
जौनपुर। गुरुवार को सिटी बोर्ड जौनपुर के अध्यक्ष पद के लिए चार प्रमुख राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के नामांकन जुलूस में शक्ति प्रदर्शन का तुलनात्मक अध्ययन करें तो सत्ताधारी दल भाजपा बीस पड़ी। भाजपा की किरन श्रीवास्तव का नामांकन जुलूस टाउन हाल मैदान से निकला। किरन श्रीवास्तव के साथ फूल-मालाओं से सुसज्जित खुली जीप में सांसद डा. कृष्ण प्रताप सिंह केपी, राज्य मंत्री गिरीश यादव, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, नगर अध्यक्ष आशीष गुप्ता आशू सवार थे। आगे-आगे पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रघुराज सिंह, पूर्व शहर अध्यक्ष श्याम मोहन अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ पैदल तो सैकड़ों कार्यकर्ता झंडों के साथ बाइक पर चल रहे थे। सपा की पूनम मौर्या का नामांकन जुलूस सदर चुंगी स्थित पार्टी कार्यालय से निकला। पूनम मौर्या पैदल नामांकन करने पहुंचीं। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, पार्टी के जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक राज नारायण बिंद, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष हिसामुद्दीन सहित सैकड़ों की संख्या में उत्साहिक कार्यकर्ता रहे। कांग्रेस की दीपमाला सेठ और बसपा की माया टंडन भी भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ नामांकन पत्र भरने पहुंचीं।
Post a Comment