BREAKING NEWS

Wednesday, 8 November 2017

अध्यक्ष के 10 और सभासद पदों के 156 प्रत्याशियों ने भरे पर्चे



नामांकन स्थलों पर रहा गहमा-गहमी का माहौल, बस दो दिन बाकी होने से आई तेजी
   जौनपुर। नगर निकाय निर्वाचन-2017 के लिए बुधवार को जिले में अध्यक्ष पदों के दस और सभासद पदों के लिए 156 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे। नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर और तीन नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए आज किसी ने भी पर्चा दाखिल नहीं किया। नामांकन के लिए बस दो दिन बाकी रह गए हैं। गुरुवार से इसमें और तेजी आने की संभावना है।
नगर निकाय चुनाव कन्ट्रोल रुम से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद-जौनपुर अध्यक्ष पद के लिए आज बहुजन समाज पार्टी के बागी नेता सलीम खान की पत्नी शाहीन बानो और  के  निर्दलीय खुशनूर बानो पत्नी मोहम्मद ताविज ने निषाद पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र भरे। 39 वार्डों के सभासद पदों के लिए 58 उम्मीदवारों ने कलक्टरेट परिसर पहुंच कर गहमा-गहमी के बीच परचा दाखिल किया। नगर पालिका परिषद शाहगंज के अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय उम्मीदवार प्रियंका पत्नी प्रमोद और सभासद पदों के लिए 23 प्रत्याशियों ने अपने-अपने परचे भरे। नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर अध्यक्ष पद के लिए किसी ने परचा नहीं भरा जबकि सभासद पदों के लिए पांच उम्मीदवारों ने नामांकन किया।
इसी क्रम में नगर पंचायत मडिय़ाहूं के अध्यक्ष के लिए किसी ने भी नामांकन पत्र नहीं भरा। वार्ड सभासद पदों के लिए 14 प्रत्याशियों ने तहसील मुख्यालय पहुंच कर परचा दाखिल किया। नगर पंचायत बदलापुर के अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा पांच निर्दलीय प्रत्याशियों ने परचा दाखिल किया। इनमें सुमन पत्नी सुमेर, सीमा पत्नी सुरेश, स्नेहलता पत्नी शरद, तेजना देवी पत्नी बनवारी और केवला पत्नी लालता प्रसाद रहीं। सभासद पदों के लिए 20 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे। नगर पंचायत मछलीशहर के अध्यक्ष पद के लिए किसी ने भी परचा नहीं भरा। सभाद पदों के लिए भी सिर्फ दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। नगर पंचायत केराकत के अध्यक्ष पद के लिए संतोष साहू पुत्र मोती लाल साहू ने निर्दल प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। सभासद पदों के लिए 10 प्रत्याशियों ने अपने-अपने परचे भरे। नगर पंचायत खेतासराय के अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में पूर्व अध्यक्ष वसीम अहमद पुत्र मोहम्मद दाऊद ने पर्चा दाखिल किया। सदस्य पदों के लिए 19 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। नगर पंचायत जफराबाद अध्यक्ष पद के लिए आज किसी ने भी पर्चा नहीं भरा। सभासद पदों के लिए पांच प्रत्याशियों ने नामांकन किए। नामांकन के लिए संबंधित तहसील मुख्यालयों पर खूब गहमा-गहमी देखी गई। वहीं पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह चौकन्ना रहा।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात