BREAKING NEWS

Wednesday, 4 October 2017

बहनोई ने ही लूट लिया महिला का धन-धर्म

बहनोई ने ही लूट लिया महिला का धन-धर्म 

नौकरी दिलाने के बहाने मुंबई ले जाकर करता रहा बलात्कार

पीडि़ता की तहरीर पर बदलापुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा 

बदलापुर (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने बहनोई पर सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने मुंबई ले जाकर नकदी और जेवर ऐंठ लेने तथा जान से मार डालने की धमकी देते हुए कई बार बलात्कार किए जाने का आरोप लगाया है। थाना पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीडि़ता को मेडिकल मुआयना के लिए जिला महिला चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
तहरीर के मुताबिक पीडि़ता की छह वर्ष की एक बेटी और डेढ़ बरस का बेटा है। उसके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। मुंबई में व्यवसाय करने वाला उसका बहनोई शिव शंकर उपाध्याय गत 15 सितंबर को उसके घर आया। उसे मुंबई में ले जाकर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसके बहकावे ेमें आकर पीडि़ता अपने डेढ़ बरस के बेटे और दस हजार रुपये नकद, सोने का मांगटीका, चेन तथा अन्य जेवर लेकर साथ मुंबई चली गई। मुंबई पहुंचते ही शिव शंकर ने बहका-फुसला कर नकदी और जेवर ले लिया। इसके बाद एक कमरे में रख कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता रहा। दस दिन बाद 25 सितंबर को उसे लेकर आया और बदलापुर में नहर के पास छोड़ कर भाग गया। वह किसी तरह घर पहुंंची। लोक-लाजवश वह खामोश रही। बहनोई द्वारा बार-बार धमकी दिए जाने पर आजिज आकर उसने बुधवार को बदलापुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 376, 406 एवं 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पीडि़ता को मेडिकल मुआयना के लिए महिला कांस्टेबल के संरक्षण में जिला महिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही पुलिस टीम आरोपी की धर-पकड़ के लिए मुंबई भेजी जाएगी।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात