सिटी बोर्ड जौनपुर में दीपमाला का कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पर्चा निरस्त
जौनपुर। स्थानीय नगर निकाय निर्वाचन-2017 में जिले की तीन नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं सभासद पदों के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच का काम शनिवार को संपन्न हो गया। अध्यक्ष पद के दो और सभासद पदों के 13 उम्मीदवारों के पर्चे जांच में तकनीकी कारणों से खारिज कर दिए गए। अब अध्यक्ष के 95 और सभासद पदों के 1113 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं।
नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद के लिए 13 में से 12 पर्चे वैध पाए गए हैं। कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार के रूप में दाखिल किया गया दीपमाला सेठ का पर्चा जांच के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने निरस्त कर दिया। निर्दल प्रत्याशी के तौर पर भरा गया उनका दूसरा पर्चा वैध घोषित किया गया है। कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दीपमाला का पर्चा निरस्त किए जाने पर निर्वाचन अधिकारी से बहस भी हुई। निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पर्चा इस आधार पर निरस्त किया गया है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर द्वारा पुन: दीपमाला को अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने संबंधी पत्र नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उपलब्ध कराया गया। अब दीपमाला के सामने दो ही विकल्प रह गए हैं। या तो वह नामांकन पत्र वापस ले लें या फिर निर्दल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ें। नगर पालिका परिषद शाहगंज के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए सभी 11 उम्मीदवारों के पर्चे वैध पाए गए हैं। नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर के अध्यक्ष पद के लिए भी सभी छह प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में वैध पाए गए। नगर पंचायत मडिय़ाहूं के अध्यक्ष पद के लिए हरदीप सिंह का नामांकन पत्र जांच के दौरान निरस्त कर दिया गया। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र संलग्न न किए जाने के कारण उनका पर्चा अवैध घोषित किया गया है। इस तरह से अब मैदान में 11 उम्मीदवार रह गए हैं। नगर पंचायत बदलापुर के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए सभी 22 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। नगर पंचायत मछलीशह के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए सभी पांच उम्मीदवारों के पर्चे जांच में वैध मिले। नगर पंचायत केराकत के अध्यक्ष पद के लिए भी सभी नौ प्रत्याशियों के पर्चे वैध घोषित किए गए हैं। नगर पंचायत खेतासराय के अध्यक्ष पद के लिए भरे गए सभी दस प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए। इसी प्रकार नगर पंचायत जफराबाद के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए सभी नौ प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच के बाद वैध घोषित किए गए हैं। तीनों नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायत के वार्ड सभासद पदों के लिए कुल 1126 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के दौरान 13 के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए जाने के बाद 1113 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए।
Post a Comment