BREAKING NEWS

Tuesday 31 October 2017

तहसील मुख्यालयों पर लेखपालों का धरना-प्रदर्शन


पांच सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा   
 
जौनपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर लंबित मांगों को लेकर जिले की सभी छह तहसील मुख्यालयों पर लेखपालों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर धरना दिया। मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन की प्रति उप जिलाधिकारी को सौंपा।
सदर तहसील मुख्यालय पर संघ के अध्यक्ष कृष्णानंद पांडेय के नेतृत्व में धरना दिया गया। धरना पर बैठने वालों में मंत्री विष्णु नारायण सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, उप मंत्री गौरव श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष अनुराग, धीरेंद्र सिंह, राम प्रताप सिंह, अरविंद पांडेय, राजेश सिंह, वीरेंद्र सिंह, हरिकेश विश्वकर्मा, श्रवण चौधरी, कृष्ण चंद्र मौर्य, श्याम बहादुर यादव, राजेश श्रीवास्तव आदि रहे। धरना के दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पिछले साल संघ के प्रांतीय नेतृत्व ने शासन को छह सूत्री मांग पत्र दिया था। 21 सितंबर 2016 को तत्कालीन मुख्यमंत्री ने संघ के प्रतिनिधमंडल के साथ वार्ता में सभी मांगों को जायज मानते हुए शीघ्र पूरा करने के लिए वार्ता मेें मौजूद मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव राजस्व को निर्देश दिया था लेकिन आज तक मांगें लंबित हैं। धरना की समाप्ति पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन की प्रति उप जिलाधिकारी प्रियंका प्रियदर्शिनी को सौंपा। इसमें मांग की गई है कि लेखपाल की शैक्षिक अर्हता स्नातक और पद नाम राजस्व उप निरीक्षक किया जाए। एसीपी की विसंगति दूर की जाए। लेैखपालों को लैपटॉप और स्मार्ट फोन उपलब्ध कराया जाए। विशेष परिस्थितियों में लेखपाल के निजी अनुरोध पर प्रदेश के किसी भी जनपद में स्थानांतरण संबंधी लेखपाल सेवा अधिनियम में संशोधन किया जाए। वर्ष 2001 में चयनित वर्ष 2003-2004 में प्रशिक्षित शासन / राजस्व परिषद की कमी के कारण एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त लेखपालों को पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाए।
मछलीशहर संवाददाता के अनुसार स्थानीय तहसील मुख्यालय पर धरना के बाद लेखपालों ने नायब तहसीदार सन्तोष कुमार शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष लाल चन्द्र श्रीवास्तव, तहसील अध्यक्ष जय शंकर यादव, मन्त्री दुर्गेश यादव, अभिषेक सिंह, नीलम, अमर बहादुर, परमानंद, लालचन्द्र पाण्डेय, सदानंद सहित सभी लेखपाल उपस्थित थे।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात