सिकरारा थाना इलाके के रइयां गांव की घटना, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सिकरारा (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के रइयां गांव में गुरुवार की रात अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की जिला इकाई के उपाध्यक्ष मैन बहादुर सिंह पर जानलेवा हमला किया। बुरी तरह से जख्मी भाजपा नेता को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां उनका एक निजी हास्पिटल में इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
रइयां गांव निवासी 57 वर्षीय मैन बहादुर सिंह रात करीब साढ़े आठ बजे मोटर साइकिल से गुलजारगंज-दुदौली सम्पर्क मार्ग से घर जा रहे थे। वह घर के समीप नहर पुलिया के पास पहुंचे तभी घात लगाए अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में बेहोश हो जाने के बाद हमलावर उन्हें मरा समझ कर फरार हो गए। कुछ देर बाद गुजर रहे राहगीरों ने खून से लथपथ बेहोश पड़ा देखा तो उनके परिजन को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डाक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बीएचयू रेफर कर दिया। परिजन ने वाराणसी ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनका गहन उपचार चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से चारपाई की एक पाटी मिली। अंदेशा जताया जा रहा है कि उसी से मैन बहादुर सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। घटना के बारे में पूछने पर थानाध्यक्ष विमल कुमार राय ने बताया कि परिजन की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
Post a Comment