हिमाचल और गुजरात में एक साथ चुनाव न कराने पर मांगी सफाई
प्रेस वार्ता में कहा, ताजमहल भारत की शान, इस पर न हो राजनीति
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी पर कांग्रेस का खौफ सवार हो गया है। वह बुरी तरह से डर गई है। हिमाचल प्रदेश और गुजरात में हार की डर से ही भाजपा एक साथ चुनाव नहीं करा रही है। यह बात कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सिराज मेंहदी ने मंगलवार को शिया डिग्री कालेज में पत्रकार वार्ता में कही।सिराज मेंहदी ने कहा सूबे में नगर निकाय चुनाव कांग्रेस अकेले बूते लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर की अगुवाई में सभी बड़े नेता एकजुट होकर दौरा कर रहे हैं। सात महीने में ही योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो गई है। कानून-व्यवस्था की स्थिति पिछली सरकार से भी बदतर हो गई है। आंकड़े ही इसकी गवाही दे रहे हैं। बिजली व्यवस्था भी पहले से खराब हो गई है। प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जांच के नाम पर विकास कार्यरोक दिए गए हैं। अधिकारी इस डर से कोई काम करा नहीं रहे हैं कि इसके बाद जो सरकार आएगी वह भी जांच कराएगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य क्या भगवान राम का नाम लेकर प्रदेश की सड़कों के गड्ढा मुक्त होने की कसम खा सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्या अयोध्या और चित्रकूट में पहली बार दीवाली मनाई गई है? इसके पहले नहीं मनाई जाती थी जो सरकार इस तरह का दिखावा कर रही है। नोटबंदी, जीएसटी और महंगाई के चलते हाहाकार से दीवाली में बाजार में सन्नाटा रहा। जनता ने खुशी की बजाय मायूसी से पर्व मनाया। इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश सिंह, बृजेश कुमार तिवारी एडवोकेट, नजमुल हसन आदि मौजूद रहे।
Post a Comment