल फूंकी 
   मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। नगर के नई बाजार मोहल्ला स्थित सुजानगंज तिराहा सोमवार को दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। भारतीय जीवन बीमा निगम के प्रीमियम कलेक्शन सेंटर में लूटपाट कर भाग रहे बदमाशों ने प्रतिरोध किए जाने पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं जिससे एक युवा व्यापारी की मौत हो गई और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने अदम्य साहस का प्रदर्शन करते हुए दो लुटेरों को धर दबोचा। उनकी पल्सर बाइक आग के हवाले कर दी और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सिपुर्द कर दिया। बुरी तरह से घायल दोनों बदमाशों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
   भारतीय जीवन बीमा निगम के अभिकर्ता रामनगर (जयपालपुर) निवासी कृष्ण कुमार शुक्ल ने नई बाजार मोहल्ला स्थित सुजानगंज तिराहे के निकट बीमा प्रीमियम कलेक्शन सेंटर खोल रखा है। सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे पल्सर बाइक सवार दो असलहाधारी बदमाश सेंटर पर धमक पड़े। उस समय सेंटर पर कृष्ण कुमार शुक्ल का पुत्र संदीप शुक्ल (30) बैठा था। बदमाशों ने असलहा सटा कर उसे आतंकित करते हुए रुपये से भरा बैग लूट लिया और भागने लगे। उसके शोर मचाने पर तिराहे पर मौजूद ग्रामीणों ने लुटेरों को ललकारते हुए दौड़ा लिया। खुद को घिरता देख लुटेरे अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे। पीछा कर रहे ग्रामीणों में से एक विनय त्रिपाठी (32) पुत्र यशवन्त त्रिपाठी के सीने में गोलियां लगीं और वह लहूलुहान होकर गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सन्दीप शुक्ल के दाहिने कन्धे और पंवारा थाना क्षेत्र के भसोंट गांव निवासी राकेश मौर्य (50) पुत्र गंगा प्रसाद के जाँघ में गोली लग गई। वह दोनों भी घायल होकर धराशाई हो गए। बावजूद इसके ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दोनों लुटेरों को बाइक सहित धर दबोचा। क्रोधित ग्रामीणों ने उनकी पल्सर बाइक फूंक दी और दोनों की पिटाई कर उन्हें अधमरा कर दिया। पकड़े गए बदमाशों में एक राहुल उपाध्याय (26) पुत्र दिवाकर उपाध्याय ग्राम आधारपुर थाना अंतू और दूसरा विनय उपाध्याय (25) पुत्र अखिलेश उपाध्याय निवासी किशुनगंज प्रतापगढ़ हैं। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
   खबर लगते ही थानाध्यक्ष केके मिश्र सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौके की नजाकत को देखते हुए आस-पास के अन्य थानों की भी पुलिस बुला ली। बुरी तरह से घायल दोनों बदमाशों को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर पंचनामा के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, बदमाशों की गोली से घायल दोनों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किए जाने पर परिजन बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल की बजाय इलाहाबाद लेकर चले गए। नगर के भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज और दुस्साहसिक वारदात से लोग खास तौर पर व्यापारी तबका दहल उठा है।

Sunday, 10 December 2017

जेब्रा के मंडप में 58 जोड़े बने जीवन साथी



शहर में निकली अद्भुत महा बारात, देखने को उमड़ी भीड़ 
   जौनपुर। शहर में रविवार को महाबारात निकली। इसे वर-यात्रा की बजाय दूल्हों का काफिला कहना ज्यादा उचित होगा। जौनपुरवासियों के लिए यह दृश्य अद्भुत और चिरस्मरणीय बन गया। मौका था जिले की अग्रणी सामाजिक एवं रचनात्मक संस्था जेब्रा...आशा की ज्योति द्वारा हर तीसरे साल आयोजित होने वाले दहेज रहित सामूहिक विवाह का। गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बना आयोजन स्थल मोहम्मद हसन इंटर कालेज का मैदान। 56 हिन्दू जोड़े अग्नि को साक्षी मान कर सात फेरे लेने तो दो मुसलिम जोड़े निकाह के बाद पवित्र रिश्ते की डोर में बंध कर सात जनम के साथी बन गए। नव दंपतियों को आशीर्वाद देने के लिए सूबे के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद रहे।
   ऐसी बारात जौनपुरवासियों ने पहले कभी नहीं देखी थी। सद्भावना पुल स्थित नव दुर्गा शिव मंदिर स्थल से 58 दूल्हों की महाबारात पूरे आन-बान-शान से निकली। इसमें दो आकर्षक ढंग से सजी बग्घियां, घोड़े, डीजे और बंैड-बाजे शामिल थे। आगे-आगे आतिशबाज पटाखे दागते चल रहे थे। दूल्हे फूलों से सजे वाहनों में सवार थे। ब्रह्मा, विष्णु, महेश के रूप में चल रहे बालक भी आकर्षक का केंद्र रहे। वर-यात्रा ओलंदगंज, शाही पुल, कसेरी बाजार, हरलालका रोड, कोतवाली चौराहा, नवाब युसुफ रोड होते हुए मोहम्मद हसन इंटर कालेज के मैदान पहुंची। पूरे रास्ते में बारात को देखने के लिए सड़क की पटरियों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रास्ते में इंदिरा मार्केट में बोल बम कांवरिया संघ तो टैगोर नगर (उर्दू बाजार चौराहा) पर नवयुग संस्था द्वारा बारातियों को जलपान कराया गया। आयोजन स्थल पर जेब्रा परिवार की महिलाओं ने तिलक एवं पुष्प भेंट कर दूल्हों का स्वागत करने के साथ ही उन्हें निर्धारित स्थान पर आसन ग्रहण कराया। इसके बाद सतरंगी सपने संजोए सोलह श्रृंगार किए दुलहनों को लाकर मंडप में बैठाया। दूल्हे और दुलहनों के मंचासीन होने के बाद योगी रामजनम ने शंखनाद किया। हिन्दू मतावलंबी दुल्हनों ने वर माला तो दूल्हों ने जयमाल डाला। पूरा परिसर हर हर महादेव के  घोष से गूंज उठा। जेब्रा अध्यक्ष संजय कुमार सेठ ने संस्था के उद्देश्य और कार्यों की जानकारी दी। राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव और अन्य अतिथियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया।  56 हिंदू जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार राज नारायण शास्त्री राजगुरु, डा. रजनीकांत द्विवेदी और अन्य ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। अग्नि को साक्षी मान कर दुल्हनों-दूल्हों ने सात फेरे लिए। सिंदूरदान, लावा परछाई के बाद जेब्रा परिवार की और अन्य महिला सहयोगियों ने कन्या दान की रस्म निभाई। वर व कन्या पक्ष के लोगों के लिए संस्था द्वारा स्वादिष्ट भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।
संस्था और सहयोगी बंधुओं की ओर से नव दंपतियों को उपहार दिए गए। आयोजन स्थल से ही सायंकाल दुलहनें विदा होकर पिया के घर के लिए प्रस्थान कर गईं। जेब्रा अध्यक्ष संजय कुमार सेठ ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर उपस्थित होकर वर-वधुओं को आशीर्वाद देने वालों में पूर्व विधान सभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर, मडिय़ाहूं की विधायक लीना तिवारी, नगर पालिका परिषद की नव निर्वाचित अध्यक्ष माया टंडन, पूर्व अध्यक्ष दिनेश टंडन, संपादक कैलाश नाथ, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदू, भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष श्याम मोहन अग्रवाल, कर्मचारी नेता राकेश श्रीवास्तव, किरन श्रीवास्तव, पंकज जायसवाल, बसपा नेता राम नारायण सेठ मामा, राधे रमण जायसवाल, मनीष सेठी, संजय उपाध्याय, कामरेड जय प्रकाश सिंह, सभासद अंजू पाठक, जेसीज अध्यक्ष आलोक सेठ आदि प्रमुख रहे। संचालन सुशील वर्मा ने किया।



इनका हुआ निकाह
   जौनपुर। जेब्रा के दहेज रहित सामूहिक विवाह में दो मुसलिम जोड़े पूरी रवायत के मुताबिक शरीके  हयात हो गए। अफसाना निशा पुत्री मोहम्मद मुल्ला खान निवासी राजा साहब पोखरा, उत्तरी वाजिदपुर की मोहम्मद फहद अंसारी पुत्र मरहूम शमीम निवासी जनौर रोड, मेवातीपुरा फैजाबाद और सुसनम पुत्री बुद्धू निवासी नूर खां कुआं, धरनीधरपुर की शादी सिराज पुत्र अली जान ग्राम दिलावरपुर, मडिय़ाहूं के साथ हुई। शेर वाली मसजिद शाही पुल के पेश-ए-इमाम कारी जिया ने मुसलिम रीति-रिवाज से उनका निकाह कराया। 

मिले यह उपहार 
   जौनपुर। जिले की अग्रणी सामाजिक एवं रचनात्मक संस्था जेब्रा ने दहेज रहित सामूहिक विवाह में जीवन साथी बने 58 जोड़ों को उपहार स्वरूप आभूषणों के अलावा दैनिक और गृहस्थोपयोगी उपहार दिए। इनमें दुल्हनों को सोने की नथिया, चांदी का मांगटीका, मंगलसूत्र, एरिंग, पायल-बिछिया, अंगूठी, सौंदर्य प्रसाधन, चुनरी, दो साड़ी सेट, शॉल, स्वेटर, दूल्हों को कलाई घड़ी, दो सेट कपड़े, कन्हावर, चांदी की अंगूठी और चेन है। गृहस्थी के लिए गैस चूल्हा और छोटा सिलेंडर, बर्तन सेट, दीवार घड़ी, फोल्ंिडग चारपाई, कंबल, गद्दा, तकिया, बेडशीट, बाक्स, सिलाई मशीन, कुकर था। पड़ोसियों और नात-रिश्तेदारों को बांटने के लिए बैना भी दिया गया। 

गजब की दिखी लगन
   जौनपुर। जेब्रा द्वारा आयोजित दहेज रहित सामूहिक विवाह में संगठन से जुड़े लोगों ने ऐसी लगन दिखाई जैसे उनके अपने बेटे-बेटी, भाई-बहन की शादी हो। संगठन ने जिसे जो जिम्मेदारी थी वह उसे निभाने में पूरी तरह तल्लीन दिखा। वर यात्रा प्रभारी शशांक सिंह रानू, शरत कुमार पटेल के अलावा सूर्य प्रकाश जायसवाल, श्याम मोहन अग्रवाल, विजयंत सोंथालिया, जय प्रकाश जायसवाल, डा. विमला सिंह, नीलू सेठ, डा. अंजू सेठ, सोनिका श्रीवास्तव, राजन, सचिन अग्रवाल, अमरनाथ सेठ राजू, रवींद्र, वीरेंद्र, सूरज सोनी, सुधीर, अमित, अभिषेक, अचल, अर्जुन, आशीष आदि अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन में पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। 

Thursday, 7 December 2017

बिजली दर वृद्धि के खिलाफ सपा का धरना-प्रदर्शन



भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों से जनता परेशान: ललई यादव 
   जौनपुर। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने बिजली दर बढ़ाए जाने के विरोध में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। धरना के दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने नोटबंदी, जीएसटी और महंगाई के लिए भी केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को जी भर कोसा। धरना के पश्चात राज्यपाल को संबोधित  ज्ञापन की प्रति जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के तौर पर आए एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को सौंपा।
 
पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुुसार राज्यव्यापी आंदोलन के क्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक राज नारायण बिंद के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ता कलक्टरेट परिसर में एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और वहीं धरना पर बैठ गए। धरना के दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए पूर्व ऊर्जा राज्य मंत्री और शाहगंज के विधायक शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों, नोटबंदी, जीएसटी से जनता बुरी तरह परेशान है। महंगाई सुरसा की मुंह की तरह बढ़ती जा रही है। हाल ही में संपन्न हुए स्थानीय नगर निकाय चुनाव के बाद बिजली के दर में भारी बढ़ोत्तरी से जनता खास तौर पर किसानों की तो कमर ही टूट गई है। इसे सरकार को तत्काल वापस लेना चाहिए। सभा को पूर्व सांसद तूफानी सरोज, पूर्व मंत्री विधायक जगदीश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, पूर्व अध्यक्ष डा. अवधनाथ पाल, पूनम मौर्या, जिला उपाध्यक्ष हिसामुद्दीन शाह, सदर विधान सभा इकाई अध्यक्ष गजराज यादव, नगर अध्यक्ष डा. हसीन,  संजय सरोज, पूर्व प्रदेश सचिव आरिफ हबीब आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक राज नारायण बिंद और संचालन जिला महासचिव श्याम बहादुर पाल ने किया।
धरना स्थल पर आए जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें कहा गया है कि भाजपा सरकार की कुनीतियों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पॉवर कारपोरेशन भ्रष्टाचार का शिकार हो गया है। चेतावनी दी गई है कि बिजली दरों में वृद्धि के प्रस्ताव को तत्काल वापस नहीं लिया गया तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतर कर संघर्ष करने के लिए मजबूर होगी। धरना पर बैठने वालों में संतोष कुमार मौर्य मुन्ना, डा. लक्ष्मीकांत यादव, सभासद दीपक जायसवाल, कमालुद्दीन अंसारी, मो. शकील माज, शकील मंसूरी, महेंद्र प्रसाद यादव, अनवारुल हक खां गुड्डू, अनिल दुबे, दीपक गोस्वामी, रजनीश मिश्र, निजामुद्दीन अंसारी, राजेश यादव, सुशील कुमार श्रीवास्तव, अशफाक अहमद मंसूरी, इरफान मंसूरी, रमा शंकर यादव आदि प्रमुख रहे।

Saturday, 2 December 2017

आटो रिक्शा चालक की नृशंस हत्या



सूखी नहरमें फेंकी गई लाश मिलनेसे सनसनी
नेवढिय़ा थाना के कादीपुर गांव में हुई वारदात
   नेवढिय़ा (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के कादीपुर दरगाह के पास सूखी नहर में शनिवार की सुबह अधेड़ की हत्या कर फेंकी गई लाश दिखाई पडऩे से सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त हो गई। वह पेशे से आटो रिक्शा चालक था। उसके भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात कातिलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुुरु कर दी है। पुलिस ने खोजी कुत्ते की भी मदद ली लेकिन वह कोई खास सुराग नहीं दे सका। हत्या का कारण साफ नहीं हो सका है।
   कादीपुर गांव के कुछ लोग सवेरे छह बजे नहर के पास शौच के लिए गए थे। सूखी नहर में अधेड़ की लाश देख उनकी घिघ्घी बंध गई। उसके सिर में गहरे घाव थे और गले पर रस्सी से कसे का निशान था। हल्ला मचते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। नहर के पास ही उसका आटो रिक्शा खड़ा था। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर शराब की खाली शीशी, गांजा पीने का चिलम, लोहे का रॉड और रस्सी का टुकड़ा पड़ा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि लोहे के राड से ही उसके सिर पर चोट किए गए थे और रस्सी का इस्तेमाल गला घोंटने में किया गया था। सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस को तलाशी के दौरान उसकी जेब से मोबाइल फोन मिला लेकिन उसमें लगा सिम कार्ड नदारद था। जेब से मिले मतदाता पहचान पत्र और बैंक पासबुक से उसकी शिनाख्त हो गई। मृत महेंद्र प्रसाद पटेल (40) पुत्र बृजराज पटेल इसी थाना क्षेत्र के मुंशीपुर (कुत्तूपुर) पडऱांव का रहने वाला था। थानाध्यक्ष रुद्रभान पांडेय की सूचना पर मृतक के परिजन भी आ गए। इसी बीच सीओ मडिय़ाहूं राम भवन यादव भी मौके पर पहुंच गए। परिजन के अनुसार महेंद्र प्रसाद पटेल मडिय़ाहूं-इटाएं मार्ग पर आटो रिक्शा चलाता था। शुक्रवार की शाम को वह घर से आटो रिक्शा लेकर निकला था। रात में नहीं लौटा तो परिजन ने गंभीरता से नहीं लिया क्यों कि यदा-कदा वह बुकिंग मिल जाने पर घर नहीं आता था। परिजन ने सोचा कि कहीं भाड़े पर आटो रिक्शा लेकर गया होगा। सुबह लाश मिलने पर घर मेें कोहराम मच गया। खबर मिलने पर पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने भी पूर्वाह्न आकर घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मृतक के परिजन से पूछताछ की। परिजन ने किसी से भी किसी तरह की रंजिश होने से इनकार किया। हत्या किसने और क्यों की यही सबसे बड़ी पहेली बन गई है। मृत आटो चालक के छोटे भाई सुरेंद्र पटेल की तहरीर पर पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। छानबीन में मदद के लिए पुलिस ने खोजी कुत्ता बुलवाया। खोजी कुत्ता बुलाया। पास में पड़े एक चप्पल को सूंघने के बाद कुत्ता घटनास्थल से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर स्थित मदरसा के पास जाकर रूक गया। अंदेशा जताया जा रहा है कि चप्पल कातिलों में से किसी एक की हो सकती है। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।


कॉल डिटेल से कातिलों तक पहुंच सकती है पुलिस
   नेवढिय़ा (जौनपुर)। महेंद्र पटेल के कातिलों तक पहुंचना पुलिस के लिए कोई बहुत मुश्किल नहीं है। इतना तो तय है कि उसकी हत्या किसी पूर्व परिचित ने की है। मौत के घाट उतारने के बाद उसके मोबाइल फोन से कातिलों के सिम कार्ड निकालने से तो यही लगता है। कातिलों ने भले ही चालाकी दिखाते हुए सिम कार्ड निकाल लिया हो लेकिन तो भी पुलिस उन तक पहुंच सकती है। सिम कार्ड निकालने से तो एक बात पूरी तरह साफ हो जाती है कि कातिलों को डर था कि पुलिस सिम कार्ड के जरिए उन्हें दबोच सकती है। पुलिस यदि मृतक की कॉल डिटेल निकालती है तो साफ हो जाएगा कि आखिरी बार उसकी किससे बात हुई थी। हो सकता है कि मोबाइल पर कॉल कर उसे बुलाने के बाद सुनियोजित ढंग से हत्या की गई हो। 

Friday, 1 December 2017

पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई गए जेल


खुटहन उपद्रव मामले में किया सरेंडर, कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका 
जौनपुर। खुटहन उपद्रव में शुक्रवार को विधायक शैलेंद्र उर्फ ललई यादव को अंतत: जेल जाना पड़ा। हाईकोर्ट के अंतरिम जमानत संबंधी दिशा निर्देश का हवाला देते हुए एसीजेएम चतुर्थ के न्यायालय में आत्मसमर्पण किए। जमानत निरस्त होने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम अजय त्यागी की अदालत में अंतरिम जमानत प्रार्थना पत्र दिया। किसी पुलिस कर्मी को आग्नेयास्त्र की चोट न होने, आग्नेयास्त्र की बरामदगी न होने एवं राजनीतिक विद्वेषवश फंसाए जाने का उनके अधिवक्ताओं ने हवाला दिया।
कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए अंतरिम जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया। नियमित जमानत की सुनवाई के लिए 4 दिसंबर तिथि नियत किया। सुनवाई के दौरान विधायक पारसनाथ यादव, जगदीश सोनकर, लालबहादुर यादव, राजनाथ यादव व अन्य नेता व समर्थक मौजूद थे। बवाल की आशंका के मद्देनजर काफी संख्या में पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। प्रथम मामले में थानाध्यक्ष खुटहन ने धनंजय, ललई, प्रिंशू समेत 11 नामजद व 150 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया था कि 6 नवंबर को खुटहन ब्लाक प्रमुख अविश्वास प्रस्ताव के लिए वोटिंग के दौरान आरोपियों ने समर्थकों के साथ रास्ता अवरुद्ध किया और  वाहनों पर पथराव किया। जमकर हवाई फायरिंग व तोडफ़ोड़ किया। सांसद हरिवंश के काफिले की स्कार्पियो फूंक दिया। द्वितीय मामले में महिला थाना की थानाध्यक्ष तारावती ने प्राथमिकी दर्ज कराया था कि 6 नवंबर 2017 को खुटहन ब्लाक प्रमुख अविश्वास प्रस्ताव में वह हमराहियों के साथ ड्यूटी पर ब्लाक जा रही थी। ब्लाक से पहले पचास-साठ लोग गाड़ी रोक दिए। विधायक ललई ने उनका हाथ पकड़ा तथा हमराहियों से दुर्व्यवहार किए। घटना की रिकार्डिंग कर रही पुलिस कर्मी शीला यादव का मोबाइल तथा गाड़ी की चाबी जबरन छीन लिए। उसने ब्लाक कैंपस में भाग कर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने कार्य में व्यवधान डाला। दोनों मामलों में एफआईआर निरस्त करने की मांग को लेकर विधायक हाईकोर्ट गए। हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि 30 दिन के भीतर लोअर कोर्ट में उपस्थित होकर जमानत प्रार्थना पत्र देने पर अदालत घटना की गंभीरता को देखते हुए उसका त्वरित निस्तारण करेगी। अब सोमवार को जिला अदालत में ही नियमित जमानत पर  सुनवाई होगी।

Monday, 27 November 2017

भाजपा जीती को नगर निकायों का होगा विकास: केशव



चुनावी सभाओं में कहा, खोल दिया जाएगा सरकारी खजाना 
   जौनपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने सोमवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मछलीशहर और जौनपुर में सभाओं को संबोधित कर भाजपा के पक्ष में फिजा बनाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के जीतने पर सरकार स्थानीय नगर निकायों के विकास के लिए खजाना खोल देगी।
   नगर पालिका जौनपुर की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी किरन श्रीवास्तव के पक्ष मेें मोहम्मद हसन इंटर कालेज के मैदान में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका क्षेत्र का ऐसा विकास किया जाएगा कि महानगरों में रहने वाले लोग भी यही रहना पसंद करेंगे। सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुये कहा कि इन तीनों पार्टियों के पास कोई एजेण्डा नहीं रह गया है। ये तिकड़ी केवल दुनिया के सबसे मजबूत नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पीछे करने की कोशिश में लगी है। उन्होंने भू-माफियाओं द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर खड़ी की गई इमारतों पर पर सरकार बुलडोजर चलवाने में तनिक भी नहीं हिचकेगी। यदि गरीब आदमी किसी प्रकार से सरकारी जमीन पर काबिज है तो उसको हटाने से पहले सरकार उसके लिए घर का इंतजाम करेगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में अपराधियों के हौंसले बुलंद थे। पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करने से हिचकती थी। योगी राज में पुलिस अपराधियों को गोली का जवाब गोली से दे रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाते हुये कहा कि उन्हीं की बदौलत आज केंद्र और प्रदेश में पार्टी की सरकार है। अधिकारी कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ वे जो भी जनसमस्या लेकर उनकेपास जाएं उसका निस्तारण शीघ्र करें। इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव,भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी, पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष ईश्वर देव सिंह, हरिश्चन्द्र सिंह, श्याम मोहन अग्रवाल, राजेश श्रीवास्तव, संजय पाठक, आशीष गुप्त, संतोष त्रिपाठी, नीरज सिंह, सुशील मिश्र, क्षेत्रीय मंत्री रामचन्द्र मिश्र, डा. एसपी सिंह, शैल साहू, रामसिंह मौर्य, सूर्य प्रकाश जायसवाल, सुनील सेठ आदि मौजूद रहे। सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय व संचालन सुरेन्द्र जायसवाल ने किया। भाजपा प्रत्याशी किरन श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।
   मछलीशहर संवाददाता के अनुसार नगर के फौजदार इंटर मीडिएट कालेज में चुनावी सभा में साढ़े तीन घण्टे विलम्ब से पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने नगर वासियों से भाजपा की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रेखा जायसवाल एवं पार्टी के सभी सभासद पदों के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की। कहा कि नगर में आप भाजपा की सरकार बनायें, विकास की गंगा बहा दी जाएगी। उन्होंने कहा देश व प्रदेश के  साथ नगर पंचायत मछलीशहर का भी तभी विकास होगा जब यहां भाजपा का अध्यक्ष होगा। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक विक्रमादित्य मौर्य के संबोधन से हुई। कार्यक्रम का संचालन बसंत जायसवाल ने किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता राकेश जायसवाल, सुरेन्द्र विक्रम सिंह, संतोष जायसवाल, शत्रुघ्न जायसवाल, राजकुमार पटवा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Saturday, 25 November 2017

अंतर्जनपदीय वाहन गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 9 बाइक बरामद



गिरोह का सरगना भागने में सफल, सरपतहा थाना पुलिस को मिली कामयाबी
   जौनपुर। सरपतहा थाना पुलिस ने अंतर जनपदीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की 9 मोटर साइकिलें बरामद की हैं। गिरोह का सरगना भागने में सफल हो गया। पुलिस उसकी सरगर्मी ेतलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया।
   स्थानीय नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक केके चौधरी के निर्देश पर जिले में अपराधियों की धर-पकड़ का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सायंकाल थानाध्यक्ष सरपतहा अरविंद कुमार पांंडेय सहयोगियों के साथ ईशापुर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि अंतर्जनपदीय वाहन चोरों का गिरोह चोरी की गई मोटर साइकिलों को बेचने के लिए भेला जाने वाला है। इस पर पुलिस दल घेराबंदी कर गिरोह का इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद दो मोटर साइकिलों पर पांच संदिग्ध युवक आते दिखे। रुकने का संकेत देने पर वे बाइक मोड़ कर जिधर से आए थे, उधर ही भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर चार को धर दबोचा लेकिन एक भागने में सफल हो गया। मांगे जाने पर वे वाहनों के कागजात दिखा नहीं सके। सख्ती से पूछताछ किए जाने पर कुबूल किया कि मोटर साइकिलें चोरी की हंै। हीरो सुपर स्प्लेंडर एनएक्सजी सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर और हीरो पैशन प्रो खुटहन थाना क्षेत्र से चोरी करने की बात स्वीकारी। पकड़े गए आरोपियों में निरंजन निवासी गांव भेला, अरविंद कुमार वनवासी उर्फ बिहारी, सूरज सिंह एवं पिंटू वनवासी उर्फ भिंडी निवासी गांव लौदा थाना सरपतहा हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भागने में सफल शिव शंकर निवासी गांव भेला थाना सरपतहा गिरोह का सरगना है। शिव शंकर और निरंजन जौनपुर और पास-पड़ोस के अन्य जिलों से बाइक चोरी करते थे। अरविंद, पिंटू और सूरज चोरी के वाहनों की निगरानी करते और घर में छिपा कर रखते थे। चोरी किए गए वाहनों को ग्राहक खोज कर औने-पौने दाम में बेच देते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दबिश देकर चोरी की सात और मोटर साइकिलें बरामद कीं। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के अलावा एचसीपी जगदीश यादव, कांस्टेबलगण लाल बहादुर यादव, अजय कुमार, बेबी लाल बघेल, लल्लन, विपिन भारती, भानु प्रताप रहे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया।

.
बरामद हुए वाहन
   सुईंथाकला (जौनपुर)। पुलिस के हत्थे चढ़े अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के पास से बरामद हुई चोरी की नौ मोटर साइकिलों का विवरण इस प्रकार है। खुटहन थाना क्षेत्र से चोरी की गई बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्रो इंजन नंबर एचए 10 ईआरएफएचए 46564 चेसिस नंबर एमबीएलएचए 10 बीएमएफएचए 00817, काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्रो नंबर यूपी 62 एएफ 8246 इंजन नंबर एचए 10 ईएलडीएचडी 26679 एवं हीरो पैैशन प्रो नंबर यूपी 62 एम-1188 इंजन नंबर एचए 10 ईटीईजीएम 06385। अंबेडकर नगर से चोरी की गई लाल रंग की बिना नंबर की टीवीएस विक्टर इंजन नंबर एन 4012559 चेसिस नंबर एमडी 625 एमएफ 19 जी 1 एच 07955, काले रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर यूपी 76 बी-2272 इंजन नंबर 98 सी 17 एम 03453 चेसिस नंबर 98 सी 19 एक अंक अस्पष्ट 03451, काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्रो नंबर यूपी 45 एच-4891 इंजन नंबर एचए 10 ई जीएएम 04310 सुल्तानपुर से चोरी की गई लाल रंग की बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर आई स्मार्ट  इंजन नंबर एचए 12 ईएमएफ 9ए 04612 चेसिस नंबर एमबीएलएचए 12एसीएफ 9ए05186 एवं लाल रंग की बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर एनएक्सजी इंजन नंबर एचए 12 ईसीए 9800729 तथा प्रतापगढ़ से चोरी की गई बिना नंबर की होंडा ट्विस्टर इंजन नंबर जेसी 47 ई0017976 एमई4472 सीए8014289। 

Thursday, 23 November 2017

सपा राज में उत्पीडि़त ऊषा मौर्या ने भाजपा का दामन थामा


पूर्व सपा जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंह मांटो, बसपा के अमित मिश्र ने भी ग्रहण की सदस्यता   
   जौनपुर। हक के लिए शासन-सत्ता से भिड़ कर चर्चा में आई जुझारू गृहिणी ऊषा मौर्या ने गुरुवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके अलावा समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंह मांटो, बहुजन समाज पार्टी के युवा तेज-तर्रार नेता अमित मिश्र और मयंक शुक्ला ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। सभी को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। स्थानीय निकाय चुनाव के मतदान से पूर्व सपा और बसपा के लिए इसे तगड़ा झटका माना जा रहा है।
नगर निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के लिए शहर में रोड-शो करने के लिए पालीटेक्निक चौराहे पर पहुंचे डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने सभी को विधिवत सदस्यता ग्रहण कराई। उन्होंने पार्टी में स्वागत करते हुए नगर निकाय चुनाव में पूरे प्राण-प्रण के साथ जीत के लिए जुट जाने का आह्वान किया। इस मौके पर ऊषा मौर्या ने कहा सूबे की निवर्तमान अखिलेश यादव सरकार में अपराधियों और भू माफियाओं का जमावड़ा था। मंत्री तक शासन-सत्ता का दुरुपयोग कर जमीनें हड़पने में लिप्त थे। मेरी जमीन पर दबंगई से कब्जा कर लिया गया। स्टिंग ऑपरेशन में तत्कालीन मंत्री पारस नाथ यादव ने कुबूल किया कि उन्होंने मेरी जमीन हड़पने की बात स्वीकार की। मुझे जमीन पर हक छोड़ देने के लिए प्रलोभन ही नहीं धमकियां भी दीं। मैं डरी नहीं। शासन तक अपनी आवाज पहुंचाती रही लेकिन न्याय नहीं मिला। सपा में मौजूद मेरी ही जाति-बिरादरी के नेताओं ने भी अन्याय के खिलाफ बोलने का साहस नहीं दिखाया। सूबे में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुझे न्याय मिला। मंत्री के गुर्गों द्वारा दबंगई से कब्जा कर ली गई जमीन पर मुझे मेरी जमीन मिल गई। पूरी इमानदारी के साथ सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम करने की नीति से प्रभावित होकर मैंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। मेरी मौर्य समाज के लोगों से अपील है कि वे भाजपा के पक्ष में मतदान करें। मैं खुद भी आज ेसे ही भाजपा के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार-प्रसार में जुट जाउंगी। 

Tuesday, 21 November 2017

सत्ता के विकेंद्रीकरण की हिमायती है भाजपा: आदित्यनाथ



15 साल में सपा-बसपा ने नगर निकायों को बना दिया पंगु 
भाजपा जीती तो बनाएगी स्वावलंबी, सक्षम और आत्मनिर्भर 
   जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा भारतीय जनता पार्टी सत्ता के विकेंद्रीकरण में विश्वास करती है। पार्टी स्थानीय नगर निकायों को स्वावलंबी, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरी है। पिछले पंद्रह साल में सपा-बसपा की सरकारों ने इन्हें पंगु बना दिया है। वह मंगलवार को टीडीपीजी कालेज के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा स्थानीय नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत विकास की गारंटी होगी। उनकी सरकार अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश बनाने के लिए दृढ़ निश्चय के साथ काम कर रही है। भाजपा कानून के राज मेें यकीन करती है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। भ्रष्टाचारियों और अपराध से अर्जित की गई संपत्ति जब्त की जाएगी। कानून हाथ में लेने वालों से किसी भी तरह की नरमी बरतने वाले पुलिस कॢमयों को नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा। निकाय चुनाव में सरकार आपके पास विकास का अवसर लेकर आई है। इसे हाथ से मत जाने दीजिएगा। उन्होंने कहा पिछली सरकारें बिजली देने तक में भेदभाव करती थीं। सिर्फ तीन-चार जिलों को बिजली मिलती थी। बाबा साहब भीमराम अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को की गई घोषणा के बाद से सभी 75 जिलों को बिना किसी भेदभाव के भरपूर बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दीपावली के दिन अयोध्या जगमगा रही थी, उसी तरह प्रदेश की सभी 653 नगर निकायों को जगमग करने के लिए नगर विकास विभाग ने केंद्र से करार किया है। इसके तहत सभी नगर निकायों में एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे बिजली बिल कम आएगा। इसी से होने वाली बचत की राशि से अगले सात साल तक मेंटिनेंस होगा। वाराणसी, लखनऊ  और इलाहाबाद में यह काम पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है। प्रदेश में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं। जौनपुर के मशहूर इत्र और इमरती को उचित स्थान इसलिए नहीं मिला कि पिछली सरकारों ने इस दिशा में कोई काम ही नहीं किया। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक सेंटर स्थापित किया गया है। आपके उत्पादों को दुनिया में बाजार देने की जिम्मेदारी हमारी है। उन्होंने करीब 25 मिनट के भाषण के दौरान सपा-बसपा को ही निशाने पर रखा। एक बार भी कांग्रेस का नाम तक नहीं लिया। सपा-बसपा की पिछली सरकारों ने भ्रष्टाचार और अकर्मण्यता के कारण नगर की जिंदगी को नारकीय बना दिया है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा जीती तो सड़कें चौड़ी और खुली बनाएगी। पटरी, ठेला और खोमचा के छोटे कारोबारियों के व्यवस्थित पुनर्वास करेगी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर टू डोर जाकर सफाई कर्मी कूड़ा संग्रह करेंगे। 2022 तक हर गरीब परिवार को मकान देंगे। उन्होंने कहा कि जहां सपा सरकार ने पांच साल में सिर्फ 29 हजार लोगों को आवास दिए और उसमें भी भेदभाव किया वहीं सिर्फ सात महीने के भीतर हमारी सरकार ने 11 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराया है। अंत में उन्होंने जिले की सभी तीन नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को मंच पर खड़ा करा कर उन्हें और सभी वार्ड सदस्य प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। कहा कि इस चुनाव से केंद्र और राज्य की सरकारों पर कोई असर नहीं पड़ता लेकिन नगर निकाय शासन की शुचिता और योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाती हैं। नगर निकाय चुनाव में भी भाजपा को भारी जीत दिलाएं विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
सभा को राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सांसद द्वय डा. कृष्ण प्रताप सिंह केपी, राम चरित्र निषाद, एमएलसी डा. केदार नाथ सिंह, गोरखपुर क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष उपेंद्र नाथ शुक्ल, जफराबाद के विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह, बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्र, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी किरन श्रीवास्तव आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न और प्रत्याशी किरन श्रीवास्तव ने अंगवस्त्रम भेंट किया। संचालन अजय सिंह ने किया। इस मौके पर केराकत के विधायक दिनेश चौधरी, मडिय़ाहूं की विधायक लीना तिवारी, पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला आदि मौजूद रहे। भाजपा के जिला प्रभारी रामतेज पांडेय ने आभार जताया। संचालन अजय सिंह ने किया।


बुर्कापोश महिलाएं बनीं आकर्षण का केंद्र
   जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी जनसभा में टीडीपीजी कालेज के मैदान में आईं बुर्कापोश मुसलिम महिलाएं आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इनमें कुछ वार्ड सभासद पद की प्रत्याशी भी थीं। जनसभा के बाद उनके साथ सेल्फी लेने के लिए भाजपा कार्यकर्र्ताओं में होड़ सी मची रही। देखने वाले कहते सुने गए कि अब अल्पसंख्यक समुदाय भी भाजपा से जुडऩे लगा है। तीन तलाक प्रकरण से अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं का भाजपा के प्रति नजरिया सकारात्मक हुआ है। 

केसरिया से पटा टीडी कालेज का मैदान
   जौनपुर। भगवाधारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में टीडीपीजी कालेज का मैदान केसरिया मय नजर आया। पूरा मंच जहां केसरिया रहा वहीं तमाम कार्यकर्ता ही नहीं कई मंचासीन नेता भी केसरिया वस्त्र धारण किए हुए थे। उत्साहिक कार्यकर्ता बार-बार जय श्रीराम के उद्घोष के साथ ही बड़े-बड़़े झंडे लहरा रहे थे। 

चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे सुरक्षा बल 
   जौनपुर। योगी आदित्यनाथ की जनसभा के दौरान सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था थी कि परिंदा भी पर नहीं मार सके। जनसभा स्थल टीडीपीजी कालेज का मैदान ही नहीं बल्कि आस-पास के इलाकों में भी चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहे। जनसभा स्थल पर जाने वाले हर व्यक्ति को मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना पड़ा। इतना ही नहीं सभास्थल पर जाने वाले हर व्यक्ति के जेब में मौजूद रूमाल को भी पुलिस कर्मी देखते रहे। क्यों कि खुफिया रिपोर्ट थी कि कोई खुराफातीतत्व जेब में काली रूमाल लेकर दिखाने जा सकता है। 

कांग्रेस का नहीं लिया नाम 
   जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समय के पाबंद दिखे। निर्धारित समय दोपहर 12 बजे की बजाय 11.55 पर ही मंच पर पहुंच गए योगी आदित्यनाथ 12.17 बजे जनसभा को संबोधित करना शुरु किया। करीब 25 मिनट के भाषण के दौरान उन्होंने जहां सपा और बसपा पर तीखे प्रहार किए वहीं कांग्रेस का एक बार नाम तक नहीं लिया। 

Monday, 20 November 2017

बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत



परिजन ने डाक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप, किया हंगामा
चार हजार रुपये सुविधा शुल्क लेने का मीडिया को दिया बयान 
   जौनपुर। जिला चिकित्सालय में शुक्रवार को बच्चेदानी के ऑपरेशन के आधे घंटे बाद महिला की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजन ने हंगामा खड़ा कर दिया। उनका आरोप था कि डाक्टर ने चार हजार रुपये लेने के बाद भी लापरवाही की जिससे उसकी मौत हुई। पुलिस के पहुंचकर समझाने-बुझाने पर परिजन शांत हुए। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गजना गांव की चार बच्चों की मां शीला देवी (38) पत्नी राजेंद्र गौतम गर्भाशय की बीमारी से पीडि़त थी। करीब एक महीने पहले परिजन ने उसे लाकर वरिष्ठ सर्जन डा. अनिल शर्मा को दिखाया था। देखने और सभी परीक्षण कराने के पश्चात डा. अनिल शर्मा ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी। डाक्टर के बुलावे पर सोमवार को सवेरे दस बजे परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आए और भर्ती कराया। डा. अनिल शर्मा के ऑपरेशन करने के बाद उसे बेड पर भेज दिया गया। ऑपरेशन के आधे घंटे के बाद शीला देवी की हालत बिगडऩे लगी और कुछ ही क्षण में उसकी सांसें थम गईं। मौत की पुष्टि होते ही शीला देवी के परिजन और साथ आए गांव के लोग हंगामा करने लगे। साथ आई एक महिला रिश्तेदार ने मीडिया के सामने दिए बयान में आरोप लगाया कि डा. अनिल शर्मा ने ऑपरेशन के लिए उससे चार हजार रुपये की मांग की थी। दो हजार रुपये देने पर क्रोधित होकर धकेल दिया और ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया। फिर दो हजार रुपये का और इंतजाम कर देने के बाद ही ऑपरेशन किया। रसीद सिर्फ 399 रुपये की दी गई। इसके साथ ही डाक्टर ने सभी दवाएं पर्ची लिख कर बाहर से खरीदवाया। महिला और परिजन का यह भी आरोप था कि ऑपरेशन में लापरवाही किए जाने के कारण शीला देवी की मौत हुुई है। हंगामे की खबर लगने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने परिजन को समझा-बुझा कर शांत किया। इस बारे में पूछने पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. एसके मिश्र ने कहा कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल था। आधे घंटे बाद उसकी सांस थम गई। उन्होंने सर्जन के सुविधा शुल्क लेने से अनभिज्ञता जताई। परिजन की मांग पर पुलिस ने पंचनामा करा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ होने के बाद आगे कार्रवाई उसी के आधार पर की जाएगी।  


Friday, 17 November 2017

मुख्यमंत्री के पहले दौरे को लेकर प्रशासन सक्रिय


21 नवंबर को चुनावी सभा को संबोधित करेंगे योगी आदित्यनाथ 
डीएम और एसपी ने सभा स्थल और हेलीपैड का किया निरीक्षण  
   जौनपुर। प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्य नाथ 21 नवंबर को पहली बार जौनपुर आ रहे हैं। स्थानीय नगर निकाय चुनाव में जिले की तीन नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायतों में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के मकसद से आ रहे योगी आदित्यनाथ टीडी कालेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर जहां पार्टी कार्यकताओं और नेताओं में भारी उत्साह है वहीं जिला प्रशासन तैयारियों में हलाकान है। जिलाधिकारी डा. सर्वज्ञ राम मिश्र और पुलिस अधीक्षक केके चौधरी खुद तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं।
मुख्यमंत्री का प्रोटोकाल जिला प्रशासन के पास आ चुका है। इसके मुताबिक योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से पूर्वाह्न 11 बजे हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन के मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। वहां से कड़ी सुरक्षा के बीच कार से टीडीपीजी कालेज के मैदान पहुंच कर जनसभा को संबोधित करेंगे। अपराह्न 1.10 बजे हेलीकाप्टर से बलिया के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की कमान संभाले जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार पुलिस लाइन के मैदान में बनाये जा रहे हेलीपैड, सेफ हाउस, विश्राम स्थल, अतिथि गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अभियंता केजी सारस्वत को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इसके बाद दोनों आला अफसरों ने टी.डी.पी.जी. कालेज के मैदान का जायजा लिया जहां मुख्यमंत्री की जनसभा होनी है। उन्होंने साफ-सफाई, टेण्ट आदि के बारे में पार्टी के पदाधिकारियों एवं निर्माण में लगे लल्लू टेण्ट वाले से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सिटी मजिस्टे्रट इन्द्र भूषण वर्मा को निर्देश दिया कि अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं लोक निर्माण विभाग से समय से सभी व्यवस्थाएं खुद अपनी देखरेख में पूरी कराएं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजय राय को मानक के अनुसार सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिला मजिस्टे्रट भू-राजस्व राम आसरे सिंह, सीओ सिटी नृपेन्द्र, थानाध्यक्ष लाइन बाजार मिथिलेश मिश्र, टीडीपीजी कालेज के प्राचार्य डा. विनोद कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

Wednesday, 15 November 2017

डंपर से कुचलकर साइकिल सवार छात्रा की मौत



सैकड़ों गुस्साए लोगों ने तीन घंटे तक किया रास्ता जाम
   जंघई (जौनपुर)। सीमावर्ती इलाहाबाद जिले के सराय ममरेज थाना क्षेत्र में बुधवार को पूर्वाह्न डंपर से कुचल कर साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने रास्ता जाम कर करीब तीन घंटे तक आवागमन ठप रखा। समझाने-बुझाने पर रास्ता जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सराय ममरेज थाना क्षेत्र के भूलेन गांव की निशा देवी (16) पुत्री बसंत लाल यादव नागरिक इंटर कालेज जंघई में हाईस्कूल की छात्रा थी। वह कालेज में परीक्षा देकर साइकिल से घर वापस लौट रही थी। जंघई-दुर्गागंज बाईपास पर पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे डंपर ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। आवागमन बाधित हो गया। खबर लगते ही हंडिया के एसडीएम और सीओ सराय ममरेज, उतरांव और हंडिया थानों की पुलिस के साथ पहुंच गए। एसडीएम के काफी समझाने-बुझाने पर भीड़ का गुस्सा थमा और उसने रास्ता जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पंचनामा के बाद कब्जे में ेेलेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रास्ता जाम के कारण करीब तीन घंटे तक ïआवागमन बाधित रहने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

Tuesday, 14 November 2017

पांच हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार


मध्य प्रदेश निर्मित सात पेटी अवैध शराब और इनोवा कार बरामद 
केराकत कोतवाली पुलिस को गश्त के दौरान मिली बड़ी कामयाबी  
   केराकत (जौनपुर)। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को सात पेटी अवैध शराब और इनोवा कार के साथ गिरफ्तार किया है। करीब साढ़े चार महीने से वह पुलिस की आंख में धूल झोंक कर फरार चल रहा था। जलालपुर थाना और महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क कर उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक केके चौधरी के निर्देश पर जिले भर में अपराधियों की धर-पकड़ का अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कुमार श्रीवास्तव सहयोगियों के साथ पूर्वाह्न अपराधियों की सुराग पतारसी में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कोतवाली में गत एक जुलाई को दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 799 धारा 419, 420, 467, 468, 353 एवं 60/62 आबकारी अधिनियम में वांछित पांच हजार का इनामिया दीपक सिंह पुत्र जय शंकर सिंह उर्फ फेंकू सिंह उर्फ छेंकू सिंह निवासी गांव तरांव थाना चंदवक    देवगांव (आजमगढ़) की तरफ से इनोवा कार से अवैध शराब लेकर केराकत की तरफ आ रहा है। कोतवाल ने सहयोगियों के साथ अमिहित पुलिया के पास घेराबंदी कर ली। इनोवा कार के आते ही पुलिस ने घेर कर दीपक सिंह को धर दबोचा। कार की तलाशी लिए जाने पर उसमें से सात पेटी इंदौर (मध्य प्रदेश) निर्मित करीब तीस हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी को कोतवाल ने मीडिया के सामने पेश कर पूछताछ की। उसने कुबूल किया कि वह ेमध्य प्रदेश से तस्करी कर अवैध शराब लाकर जिले में बेचता है। इसके अतिरिक्त जलालपुर और महाराष्ट्र में भी गैर कानूनी धंधों में लिप्त रहा है। वहां से भी दीपक सिंह का आपराधिक इतिहास मंगाया जा रहा है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई कृष्ण कुमार, चौकी प्रभारी मुफ्तीगंज विनोद यादव, कांस्टेबलगण संजय सिंह, शकील अहमद, अंकित सिंह एवं खुर्शीद अहमद रहे।
   

Sunday, 12 November 2017

टिकट देने में नौटंकी से कांग्रेस की जग हंसाई


बगावत कर निर्दल लड़ चुकीं चित्रलेखा को नेताओं की वर्चस्व की लड़ाई में मिला टिकट 
दीपमाला के पैरोकार नेताओं, कार्यकर्ताओं को साधना और मैदान मारना नहीं होगा आसान  
जय आनंद 
   जौनपुर। एक कहावत बहुत पुरानी है...कोढ़ में खाज होना। यह मुहावरा स्थानीय नगर निकाय चुनाव में नगर पालिका परिषद जौनपुर के  अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के चयन में कांग्रेस पर बहुत सटीक बैठता है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने गुटबंदी के दबाव में खूब नौटंकी की। इससे न सिर्फ निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं  का एक बड़ा तबका नाराज हो गया है बल्कि पार्टी की खूब छीछालेदर भी हो रही है। दूसरे दल ही नहीं बल्कि खुद उसके अपने लोग भी तंज कस रहे हैं।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के टिकट के दावेदारों की संख्या आधा दर्जन के आस-पास थी। पिछले चुनाव में चौंकाने वाले अंदाज में करीब साढ़े बारह हजार वोट हासिल कर दूसरे नंबर पर रहने वाले आदर्श सेठ की पत्नी दीपमाला सेठ की दावेदारी सबसे तगड़ी मानी जा रही थी। दूसरे नंबर पर थीं शहर के प्रमुख सराफा व्यापारी विमल सेठ की पत्नी मंजू सेठ। इन्हीं के बीच जोर-आजमाइश चल रही थी। इसी बीच व्यक्तिगत कारणों से मंजू सेठ ने टिकट की दावेदारी वापस ले ली। इसके बाद तो दीपमाला का नाम लगभग तय मान लिया गया था। हुआ भी ऐसा ही। बुधवार की देर शाम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने दीपमाला सेठ को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार घोषित किए जाने संबंधी पत्र जारी कर दिया। दीपमाला सेठ ने गुरुवारको नामांकन पत्र भी भर दिया। दीपमाला को टिकट मिलने को पार्टी के दूसरे गुट के नेताओं को संगठन पर वर्चस्व की लड़ाई में अपनी शिकस्त सी लगी और वे टिकट कटवाने के लिए सभी दांव-पेंच चलने लगे। इस गुट में एकजुट हुए पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह मुन्ना, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व एमएलसी सिराज मेंहदी, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री  कृपा शंकर सिंह, कांग्रेस के प्रदेश मंत्री राजेश सिंह ने बनारस के पूर्व सांसद राजेश मिश्र को भी साथ लेकर प्रदेश नेतृत्व पर डा. चित्रलेखा सिंह को टिकट देने के लिए दबाव बनाया। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के हस्ताक्षरयुक्त पत्र से दीपमाला की जगह डा. चित्रलेखा सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। तब शुक्रवार को डा. चित्रलेखा सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में तो दीपमाला ने निर्दल उम्मीदवार के तौर पर दूसरा नामांकन पत्र भर दिया।
इसके बाद दीपमाला सेठ के पैरोकार पूर्व विधायक नदीम जावेद, जिलाध्यक्ष इंद्रभुवन सिंह और अन्य नेताओं ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया और अपनी नाराजगी पार्टी हाईकमान तक पहुंचा दी। राज बब्बर तीसरी बार अपना निर्णय बदलने को मजबूर हो गए। उन्होंने डा. चित्रलेखा सिंह की जगह फिर दीपमाला को प्रत्याशी बनाए जाने का पत्र जारी करने के साथ ही फैक्स के जरिए पत्र की प्रति जिला निर्वाचन अधिकारी को भेज दी। लखनऊ से पत्र की मूल प्रति आने में देर हो गई और शुक्रवार को नामांकन अपराह्न तीन बजे की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी को सौंपी जा सकी। दो दिनों तक चली उठापटक और ऊहापोह के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ही नहीं आम मतदाताओं के बीच भी अटकलें लगाई जाने लगीं कि उम्मीदवार कौन होगा दीपमाला सेठ या डा. चित्रलेखा सिंह। गेंद अब निर्वाचन अधिकारी के पाले में थी। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान दोनों पक्ष निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने-अपने तर्क रखे। निर्वाचन अधिकारी ने इस आधार पर दीपमाला सेठ का कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दाखिल नामांकन निरस्त कर दिया कि अधिकृत किए जाने संबंधी प्रदेश अध्यक्ष का पत्र उन्हें निर्धारित समय के बाद मिला। उम्मीदवार चयन में हुई नौटंकी से कांग्रेस की जग हंसाई ही नहीं आम जन के बीच खूब छीछालेदर भी हो रही है। गुटबंदी और खींचतान में नतीजा क्या निकलेगा यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। यहां यह भी बता दें, कि डा. चित्रलेखा सिंह ने पिछली बार भी टिकट के लिए दावेदारी की थी। आदर्श सेठ के टिकट मिलने के बाद बागी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लडऩे के कारण उन्हें पार्टी से निष्कासित भी कर दिया गया था।
     

मैदान नहीं छोड़ेंगी, निर्दल लडेंग़ी दीपमाला
   जौनपुर। दीपमाला सेठ ने निर्दल चुनाव लडऩे का फैसला कर लिया है। उन्होंने साफ तौर पर कह दिया है कि अब तो मैदान छोडऩे का सवाल ही नहीं उठता। मान-सम्मान और स्वाभिमान से बढ़ कर कुछ नहीं है। बता दें, करीब छह महीने पहले माता जी का देहांत होने के कारण आदर्श सेठ चुनाव लडऩा नहीं चाहते थे। उन्होंने अपने इस निर्णय से जिला संगठन और पार्टी नेताओं को अवगत करा दिया था। जब परिसीमन में अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित हो गया तो पिछले विधान सभा चुनाव के समय ही बसपा से कांग्रेस में घर वापसी करने वाले कभी पार्टी के दिग्गज नेताओं मेंं शुमार प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश नारायण राय, निवर्तमान विधायक नदीम जावेद, जिला अध्यक्ष इंद्र भुवन सिंह और कई अन्य नेताओं के दबाव बनाने पर उन्होंने अपनी पत्नी दीपमाला सेठ को मैदान में उतारने का मन बनाया और टिकट के लिए संगठन के पास आवेदन किया था।  

Saturday, 11 November 2017

अध्यक्ष के दो और सभासद पदों के 13 पर्चे निरस्त


सिटी बोर्ड जौनपुर में दीपमाला का कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पर्चा निरस्त
   जौनपुर। स्थानीय नगर निकाय निर्वाचन-2017 में जिले की तीन नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं सभासद पदों के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच का काम शनिवार को संपन्न हो गया। अध्यक्ष पद के दो और सभासद पदों के 13 उम्मीदवारों के पर्चे जांच में तकनीकी कारणों से खारिज कर दिए गए। अब अध्यक्ष के 95 और सभासद पदों के 1113 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं।
नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद के लिए 13 में से 12 पर्चे वैध पाए गए हैं। कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार के रूप में दाखिल किया गया दीपमाला सेठ का पर्चा जांच के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने निरस्त कर दिया। निर्दल प्रत्याशी के तौर पर भरा गया उनका दूसरा पर्चा वैध घोषित किया गया है। कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दीपमाला का पर्चा निरस्त किए जाने पर निर्वाचन अधिकारी से बहस भी हुई। निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पर्चा इस आधार पर निरस्त किया गया है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर द्वारा पुन: दीपमाला को अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने संबंधी पत्र नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उपलब्ध कराया गया। अब दीपमाला के सामने दो ही विकल्प रह गए हैं। या तो वह नामांकन पत्र वापस ले लें या फिर निर्दल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ें। नगर पालिका परिषद शाहगंज के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए सभी 11 उम्मीदवारों के पर्चे वैध पाए गए हैं। नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर के  अध्यक्ष पद के लिए भी सभी छह प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में वैध पाए गए। नगर पंचायत मडिय़ाहूं के अध्यक्ष पद के लिए हरदीप सिंह का नामांकन पत्र जांच के दौरान निरस्त कर दिया गया। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र संलग्न न किए जाने के कारण उनका पर्चा अवैध घोषित किया गया है। इस तरह से अब मैदान में 11 उम्मीदवार रह गए हैं। नगर पंचायत बदलापुर के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए सभी 22 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। नगर पंचायत मछलीशह के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए सभी पांच उम्मीदवारों के पर्चे जांच में वैध मिले। नगर पंचायत केराकत के अध्यक्ष पद के लिए भी सभी नौ प्रत्याशियों के पर्चे वैध घोषित किए गए हैं। नगर पंचायत खेतासराय के अध्यक्ष पद के लिए भरे गए सभी दस प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए। इसी प्रकार नगर पंचायत जफराबाद के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए सभी नौ प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच के बाद वैध घोषित किए गए हैं। तीनों नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायत के वार्ड सभासद पदों के लिए कुल 1126 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के दौरान 13 के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए जाने के बाद 1113 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए। 

अपहृत अधेड़ घंटे भर के भीतर सुरक्षित बरामद


4 अपहर्ता गिरफ्तार, वारदातमें प्रयुक्त कार बरामद 
गफलत में दूसरे को अगवा करना पड़ गया भारी 
   मछलीशहर (जौनपुर)। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की रात नगर पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष संजय जायसवाल के अपहृत फूफा को एक घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर चार अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। अपहरण में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है। आरोपी फिरौती के लिए किसी और का अपहरण करने वाले थे लेकिन गफलत में अधेड़ को अगवा कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया।
नगर के सादीगंज मोहल्ला निवासी हरिश्चंद्र जायसवाल स्कार्पियो से सपरिवार शादी में हिस्सा लेकर घर वापस लौट रहे थे। उनकी कार जौनपुर-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल टैक्स नाका पर पहुंची तभी हरिश्चंद्र को लगा कि कोई कार से उनका पीछा कर रहा है। उन्होंने ड्राइवर से स्कार्पियो निकामुद्दीनपुर स्थित पेट्रोल पर रोक देने को कहा। स्कार्पियो के रुकते ही वहां बिना नंबर की हुण्डई आई-20 कार से पहुंचे  चार बदमाश उन्हें उतार कर पीटने लगे। बीच-बचाव कर रहे पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की भी पिटाई की और हरिश्चंद्र को कार में लाद कर मछलीशहर की तरफ भागने लगे। घटना की जानकारी होते ही निवर्तमान अध्यक्ष संजय जायसवाल ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल सिद्धार्थ मिश्र खबर लगते ही सहयोगियों के साथ सक्रिय हो गए। पीछा कर रात करीब 11 बजे सुजानगंज रोड पर कार सहित चारों अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया और हरिश्चंद्र जायसवाल को सकुशल बरामद कर लिया। उनके सुरक्षित बरामद हो जाने पर परिजन ने चैन की सांस ली।
गिरफ्तार आरोपी रवि उपाध्याय निवासी कसबा मछलीशहर, अजीत सिंह निवासी सरायभोगी, देवेंद्र तिवारी निवासी ग्राम सोला थाना सुजानगंज और रजनीश उर्फ मोनू शुक्ला निवासी गांव जमैथा, थाना जफराबाद हैं। पुलिस ने धारा 323 एवं 364 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम मेें एसआई महेंद्र यादव, एसआई उमेश कुमार और कांस्टेबलगण उमेश कुमार, रामधनी रहे। बता दें, सिकरारा थाना क्षेत्र के सेऊरा गांव निवासी खुफिया विभाग में कार्यरत राजेंद्र प्रसाद पाठक किसी कार्य से मुंगराबादशाहपुर जा रहे थे। रास्ते में रोक कर कार सवार बदमाशों उनसे 15 हजार रुपये की मांग की। इनकार करने पर जान से मार डालने की धमकी दी। उन्होंने मुंंगराबादशाहपुर से घर वापस लौटते समय यूपी-100 डायल कर पुलिस को घटना की सूचना दे दी थी। पुलिस पहुंच कर उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर घर पहुंचा रही थी। उधर, बदमाश अपहरण करने की योजना बना कर गफलत में हरिश्चंद्र जायसवाल को अगवा कर लिया था।

Friday, 10 November 2017

भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक


सिकरारा थाना इलाके के रइयां गांव की घटना, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज 
   सिकरारा (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के रइयां गांव में गुरुवार की रात अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की जिला इकाई के उपाध्यक्ष मैन बहादुर सिंह पर जानलेवा हमला किया। बुरी तरह से जख्मी भाजपा नेता को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां उनका एक निजी हास्पिटल में इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
रइयां गांव निवासी 57 वर्षीय मैन बहादुर सिंह रात करीब साढ़े आठ बजे मोटर साइकिल से गुलजारगंज-दुदौली सम्पर्क मार्ग से घर जा रहे थे। वह घर के समीप नहर पुलिया के पास पहुंचे तभी घात लगाए अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में बेहोश हो जाने के बाद हमलावर उन्हें मरा समझ कर फरार हो गए। कुछ देर बाद गुजर रहे राहगीरों ने खून से लथपथ बेहोश पड़ा देखा तो उनके परिजन को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डाक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बीएचयू रेफर कर दिया। परिजन ने वाराणसी ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनका गहन उपचार चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से चारपाई की एक पाटी मिली। अंदेशा जताया जा रहा है कि उसी से मैन बहादुर सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। घटना के बारे में पूछने पर थानाध्यक्ष विमल कुमार राय ने बताया कि परिजन की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात