BREAKING NEWS

Thursday, 9 November 2017

नगर निकाय चुनाव: उम्मीदवारों की उमड़ी भीड़


सिटी बोर्ड जौनपुर अध्यक्ष पद को किरन, पूनम, माया और दीपमाला सहित 6 ने दाखिल किए पर्चे
नौ स्थानीय निकायों के लिए अध्यक्ष पद को 43 और सभासद पदों के लिए 496 ने किया नामांकन 
   जौनपुर। नगर निकाय निर्वाचन-2017 के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के एक दिन पहले गुरुवार को उम्मीदवारों का रेला उमड़ पड़ा। तीन नगर पालिका परिषदों औैर छह नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए 43 और सभासद पदों के लिए 496 उम्मीदवारों ने अपने-अपने परचे दाखिल किए। शहर और तहसील मुख्यालयों पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए उम्मीदवार पर्चा दाखिल करने पहुंचे। इसके चलते खूब गहमा-गहमी रही। कलक्टरेट में सत्ता की हनक दिखाते हुए भाजपा कार्यकर्र्ताओं के भारी संख्या में नामांकन कक्ष तक पहुंच जाने पर विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
अध्यक्ष नगर पालिका परिषद-जौनपुर अध्यक्ष पद के लिए गुरुवार को सबसे ज्यादा छह प्रत्याशियों ने परचे भरे। इनमें लगातार भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी किरन श्रीवास्तव पत्नी कर्मचारी नेता राकेश श्रीवास्वत, लगातार तीन बार मैदान मार चुके निवर्तमान अध्यक्ष दिनेश टंडन की पत्नी बसपा की अधिकृत उम्मीदवार माया टंडन, समाजवादी पार्टी की पूनम मौर्या पुत्री बाबू राम, कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी दीपमाला पत्नी आदर्श सेठ,  आल इंडिया मजलिस की शकीला बानो पत्नी मोहम्मद रईस और निर्दल दीपिका तिवारी पत्नी मनोज रहीं। 39 वार्डों के सभासद पद के लिए 146 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे।  नगर पालिका परिषद मुंगरा बादशाहपुर के अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों भाजपा के शिव गोविन्द साहू पुत्र साजन लाल, बसपा के शैलेन्द्र पुत्र अनन्न राम और सपा के तहसीमुल हक पुत्र अब्दुल और सभासद पदों के लिए 52 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। नगर पालिका परिषद शाहगंज के अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों बसपा की ऊषा पत्नी निवर्तमान अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, निर्दलीय अल्का पत्नी श्याम एवं सुमन पत्नी जय प्रकाश और सभासद पदों के लिए 61 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया।
नगर पंचायत मडिय़ाहूं में अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी कमल पुत्र दबऊ के अलावा तीन निर्दल प्रत्याशियों फौजदार, महेश और रुखसाना पुत्री कमाल ने पर्चा भरा। सभासद पदों के लिए 40 नामांकन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। नवसृजित नगर पंचायत बदलापुर के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरने वाली 11 महिला उम्मीदवारों में भाजपा की अधिकृत सुमन पत्नी सुमित, बसपा की मालती पत्नी सुरेश के अलावा निर्दलीय सरोज पत्नी सभाजीत, केता पत्नी समर बहादुर, मलवती पत्नी बाबा, अमृता पत्नी रामेश्वर, तासमती पत्नी रघु प्रसाद, सावित्री पत्नी अर्जुन राम, परमिला पत्नी राकेश, राधा पत्नी अवधेश और सुरेशी पत्नी राजेश  रहीं। सभासद पदों के लिए 33 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे। नगर पंचायत मछलीशहर में अध्यक्ष के लिए रालोद की एकमात्र उम्मीदवार निवर्तमान चेयरमैन संजय जायसवाल की पत्नी सरोज रहीं। सभासद पदों के लिए 26 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। नगर पंचायत  केराकत में अध्यक्ष पद के लिए 7 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। इनमें भाजपा के अशोक पुत्र जगदीश, निर्दल विवेक कुमार पुत्र हेमचन्दू, निर्दल सरिता पत्नी पारस नाथ, सपा की शीला पत्नी अशोक, निर्दल अजीत पुत्र बटुक, निर्दल चन्द्र प्रकाश पुत्र सन्तोष और साइकिल की सवारी छोड़ कर पंजा का दामन पकडऩे वाली कांग्रेस की शबनम नाज पुत्री महबूब हैं। सभासद पदों के लिए 24 प्रत्याशियों ने नामांकन दिया। नगर पंचायत खेतासराय में अध्यक्ष पद के लिए जिन चार प्रत्याशियों ने पर्चे भरे उनमें चिराग पुत्र रोशन, निर्दल रोशन पुत्र अन्जू, बसपा की विनीता पत्नी अशोक, कांग्रेस के फहीम पुत्र इश्तियाक और निर्दल निर्मला पत्नी जंगबहादुर ने नामांकन पत्र भरे। सभासद पदों के लिए 32 प्रत्याशियों ने परचे भरे। नगर पंचायत जफराबाद के अध्यक्ष पद के लिए सपा के त्रिभुवन पुत्र सत्य नारायण, भाजपा की मनोरमा पत्नी उमेश बसपा के जोगेंद्र पुत्र  वंशराज राजद के प्रमोद पुत्र सुक्खूराम रहे। सभासद पदों के लिए 82 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए।



पुलिस से भिड़े सपा कार्यकर्ता
   जौनपुर। कलक्टरेट परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सत्ता की हनक दिखाते हुए करीब डेढ़ सौ की संख्या में नामांकन कक्ष तक पहुंच जाने पर हंगामा खड़ा हो गया। आम आदमी पार्टी और सपा के कार्यकर्ताओं ने एतराज किया। इसे लेकर पुलिस से उनकी तीखी झड़प हो गई। थानाध्यक्ष लाइन बाजार से कुछ कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने बाद में सपा के दो युवा नेताओं को गिरफ्तार कर लिया जिन्हें शाम को जमानत पर छोड़ दिया गया। 
हुआ यह कि भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी किरन श्रीवास्तव के साथ नामांकन कक्ष में सांसद डा. कृष्ण प्रताप सिंह, सूबे के राज्यमंत्री गिरीश यादव, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में नेता दाखिल हो गए। उस समय कांग्रेस की उम्मीदवार दीपमाला सेठ को वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कलक्टरेट अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह नामांकन करा रहे थे। वह भाजपा नेताओं पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए बाहर निकल गए। उनकी आवाज सुनकर बाहर मौजूद आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी पहुंच कर हंगामा करने लगे। समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष अतुल सिंह और युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव थानाध्यक्ष लाइन बाजार मिथिलेश द्विवेदी से कहासुनी करते हुए धक्का-मुक्की पर उतारू हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। थाने ले जाने पर पर पार्टी के कई नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच गए। तब पुलिस ने दोनों का शांति भंग में चालान कर दिया। मजिस्टे्रट के जमानत मंजूर करने पर उन्हें छोड़ दिया गया। 

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात