BREAKING NEWS

Monday 30 October 2017

भाजपा में टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारा-मारी


                       -----स्थानीय नगर निकाय चुनाव------
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद को सबसे अधिक 24 ने ठोंकी है दावेदारी
अन्य दो नगर पालिका परिषदों और छह नपं में टिकट चाहने वाले लगा रहे दौड़  
सपा और बसपा में भी जोर आजमाइश लेकिन कांग्रेस के दिन बहुरते नहीं लग रहे 
   जौनपुर। इसी साल हुए विधान सभा चुनाव में गांवों में भी जनाधार बढ़ाते हुए सूबे में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी शहरी मतदाताओं की पहली पसंद बनी हुई है। यह बात इससे भी साबित हो जाती है कि स्थानीय नगर निकाय चुनाव में इसी पार्टी के टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी मची है। दूसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी का टिकट चाहने वाले हैं। फिर नंबर आता है बसपा का। कांग्रेस फिलहाल दुर्दिन से उबरती नहीं दिख रही है। टिकट के लिए कहीं कोई जोर आजमाइश करता नजर नहीं आ रहा है। पार्टियों के जिला कार्यालय का माहौल और नेताओं के यहां लगने वाली दावेदारों की कतार भी इसी माहौल को बयां कर रहा है।
जिले की तीन नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायत के अध्यक्ष पद ही नहीं वार्ड सभासद के टिकट के लिए भी दावेदारों की भारी-भरकम फौज ने संगठन के जिला और प्रदेश नेतृत्व को बहुत धर्म संकट में डाल रखा है। महिला के लिए आरक्षित नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद के लिए टिकट की सबसे ज्यादा 24 दावेदार हैं। मुंगराबादशाहपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए 9 जबकि शाहगंज में 11 टिकट पर अपना दावा जता रहे हैं। नगर पंचायत केराकत में पांच, मडिय़ाहूं में आठ, बदलापुर में तीन, खेतासराय में छह, मछलीशहर में 9 जबकि जफराबाद में सबसे कम दो दावेदार हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय का कहना है कि तीनों नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का नाम पार्टी का प्रदेश नेतृत्व तय करेगा। दावेदारों में से जिताऊ और पार्टी समर्पित तथा निष्ठावान कार्यकर्ताओं की सूची बना कर प्रदेश नेतृत्व को भेजी जा चुकी है। वार्ड सभासदों और नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं सभासदों पद के प्रत्याशी स्थानीय स्तर पर ही संगठन चयनित करेगा। यह काम तेजी से निबटाया जा रहा है। नामांकन की प्रक्रिया से पहले ही अध्यक्ष व वार्ड सभासदों के उम्मीदवार के नाम तय कर सूची जारी कर दी जाएगी। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता स्थानीय निकायों में भी अपनी सरकार बनाने के लिए प्राण-प्रण से एकजुट हैं।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष राज नारायण बिंद से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा दस, मुंगराबादशाहपुर में दो और शाहगंज में तीन दावेदार हैं। नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों की वह संख्या तक नहीं बता सके। कहा कि सभासद पद के टिकट के दावेदारों के साक्षात्कार मेें व्यस्त हूं। अध्यक्ष पद के दावेदारों की सूची जिला स्तर पर क्रम से बना कर पार्टी के राज्य मुख्यालय भेज दी गई है। पार्टी नेतृत्व से 4 नवंबर को उम्मीदवार का नाम तय कर सूची आने के बाद बता दी जाएगी। बहुजन समाज पार्टी के अध्यक्ष अमरजीत गौतम भी सिर्फ  नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद के लिए पांच और नगर पंचायत बदलापुर के लिए आठ और खेतासराय में चार दावेदार की संख्या बता सके। अन्य दो नगर पालिका परिषद और चार नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए टिकट चाहने वालों की संख्या भी नहीं बता सके। कहा कि वाराणसी में जोनल बैठक में इसी पर चर्चा हो रही है। मंगलवार को संपर्क करें, बता दूंगा। कांग्रेस स्थानीय नगर निकाय चुनाव को लेकर कितनी गंभीर है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पार्टी के जिलाध्यक्ष इंद्र भुवन सिंह सिर्फ नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद के लिए पांच टिकट के दावेदारों की संख्या बता सके। बाकी दो नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में टिकट चाहने वालों की संख्या भी गिना नहीं सके। 

1 comment :

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात