BREAKING NEWS

Sunday, 10 December 2017

चचेरे भाई को मौत के घाट उतारा



बख्शा थाना क्षेत्र के मई गांव में हुई घटना, मृत युवक की मां घायल 
   बख्शा (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के मई गांव में रविवार की सुबह हैंड पंप से पानी लेने के मामूली विवाद पर युवक की उसके चचेरे भाई ने हत्या कर दी। मारपीट में मृत युवक की मां घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। शव को पुलिस ने पंचनामा के बाद कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
 
उक्त गांव का रामजस गुप्ता रोजी-रोटी कमाने की गरज से मुंबई रहता है। उसके बड़े भाई राम अजोर गुप्ता का देहांत हो चुका है। पारिवारिक विवाद में पुश्तैनी घर का बंटवारा होने के बाद दोनों भाइयों के परिवार घर में ही दीवार उठा कर अलग-अलग रहते हैं। स्व. राम अजोर का पुत्र भीम गुप्ता (28) ट्रक चला कर परिवार का भरण-पोषण करता था। सुबह स्व. राम अजोर गुप्ता के परिवार की महिलाएं हैंड पंप पर बर्तन साफ कर रही थीं। नाली में पानी जाने को लेकर दोनों परिवारों की महिलाओं के बीच कहासुनी होने लगी। बात बढऩे पर हाथापाई शुरु हो गई। इसी दौरान रामजस गुप्ता के पुत्र सत्यम खून का प्यासा हो गया और हंैड पंप के हत्थे से भीम गुप्ता के सिर पर जबरदस्त प्रहार कर दिया। वह लहूलुहान होकर गिरा और बेहोश हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां शांति देवी (60) को भी मारपीट कर घायल कर दिया। हमलावर फरार हो गए। भीम गुप्ता और उसकी मां को परिजन आनन-फानन एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। डाक्टरों ने भीम गुप्ता को देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर लगते ही थानाध्यक्ष सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मृत युवक के परिजन और आस-पास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। हत्या में प्रयुक्त हैंड पंप के हत्थे को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद सगे भाइयों सत्यम और शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी हाथ नहीं लग सके।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात