BREAKING NEWS

Sunday, 10 December 2017

जेब्रा के मंडप में 58 जोड़े बने जीवन साथी



शहर में निकली अद्भुत महा बारात, देखने को उमड़ी भीड़ 
   जौनपुर। शहर में रविवार को महाबारात निकली। इसे वर-यात्रा की बजाय दूल्हों का काफिला कहना ज्यादा उचित होगा। जौनपुरवासियों के लिए यह दृश्य अद्भुत और चिरस्मरणीय बन गया। मौका था जिले की अग्रणी सामाजिक एवं रचनात्मक संस्था जेब्रा...आशा की ज्योति द्वारा हर तीसरे साल आयोजित होने वाले दहेज रहित सामूहिक विवाह का। गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बना आयोजन स्थल मोहम्मद हसन इंटर कालेज का मैदान। 56 हिन्दू जोड़े अग्नि को साक्षी मान कर सात फेरे लेने तो दो मुसलिम जोड़े निकाह के बाद पवित्र रिश्ते की डोर में बंध कर सात जनम के साथी बन गए। नव दंपतियों को आशीर्वाद देने के लिए सूबे के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद रहे।
   ऐसी बारात जौनपुरवासियों ने पहले कभी नहीं देखी थी। सद्भावना पुल स्थित नव दुर्गा शिव मंदिर स्थल से 58 दूल्हों की महाबारात पूरे आन-बान-शान से निकली। इसमें दो आकर्षक ढंग से सजी बग्घियां, घोड़े, डीजे और बंैड-बाजे शामिल थे। आगे-आगे आतिशबाज पटाखे दागते चल रहे थे। दूल्हे फूलों से सजे वाहनों में सवार थे। ब्रह्मा, विष्णु, महेश के रूप में चल रहे बालक भी आकर्षक का केंद्र रहे। वर-यात्रा ओलंदगंज, शाही पुल, कसेरी बाजार, हरलालका रोड, कोतवाली चौराहा, नवाब युसुफ रोड होते हुए मोहम्मद हसन इंटर कालेज के मैदान पहुंची। पूरे रास्ते में बारात को देखने के लिए सड़क की पटरियों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रास्ते में इंदिरा मार्केट में बोल बम कांवरिया संघ तो टैगोर नगर (उर्दू बाजार चौराहा) पर नवयुग संस्था द्वारा बारातियों को जलपान कराया गया। आयोजन स्थल पर जेब्रा परिवार की महिलाओं ने तिलक एवं पुष्प भेंट कर दूल्हों का स्वागत करने के साथ ही उन्हें निर्धारित स्थान पर आसन ग्रहण कराया। इसके बाद सतरंगी सपने संजोए सोलह श्रृंगार किए दुलहनों को लाकर मंडप में बैठाया। दूल्हे और दुलहनों के मंचासीन होने के बाद योगी रामजनम ने शंखनाद किया। हिन्दू मतावलंबी दुल्हनों ने वर माला तो दूल्हों ने जयमाल डाला। पूरा परिसर हर हर महादेव के  घोष से गूंज उठा। जेब्रा अध्यक्ष संजय कुमार सेठ ने संस्था के उद्देश्य और कार्यों की जानकारी दी। राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव और अन्य अतिथियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया।  56 हिंदू जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार राज नारायण शास्त्री राजगुरु, डा. रजनीकांत द्विवेदी और अन्य ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। अग्नि को साक्षी मान कर दुल्हनों-दूल्हों ने सात फेरे लिए। सिंदूरदान, लावा परछाई के बाद जेब्रा परिवार की और अन्य महिला सहयोगियों ने कन्या दान की रस्म निभाई। वर व कन्या पक्ष के लोगों के लिए संस्था द्वारा स्वादिष्ट भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।
संस्था और सहयोगी बंधुओं की ओर से नव दंपतियों को उपहार दिए गए। आयोजन स्थल से ही सायंकाल दुलहनें विदा होकर पिया के घर के लिए प्रस्थान कर गईं। जेब्रा अध्यक्ष संजय कुमार सेठ ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर उपस्थित होकर वर-वधुओं को आशीर्वाद देने वालों में पूर्व विधान सभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर, मडिय़ाहूं की विधायक लीना तिवारी, नगर पालिका परिषद की नव निर्वाचित अध्यक्ष माया टंडन, पूर्व अध्यक्ष दिनेश टंडन, संपादक कैलाश नाथ, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदू, भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष श्याम मोहन अग्रवाल, कर्मचारी नेता राकेश श्रीवास्तव, किरन श्रीवास्तव, पंकज जायसवाल, बसपा नेता राम नारायण सेठ मामा, राधे रमण जायसवाल, मनीष सेठी, संजय उपाध्याय, कामरेड जय प्रकाश सिंह, सभासद अंजू पाठक, जेसीज अध्यक्ष आलोक सेठ आदि प्रमुख रहे। संचालन सुशील वर्मा ने किया।



इनका हुआ निकाह
   जौनपुर। जेब्रा के दहेज रहित सामूहिक विवाह में दो मुसलिम जोड़े पूरी रवायत के मुताबिक शरीके  हयात हो गए। अफसाना निशा पुत्री मोहम्मद मुल्ला खान निवासी राजा साहब पोखरा, उत्तरी वाजिदपुर की मोहम्मद फहद अंसारी पुत्र मरहूम शमीम निवासी जनौर रोड, मेवातीपुरा फैजाबाद और सुसनम पुत्री बुद्धू निवासी नूर खां कुआं, धरनीधरपुर की शादी सिराज पुत्र अली जान ग्राम दिलावरपुर, मडिय़ाहूं के साथ हुई। शेर वाली मसजिद शाही पुल के पेश-ए-इमाम कारी जिया ने मुसलिम रीति-रिवाज से उनका निकाह कराया। 

मिले यह उपहार 
   जौनपुर। जिले की अग्रणी सामाजिक एवं रचनात्मक संस्था जेब्रा ने दहेज रहित सामूहिक विवाह में जीवन साथी बने 58 जोड़ों को उपहार स्वरूप आभूषणों के अलावा दैनिक और गृहस्थोपयोगी उपहार दिए। इनमें दुल्हनों को सोने की नथिया, चांदी का मांगटीका, मंगलसूत्र, एरिंग, पायल-बिछिया, अंगूठी, सौंदर्य प्रसाधन, चुनरी, दो साड़ी सेट, शॉल, स्वेटर, दूल्हों को कलाई घड़ी, दो सेट कपड़े, कन्हावर, चांदी की अंगूठी और चेन है। गृहस्थी के लिए गैस चूल्हा और छोटा सिलेंडर, बर्तन सेट, दीवार घड़ी, फोल्ंिडग चारपाई, कंबल, गद्दा, तकिया, बेडशीट, बाक्स, सिलाई मशीन, कुकर था। पड़ोसियों और नात-रिश्तेदारों को बांटने के लिए बैना भी दिया गया। 

गजब की दिखी लगन
   जौनपुर। जेब्रा द्वारा आयोजित दहेज रहित सामूहिक विवाह में संगठन से जुड़े लोगों ने ऐसी लगन दिखाई जैसे उनके अपने बेटे-बेटी, भाई-बहन की शादी हो। संगठन ने जिसे जो जिम्मेदारी थी वह उसे निभाने में पूरी तरह तल्लीन दिखा। वर यात्रा प्रभारी शशांक सिंह रानू, शरत कुमार पटेल के अलावा सूर्य प्रकाश जायसवाल, श्याम मोहन अग्रवाल, विजयंत सोंथालिया, जय प्रकाश जायसवाल, डा. विमला सिंह, नीलू सेठ, डा. अंजू सेठ, सोनिका श्रीवास्तव, राजन, सचिन अग्रवाल, अमरनाथ सेठ राजू, रवींद्र, वीरेंद्र, सूरज सोनी, सुधीर, अमित, अभिषेक, अचल, अर्जुन, आशीष आदि अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन में पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। 

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात