सुजानगंज के सरायभोगी गांव की घटना, कारण साफ नहीं
सुजानगंज (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के सरायभोगी गांव में शुक्रवार की सुबह किशोरवय छात्र की नीम के पेड़ से फांसी के सहारे लटकी गई लाश पाई जाने से सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना दिए और पोस्टमार्टम कराए बिना परिजन ने आनन-फानन शव को दफना दिया। पुलिस घटना से अनभिज्ञता जता रही है।उक्त गांव निवासी मुन्ना सरोज रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई रहता है। उसका इकलौता पुत्र सनी (17) अपनी मां के साथ घर पर रह कर इंटर कालेज मुस्तफाबाद में 11 वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। सनी गुरुवार की रात में घर वालों को बिना बताए कहीं निमंत्रण खाने गया था। देर रात लौटने के बाद बाहर छप्पर में सो गया। शुक्रवार की सुबह जब महिलाएं शौच जाने के लिए बाहर निकली तो घर से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ सनी की फांसी के सहारे लटकी लाश देख घबरा उठीं। उनके शोर मचाने पर गांव के लोग जुट गए। शिनाख्त होने के बाद सूचना दी तो मुन्ना सरोज के घर में कोहराम मच गया। परिजन ने ग्रामीणों की मदद से फंदा खोल कर शव को नीचे उतारा। पुलिस को सूचना दिए और पोस्टमार्टम कराए बिना गांव में ही शव को दफना दिया। थाना पुलिस ऐसी किसी भी घटना से अनभिज्ञता जता रही है। मौत को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। रो-रोकर बेहाल मां का कहना है कि सनी ने खुदकुशी की तो इसके पीछे क्या कारण था, उसे खुद समझ नहीं आ रहा है।
Post a Comment