BREAKING NEWS

Tuesday, 7 November 2017

नामजद 11 में से 8 आरोपी गिरफ्तार


खुटहन में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान बवाल का मामला
पुलिस की दविश से कई गांवों में दहशत, युवक घर से भागे 
आरोपियों में धनंजय, ललई और बृजेश सिंह प्रिंसू भी शामिल 
   खुटहन (जौनपुर)। क्षेत्र पंचायत खुटहन की प्रमुख सरयूदेई के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सोमवार को मत विभाजन के दौरान पथराव, गोलीबारी और आगजनी की घटना के संबंध में थाना पुलिस ने   11 नामजद समेत करीब दो सौ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद किए गए आरोपियों में पूर्व सांसद धनंजय सिंह, शाहगंज के विधायक पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई और एमएलसी बृजेश कुमार सिंह प्रिंसू भी हैं। थानाध्यक्ष और महिला दारोगा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में से आठ को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। जाति विशेष के अधिकांश युवक घर छोड़ कर भाग गए हैं।
सोमवार की रात कैराडीह, काजी शाहपुर, पिलकिछा, खोभरिया, पटैला, गौसपुर, शेरापट्टी, अंगुली, ताजूपुर, शेरपुर सहित दर्जनों गांवो में पुलिस की दबिश से हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने नामजद 11 में से आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में काजी शाहपुर गांव के जितेंद्र यादव, अंगद यादव, कपसिया गांव के बलजीत यादव, सुरेश यादव, ताजूपुर गांव के राजमणि यादव, अंगुली गांव के रामेश्वर यादव तथा खेतासराय थाना इलाके के एत्मादपुर गांव के चंद्र शेखर यादव व बख्शा थाना के नौपेड़वा बाजार निवासी श्रवण कुमार यादव हैं। सभी का पुलिस ने मंगलवार को चालान कर दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। थानाध्यक्ष राममूर्ति यादव की तहरीर पर ग्यारह नामजद सहित करीब डेढ़ सौ अज्ञात और महिला दारोगा रमावती की तहरीर पर अज्ञात पचास व्यक्तियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आगजनी, तोड़फ़ोड़ व सरकारी कामकाज में बाधा डालने सहित अन्य संज्ञेय आपराधिक कृत्य की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष राममूर्ति यादव ने बताया कि वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई से चौराहे पर भी भय का माहौल रहा। हमेशा जहां लोगों का जमावड़ा लगा रहता था आज वहां इक्का-दुक्का लोग ही नजर आ रहे थे। 

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात