BREAKING NEWS

Saturday 28 October 2017

भावी उम्मीदवारों के बैनरों और होर्डिंगों पर आफत




3 नगर पालिका परिषदों और छह नपं में तेजी से हटाने का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी
 
जौनपुर। स्थानीय नगर निकाय चुनाव रूपी राजनीतिक महाभारत के लिए शंखनाद होने के बाद भावी उम्मीदवारों द्वारा सड़कों में प्रमुख स्थानों से लेकर गली-कूंचों तक लगवाए गए बैनर, पोस्टर और होर्डिंग तेजी से उखाड़े और हटाए जा रहे हैं। शनिवार को दूसरे दिन भी जिले की तीन नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायतों में यह कार्य पुलिस की मदद से नगर निकाय के कर्मचारी जोरों पर करते रहे। आदर्श चुनाव आचार संहिता पर सख्ती से अमल कर रहा जिला प्रशासन अगले दो-तीन में सभी पोस्टर, बैनर और सभी छोटी-बड़ी होर्डिंग हटवा देने का निर्देश दिया है।
राज्य चुनाव आयोग द्वारा शुक्रवार को सूबे में तीन चरणों में स्थानीय नगर निकायों की तिथियों का ऐलान होते ही राजनीतिक दलों और चुनाव मैदान में उतरने वालों की सक्रियता बढ़ गई। जिले की छह नगर निकायों की सरकार के चुनाव के लिए तीसरे और आखिरी चरण में 29 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। जहां विभिन्न दलों से वार्ड मेंबर और अध्यक्ष पद के टिकट के दावेदार और उनके समर्थकों की सक्रियता बढ़ गई वहीं आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन कराने के लिए जिला प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। पहले चरण में भावी उम्मीदवारों के शहर और नगरों में प्रमुख स्थानों तथा चौराहों से लेकर गली-कूंचों तक  लगे भावी प्रत्याशियों के बैनर-पोस्टर और होर्डिंग निशाने पर आ गए हैं। पुलिस को साथ लेकर स्थानीय नगर निकायों के कर्मचारी उन्हें हटाने में जुट गए हैं। मुंगराबादशाहपुर संवाददाता के अनुसार: नगर निकायों के चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही सक्रिय हुए प्रशासन ने नगर क्षेत्र में चुनाव सम्बन्धी लगवाये गये बैनरो पोस्टरों को शुक्रवार की शाम को ही हटवाने का अभियान चला दिया तथा जो भी चुनाव सम्बन्धी बैनर पोस्टरों दिखे उन्हे उखड़वानें में जुट गया। चुनाव आचार संहिता के अनुपालन में उप जिलाधिकारी के निर्देश पर थानाध्यक्ष केके मिश्र के नेतृत्व में नगर पालिका कर्मियों के सहयोग से नगर के तिराहे से लेकर पूरे नगर क्षेत्र में भावी प्रत्याशियों के लगवाये गये बैनरो-होर्डिंगो को उखाड़ कर अपने कब्जे में कर लिया। इस मौके पर उप निरीक्षक राजेश दूबे की अगुवाई में चल रहा उडऩ दस्ता होर्डिंग व बैनरो से नगर को मुक्त करने में अपनी भूमिका अदा की। केराकत संवाददाता के अनुसार: शासन के निर्देश पर आगामी होने वाले नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन करते हुये नगर में दीवारों पर लगे राजनैतिक पोस्टर व खंभों पर लगे राजनैतिक बैनरो को नगर पंचायत के अधिकारी व कर्मचारीयों ने सख्ती के साथ उतरवाया। नगर पंचायत के अधिशाशी अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि आदर्श आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन करते हुये नगर में लगे हुए सभी राजनैतिक पोस्टर व बैनरो का उतराने का कार्यक्रम चल रहा है। नगर में किसी राजनैतिक का पोस्टर बैनर छोड़ा नहीं जाएगा। सभी राजनैतिक पोस्टरों व बैनरो को जरूर उतरवाया जाएगा। खबर लिखे जाने तक पोस्टर व बैनर उतरवाने का कार्यक्रम चल रहा था। इस मौके पर नायब तहसीलदार अजीत कुमार सिंह, नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी मनोज कुमार, वरिष्ठ लिपिक प्रेम लाल मौर्या, मुमताज, इरफान खान, राजेश यादव, रामशरण निषाद आदि कर्मचारी पोस्टर बैनर हटवाने में लगे रहे। आगे नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि शासन द्वारा पारित अन्तिम आरक्षण की सूची को नगर पंचायत के नोटिस बोर्ड पर चस्पा भी करा दिया गया है। मछलीशहर संवाददाता के अनुसार: नगर पंचायत चुनाव के लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी हो गयी है। अधिसूचना जारी होते ही प्रशासनिक अधिकारी दिवाल व पोलों पर लगे बैनर पोस्ट उतरवाना शूरू कर दिया। सभी राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गयी है। प्रत्याशी तय करने के लिए राजनीतिक दलों में कसमकस चल रही है लेकिन खुद का टिकट पक्का मानकर चुनाव प्रचार के लिए लोगों ने होर्डिंग और पोस्टर से शहर को पाट दिया था। अधिसूचना जारी होते ही तहसीलदार सन्तोष सोनकर व अधिशासी अधिकारी धीरज कुमार सिंह की निगरानी में पुलिस टीम ने रोड़ गली कूचे में लगे पोस्टर बैनर उतरवाना शुरू कर दिया है। इस मौके पर नगर पंचायत कार्यालय वरिष्ठ लिपिक मुश्ताक खान, प्रमोद श्रीवास्तव, कस्बा इंचार्ज महेंद्र यादव सहित पुलिस बल के साथ सहयोग किया।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात