BREAKING NEWS

Wednesday, 8 November 2017

धनंजय, प्रिंसू और ललई पर एक और मुकदमा दर्ज


सांसद हरिवंश सिंह की तहरीर पर खुटहन थानेमें दर्ज हुई एफआईआर  
हत्या के प्रयास, आगजनी और छिनैती के मामले में 35 हुए नामजद 
   खुटहन (जौनपुर)। स्थानीय थाने में पूर्व सांसद धनंजय सिंह, शाहगंज के सपा विधायक और पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू सहित 35 नामजद और दर्जनों अज्ञात के खिलाफ एक और गंभीर आपराधिक मामला दर्ज हो गया है। यह मुकदमा प्रतापगढ़ के अपना दल सांसद और क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर हरिवंश सिंह की तहरीर पर दर्ज किया गया है। मामला गत सोमवार को ब्लाक मुख्यालय पर प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान गोलीबारी, आगजनी, पथराव से संबंधित है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बस्ती बंदगान गांव निवासी कुंवर हरिवंश सिंह की पुत्र वधू नीलम सिंह पत्नी पूर्व प्रमुख रमेश सिंह की ओर से प्रमुख सूरजदेई के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। मतदान के दौरान वोट डालने आ रहे क्षेत्र पंचायत सदस्यों को रोकने के लिए पथराव, आगजनी और गोलीबारी की गई थी। पथराव में चार सदस्यों के घायल हो जाने के बावजूद सभी 109 सदस्यों ने मतदान किया था। अविश्वास प्रस्ताव 66 मतों से पारित हो गया था। मंगलवार की देर रात सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने थाने में तहरीर दी। पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विधायक शैलेंद्र यादव ललई, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू, नवीन सिंह सहित 35 नामजद व दर्जनों अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने, वाहनों में तोडफ़ोड़, आगजनी व छिनैती का आरोप लगाया। सांसद की तहरीर के अनुसार आरोपियों ने उनके कई वाहनों को पथराव कर क्षतिग्रस्त करने के साथ ही एक स्कार्पियो में आग लगा दी थी। आरोपियों ने उन्हें और उनके समर्थकों को जान से मारने की भी कोशिश की। उनके पुत्र रमेश सिंह के गले से सोने की चेन और पुत्र वधू नीलम सिंह के कान का झुमका छीन लिया। तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। मालूम हो कि घटना के दिन ही थानाध्यक्ष राजमूर्ति यादव और महिला दारोगा रमावती की तहरीर पर दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसके विरोध में विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को उत्पीडऩ के लिए फर्जी फंसाने का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन भी किया था।

इनसेट...
सांसद के वाहन से मिले थे 3 असलहे
   खुटहन (जौनपुर)। क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर सोमवार को प्रमुख सरयूदेई के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान हुए बवाल में पुलिस को सांसद कुंवर हरिवंश सिंह के वाहन की तलाशी के दौरान तीन लाइसेंसी असलहे मिले थे। असलहों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया था। इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष राजमूर्ति यादव ने की है। 

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात