BREAKING NEWS

Monday, 6 November 2017

अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान फायरिंग और पथराव से दहशत


आधा दर्जन वाहनों के टूटे शीशे, एक स्कार्पियो को किया आगके हवाले
पथराव में चार सदस्य जख्मी, पुलिस ने एक दर्जन को लिया हिरासत में 
 

खुटहन (जौनपुर)। क्षेत्र पंचायत खुटहन की प्रमुख सरयूदेई के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सोमवार को मतदान के दौरान खूब बवाल हुआ। अविश्वास प्रस्ताव पर मत विभाजन में हिस्सा लेने जा रहे क्षेत्र पंचायत सदस्यों पर पथराव किया गया। करीब दस राउंड गोलियां
तड़तड़ाईं लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। पथराव में आधा दर्जन वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए। प्रमुख सरयूदेई के उग्र समर्थकों ने एक स्कार्पियो को आग के हवाले कर दिया। बावजूद इसके सभी सदस्यों ने मतदान किया और अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। पुलिस ने उपद्रव के आरोप में करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर किसी अज्ञात स्थान पर जाकर रखा है। देर रात खबर लिखे जाने तक मामला पंजीकृत नहीं हुआ था।
क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर अविश्वास प्रस्ताव पर मत विभाजन को लेकर सियासी गहमा-गहमी पूर्व संध्या से ही काफी बढ़ गई थी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने मुकम्मल इंतजाम किए थे। क्षेत्र पंचायत कार्यालय से कुछ दूरी पर पुलिस ने वाहनों को रोकने के लिए बैरीकेडिंग कर रखी थी। वहीं एक ट्रैक्टर भी खड़ा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया था। वहां से सदस्यों को मत विभाजन में हिस्सा लेने के लिए पैदल जाना था। एक वाहन से वोट डालने पहुंचे सदस्यों को रोकने के लिए कुछ उपद्रवियों ने भारी पथराव किया। पथराव में चार सदस्य जख्मी हो गए। आधा दर्जन वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए। इसी दौरान किसी ने गोलियां चला दीं। गोलियों से कोई हताहत तो नहीं हुआ लेकिन दहशत और भगदड़ मच गई। तब पुलिस ने हालात पर काबू पानेेके लिए न सिर्फ लाठियां फटकारीं बल्कि हवाई फायरिंग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। पुलिस ने करीब एक दर्जन हिंसा पर उतारू लोगों को हिरासत में ले लिया और अज्ञात स्थान पर भेज दिया। हालांकि पुलिस अपनी तरफ से फायरिंग किए जाने से इनकार कर रही है। इसके बाद सदस्यों को वाहन से क्षेत्र पंचायत मुख्यालय तक वाहन से पहुंचाया गया।
उधर, पश्चिमी गेट पर शाहगंज के सपा विधायक और सूबे के पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई समर्थकों के साथ डटे थे। वहां वूमेन पावर लाइन-1090 की गाड़ी पर महिला पुलिस पहुंची। उनके साथ एक महिला भी बैठी थी। सपा समर्थकों ने उसे बीडीसी सदस्य समझ कर गाड़ी रोक कर चाबी निकालने के साथ ही महिला सिपाही का मोबाइल भी ले लिया। पश्चिमी गेट से बीडीसी सदस्यों के वाहन सहित ब्लाक मुख्यालय तक पहुंचने पर शैलेंद्र यादव भी समर्थकों के साथ बैरीकेडिंग तोड़ कर ब्लाक मुख्यालय पर पहुंच गए। कहा कि जब सभी गाडिय़ों को बैरियर लगा कर रोका जा रहा है तो इन वाहनों को कैसे प्रवेश दिया गया। इसी बीच मौके पर जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र और एसपी केके चौधरी भी पहुंच गए। पूर्व सांसद धनंजय सिंह, एमएलसी बृजेश कुमार सिंह प्रिंसू की उनसे तीखी नोक-झोंक हो गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के समर्थकों को वहां से हटा दिया। इसी बीच वहां प्रतापगढ़ के सांसद और पूर्व प्रमुख रमेश सिंह के पिता हरिवंश सिंह भी आ गए। उनकी शैलेंद्र यादव ललई से गर्मागर्म बहस होने लगी। जिलाधिकारी ने दोनों को बाहर कराया। जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र ने विधायक शैलेंद्र यादव ललई और पूर्व सांसद को शांति व्यवस्था में खलल डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लेने का मौखिक आदेश दिया तो सभी मौके की नजाकत को देखते हुए वहां खिसक लिए। प्रमुख सरयूदेई के समर्थकों ने पश्चिमी गेट के पास खड़ी एक स्कार्पियो को आग के हवाले कर दिया।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात