दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका, पुलिस छानबीनमें जुटी
पंवारा के बरेठी गांव की घटना, गुरुवार की रात में निकली थी घर से
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। पंवारा थाना क्षेत्र के बरेठी गांव में शुक्रवार की सुबह किशोरी की खेत में निर्वस्त्र लाश पाई जाने से सनसनी फैल गई। अंदेशा जताया जा रहा है कि दुष्कर्म के बाद उसकी गला घोंट कर हत्या की गई। शव को पुलिस ने पंचनामा के बाद कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ हो सकेगा कि किशोरी की हत्या कैसे की गई और उसके साथ रेप हुआ था या नहीं। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कलां गांव की प्रियंका यादव (17) पुत्री राम समुझ यादव गुरुवार की रात करीब आठ बजे परिजन को कुछ बताए बिना घर से निकल गई। देर रात तक नहीं लौटी तो परिजन ने सोचा कि गांव की ही प्रजापति बस्ती में नाच देखने गई होगी लेकिन सवेरे तक नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। कहीं पता नहीं चला। इसी बीच घर से कोई आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित पंवारा थाना क्षेत्र के बरेठी गांव में किशोरी की खेत में निर्वस्त्र लाश पाई जाने की खबर पूरे इलाके में फैल गई। किशोरी के शरीर के किसी हिस्से में कोई घाव नहीं था। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उसकी दुष्कर्म के बाद गला घोंट कर हत्या की गई। राम समुझ का बड़ा बेटा राज कुमार आशंकावश देखने गया। शव देखते ही वह रोने-बिलखने लगा। उसने शव की पहचान अपनी छोटी बहन प्रियंका यादव के रूप में की। मृतका प्रियंका यादव राज बहादुर सिंह इंटर कालेज करौरा में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। राम समुझ यादव पत्नी और छोटे बेटे के साथ रोजी-रोटी कमाने की गरज से मुंबई रहता है। इन दिनों घर पर मौजूद राज कुमार कानपुर में रह कर बीए की पढ़ाई करता है। राज कुमार ने बताया कि वह भी प्रजापति बस्ती में नाच देखने गया था। वह जब घर से निकला तो उसकी बहनें प्रियंका और नीतू एक ही कमरे में थीं। खबर मिलने पर मछलीशहर के कोतवाल सिद्धार्थ मिश्र एवं थानाध्यक्ष पंवारा विद्या सागर राय भी सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने भी पहुंच कर मौका मुआयना किया। राज कुमार यादव की तहरीर पर थाना पुुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पंचनामा के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ हो सकेगा कि प्रियंका यादव की मौत कैसे हुई। क्या उसके साथ दुष्कर्म किया गया था? पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
Post a Comment