BREAKING NEWS

Sunday 22 October 2017

आटो रिक्शा बेकाबू होकर पलटा, मासूम की मौत


एक ही परिवार के पांच लोगों सहित सात गंभीर रूप से घायल 

मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। जौनपुर-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंवारा थाना क्षेत्र के टोल टैक्स बैरियर के पास रविवार की शाम आटो रिक्शा के अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक ही परिवार के पांच लोगों सहित आठ व्यक्ति घायल हो गए। इनमें से एक मासूम ने उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। तीन महिलाओं को हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रविवार की शाम करीब चार बजे एक आटो रिक्शा पंवारा के लिए सवारियां बैठा कर चला। आटो रिक्शा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंवारा टोल टैक्स बैरियर के आगे पहुंचा तो तो चालक के नियंत्रण खो देने से पलट गया। घायलों की चीख-पुकार सुन कर आस-पास के लोग पहुंच गए। उन्होंने आटो रिक्शा में फंसे घायलों को बाहर निकाला। आनन-फानन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने नैन्सी (7) पुत्री राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल परमहंसा सिंह (50) पत्नी विनोद सिंह निवासी ग्राम बनगांव, सरस्वती देवी (45) पत्नी लालमणि ग्राम बोड़ेपुर एवं धर्मा देवी (44) पत्नी राजेश कुमार को हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अन्य घायलों राजेश कुमार के पुत्रों कन्हैया लाल (10), नितेश (7) के अलावा आरती (8) का सीएचसी मछलीशहर में ही उपचार चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात