BREAKING NEWS

Tuesday 21 November 2017

सत्ता के विकेंद्रीकरण की हिमायती है भाजपा: आदित्यनाथ



15 साल में सपा-बसपा ने नगर निकायों को बना दिया पंगु 
भाजपा जीती तो बनाएगी स्वावलंबी, सक्षम और आत्मनिर्भर 
   जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा भारतीय जनता पार्टी सत्ता के विकेंद्रीकरण में विश्वास करती है। पार्टी स्थानीय नगर निकायों को स्वावलंबी, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरी है। पिछले पंद्रह साल में सपा-बसपा की सरकारों ने इन्हें पंगु बना दिया है। वह मंगलवार को टीडीपीजी कालेज के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा स्थानीय नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत विकास की गारंटी होगी। उनकी सरकार अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश बनाने के लिए दृढ़ निश्चय के साथ काम कर रही है। भाजपा कानून के राज मेें यकीन करती है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। भ्रष्टाचारियों और अपराध से अर्जित की गई संपत्ति जब्त की जाएगी। कानून हाथ में लेने वालों से किसी भी तरह की नरमी बरतने वाले पुलिस कॢमयों को नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा। निकाय चुनाव में सरकार आपके पास विकास का अवसर लेकर आई है। इसे हाथ से मत जाने दीजिएगा। उन्होंने कहा पिछली सरकारें बिजली देने तक में भेदभाव करती थीं। सिर्फ तीन-चार जिलों को बिजली मिलती थी। बाबा साहब भीमराम अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को की गई घोषणा के बाद से सभी 75 जिलों को बिना किसी भेदभाव के भरपूर बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दीपावली के दिन अयोध्या जगमगा रही थी, उसी तरह प्रदेश की सभी 653 नगर निकायों को जगमग करने के लिए नगर विकास विभाग ने केंद्र से करार किया है। इसके तहत सभी नगर निकायों में एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे बिजली बिल कम आएगा। इसी से होने वाली बचत की राशि से अगले सात साल तक मेंटिनेंस होगा। वाराणसी, लखनऊ  और इलाहाबाद में यह काम पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है। प्रदेश में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं। जौनपुर के मशहूर इत्र और इमरती को उचित स्थान इसलिए नहीं मिला कि पिछली सरकारों ने इस दिशा में कोई काम ही नहीं किया। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक सेंटर स्थापित किया गया है। आपके उत्पादों को दुनिया में बाजार देने की जिम्मेदारी हमारी है। उन्होंने करीब 25 मिनट के भाषण के दौरान सपा-बसपा को ही निशाने पर रखा। एक बार भी कांग्रेस का नाम तक नहीं लिया। सपा-बसपा की पिछली सरकारों ने भ्रष्टाचार और अकर्मण्यता के कारण नगर की जिंदगी को नारकीय बना दिया है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा जीती तो सड़कें चौड़ी और खुली बनाएगी। पटरी, ठेला और खोमचा के छोटे कारोबारियों के व्यवस्थित पुनर्वास करेगी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर टू डोर जाकर सफाई कर्मी कूड़ा संग्रह करेंगे। 2022 तक हर गरीब परिवार को मकान देंगे। उन्होंने कहा कि जहां सपा सरकार ने पांच साल में सिर्फ 29 हजार लोगों को आवास दिए और उसमें भी भेदभाव किया वहीं सिर्फ सात महीने के भीतर हमारी सरकार ने 11 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराया है। अंत में उन्होंने जिले की सभी तीन नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को मंच पर खड़ा करा कर उन्हें और सभी वार्ड सदस्य प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। कहा कि इस चुनाव से केंद्र और राज्य की सरकारों पर कोई असर नहीं पड़ता लेकिन नगर निकाय शासन की शुचिता और योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाती हैं। नगर निकाय चुनाव में भी भाजपा को भारी जीत दिलाएं विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
सभा को राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सांसद द्वय डा. कृष्ण प्रताप सिंह केपी, राम चरित्र निषाद, एमएलसी डा. केदार नाथ सिंह, गोरखपुर क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष उपेंद्र नाथ शुक्ल, जफराबाद के विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह, बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्र, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष पद की प्रत्याशी किरन श्रीवास्तव आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न और प्रत्याशी किरन श्रीवास्तव ने अंगवस्त्रम भेंट किया। संचालन अजय सिंह ने किया। इस मौके पर केराकत के विधायक दिनेश चौधरी, मडिय़ाहूं की विधायक लीना तिवारी, पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला आदि मौजूद रहे। भाजपा के जिला प्रभारी रामतेज पांडेय ने आभार जताया। संचालन अजय सिंह ने किया।


बुर्कापोश महिलाएं बनीं आकर्षण का केंद्र
   जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी जनसभा में टीडीपीजी कालेज के मैदान में आईं बुर्कापोश मुसलिम महिलाएं आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इनमें कुछ वार्ड सभासद पद की प्रत्याशी भी थीं। जनसभा के बाद उनके साथ सेल्फी लेने के लिए भाजपा कार्यकर्र्ताओं में होड़ सी मची रही। देखने वाले कहते सुने गए कि अब अल्पसंख्यक समुदाय भी भाजपा से जुडऩे लगा है। तीन तलाक प्रकरण से अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं का भाजपा के प्रति नजरिया सकारात्मक हुआ है। 

केसरिया से पटा टीडी कालेज का मैदान
   जौनपुर। भगवाधारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में टीडीपीजी कालेज का मैदान केसरिया मय नजर आया। पूरा मंच जहां केसरिया रहा वहीं तमाम कार्यकर्ता ही नहीं कई मंचासीन नेता भी केसरिया वस्त्र धारण किए हुए थे। उत्साहिक कार्यकर्ता बार-बार जय श्रीराम के उद्घोष के साथ ही बड़े-बड़़े झंडे लहरा रहे थे। 

चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे सुरक्षा बल 
   जौनपुर। योगी आदित्यनाथ की जनसभा के दौरान सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था थी कि परिंदा भी पर नहीं मार सके। जनसभा स्थल टीडीपीजी कालेज का मैदान ही नहीं बल्कि आस-पास के इलाकों में भी चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहे। जनसभा स्थल पर जाने वाले हर व्यक्ति को मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना पड़ा। इतना ही नहीं सभास्थल पर जाने वाले हर व्यक्ति के जेब में मौजूद रूमाल को भी पुलिस कर्मी देखते रहे। क्यों कि खुफिया रिपोर्ट थी कि कोई खुराफातीतत्व जेब में काली रूमाल लेकर दिखाने जा सकता है। 

कांग्रेस का नहीं लिया नाम 
   जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समय के पाबंद दिखे। निर्धारित समय दोपहर 12 बजे की बजाय 11.55 पर ही मंच पर पहुंच गए योगी आदित्यनाथ 12.17 बजे जनसभा को संबोधित करना शुरु किया। करीब 25 मिनट के भाषण के दौरान उन्होंने जहां सपा और बसपा पर तीखे प्रहार किए वहीं कांग्रेस का एक बार नाम तक नहीं लिया। 

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात