दो दिन पहले घर से भागे प्रेमी युगल को पकड़ लिया था पुलिस ने
प्यार के आगे झुके परिजन, मंदिर परिसर में हंसी-खुशी से हुई शादी
खेतासराय (जौनपुर)। भाभी की बहन पर दिल आ गया तो दोनों चुपके से घर से भाग गए। पुलिस ने युवती को बरामद कर आरोपी को पकड़ लिया। दोनों के प्यार के आगे परिवार वालों को झुकना पड़ा। शुक्रवार को मंदिर में ईश्वर को साक्षी मान कर दोनों जीवन साथी बन गए। पुलिस शादी कराने में खुद की किसी तरह की भूमिका से इनकार कर रही है।

इसी थाना क्षेत्र के नदौली गांव निवासी शोभई के बड़े बेटे वीरेंद्र की शादी पाराकमाल गांव के लल्लू प्रसाद के घर हुई थी। वीरेंद्र का छोटा भाई धीरेंद्र अक्सर भाई की ससुराल आता-जाता रहता था। करीब दो साल पहले उसका दिल अपनी भाभी को छोटी बहन विजयलक्ष्मी पर आ गया। दोनों का प्यार परवान चढ़ता गया। दोनों साथ जीने-मरने की कसमें खाने लगे। परिजन शादी करने के लिए तैयार होंगे या नहीं इसी शंका में दोनों ने घर से भाग कर अलग दुनिया बसाने की ठान ली। योजना के मुताबिक दो दिन पहले विजयलक्ष्मी घर से चुपके से निकल गई। तय जगह पर धीरेंद्र उसे मिल गया। इधर खोजबीन में जुटे विजय लक्ष्मी के परिजन ने कोई सुराग न मिलने पर थाने पर सूचना दे दी। सक्रिय हुई पुलिस ने गुरुवार को युवती को बरामद कर धीरेंद्र को हिरासत में ले लिया। पुलिस के सामने विजय लक्ष्मी ने साफ कर दिया कि वह धीरेंद्र से प्यार करती है। उसी के साथ शादी कर जिंदगी बिताना चाहती है। उसने यह भी कहा कि वह अपनी मर्जी से धीरेंद्र के साथ गई थी। पुलिस ने दोनों के परिजन को सूचना देकर थाने बुलाया। थाने में दोनों पक्ष विजयलक्ष्मी और धीरेंद्र के प्यार के आगे हार गए और दोनों की शादी कर देने पर रजामंद हो गए। शुक्रवार को मनेछा बादशाही स्थित हनुमान जी मंदिर में दोनों के परिजन एकत्र हुए। ईश्वर को साक्षी मान कर धीरेंद्र ने जयमाल डाला तो विजयलक्ष्मी ने वरमाला पहनाई। मंदिर परिसर में ही अग्नि के आगे दोनों सात फेरे लेकर जीवन साथी बन गए। वहीं से विदा होकर विजय लक्ष्मी हंसी-खुशी के माहौल में ससुराल चली गई। इस शादी की पूरे इलाके में चर्चा है।
Post a Comment