भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों से जनता परेशान: ललई यादव
जौनपुर। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने बिजली दर बढ़ाए जाने के विरोध में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। धरना के दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने नोटबंदी, जीएसटी और महंगाई के लिए भी केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को जी भर कोसा। धरना के पश्चात राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन की प्रति जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के तौर पर आए एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को सौंपा।
पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुुसार राज्यव्यापी आंदोलन के क्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक राज नारायण बिंद के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ता कलक्टरेट परिसर में एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और वहीं धरना पर बैठ गए। धरना के दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए पूर्व ऊर्जा राज्य मंत्री और शाहगंज के विधायक शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों, नोटबंदी, जीएसटी से जनता बुरी तरह परेशान है। महंगाई सुरसा की मुंह की तरह बढ़ती जा रही है। हाल ही में संपन्न हुए स्थानीय नगर निकाय चुनाव के बाद बिजली के दर में भारी बढ़ोत्तरी से जनता खास तौर पर किसानों की तो कमर ही टूट गई है। इसे सरकार को तत्काल वापस लेना चाहिए। सभा को पूर्व सांसद तूफानी सरोज, पूर्व मंत्री विधायक जगदीश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, पूर्व अध्यक्ष डा. अवधनाथ पाल, पूनम मौर्या, जिला उपाध्यक्ष हिसामुद्दीन शाह, सदर विधान सभा इकाई अध्यक्ष गजराज यादव, नगर अध्यक्ष डा. हसीन, संजय सरोज, पूर्व प्रदेश सचिव आरिफ हबीब आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक राज नारायण बिंद और संचालन जिला महासचिव श्याम बहादुर पाल ने किया।
धरना स्थल पर आए जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें कहा गया है कि भाजपा सरकार की कुनीतियों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पॉवर कारपोरेशन भ्रष्टाचार का शिकार हो गया है। चेतावनी दी गई है कि बिजली दरों में वृद्धि के प्रस्ताव को तत्काल वापस नहीं लिया गया तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतर कर संघर्ष करने के लिए मजबूर होगी। धरना पर बैठने वालों में संतोष कुमार मौर्य मुन्ना, डा. लक्ष्मीकांत यादव, सभासद दीपक जायसवाल, कमालुद्दीन अंसारी, मो. शकील माज, शकील मंसूरी, महेंद्र प्रसाद यादव, अनवारुल हक खां गुड्डू, अनिल दुबे, दीपक गोस्वामी, रजनीश मिश्र, निजामुद्दीन अंसारी, राजेश यादव, सुशील कुमार श्रीवास्तव, अशफाक अहमद मंसूरी, इरफान मंसूरी, रमा शंकर यादव आदि प्रमुख रहे।
Post a Comment