लाइन बाजार के पचोखर गांव की घटना, हत्या का अंदेशा
दो बच्चों सहित फरार पति की तरफ घूम रही शक की सुई
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पचोखर गांव में रविवार की दोपहर संदिग्ध स्थिति में झुलसी महिला की लाश खेत में दिखाई पडऩे से सनसनी फैल गई। हत्या की आशंका जताई जा रही है। शक की सुई उसके पति की तरफ ही घूम रही है जो रात में ही दो बच्चों को लेकर फरार हो गया। खबर लगने से ननिहाल से आए मृतका के बड़े पुत्र ने तहरीर देकर पिता पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
उक्त गांव के निवासी विजय कुमार सिंह की शादी आजमगढ़ की साधना (40) के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के तीन संतान दो बेटे और एक बेटी पैदा हुई। इसी दौरान विजय कुमार सिंह रोजी-रोटी कमाने की गरज से गुजरात चला गया। बताते हैं कि वहीं विजय ने किसी दूसरी महिला से शादी रचा ली। इसका पता चलने के बाद साधना और विजय के बीच खटपट होने लगी। बड़ा पुत्र भानु प्रताप सिंह ननिहाल में ही रहकर पढ़ाई करने लगा जबकि बेटी निधि व छोटू अपनी मां के ही साथ घर पर ही रहते थे। तीन दिन पहले विजय घर आया था। शनिवार को पति-पत्नी के बीच फिर इसी को लेकर कहासुनी होने पर तैश में आकर विजय ने साधना की पिटाई कर दी थी। दोपहर में घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में साधना की जली लाश दिखाई पडऩे पर गांव में सनसनी फैल गई। शिनाख्त होने पर ग्रामीण सूचना देने उसके घर गए तो विजय सिंह दोनों बच्चों के साथ घर से लापता मिला। तब ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। तब पुलिस ने ननिहाल ेमें रह कर पढ़ाई कर रहे विजय सिंह के बड़े बेटे भानु प्रताप सिंह को मोबाइल फोन पर घटना की जानकारी दी। वह ननिहाल के लोगों के साथ आ गया। सीओ सिटी नृपेंद्र सिंह ने बताया कि भान प्रताप सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतका का शव खेत में कैसे पहुंचा पहुंचा इसकी जांच की जा रही है। फौरी तौर पर तो यही लगता है कि विजय सिंह ने ही पत्नी की हत्या की है। तह तक पहुंचने के लिए मामले की छानबीन की जा रही है।
Post a Comment