BREAKING NEWS

Thursday 23 November 2017

राहुल के अध्यक्ष बनने से कांग्रेस होगी मजबूत: किशोरी लाल


सोनिया के निजी सचिव सिराज मेंहदी के घर आए मातमपुर्सी में 
 
   जौनपुर। राहुल गांधी के कमान संभालने के बाद कांग्रेस नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी और संगठन मजबूत होगा। यह बात कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी और आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव किशोरी लाल शर्मा ने कही। वह गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सिराज मेंहदी के कलापुर स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वह सिराज मेंहदी की वालिदा हसन बांदी की मातमपुर्सी में आए थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक चुनाव की अधिसूचना जारी हो गयी है। पूरी पार्टी राहुल गांधी को अध्यक्ष पद पर देखना चाहती है। गांधी परिवार में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सादगी के प्रतीक हैं साथ ही ये दोनों नेता पार्टी के लिए मेहनत करने में पीछे नहीं हटते। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जम कर तंज कसे। कहा कि भाजपा के नेताओं में संस्कार की कमी है। इसका प्रमाण है कि  बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी लालू यादव के परिवार पर लगातार अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सियासी जमीन दरकनी शुरु हो गई है।  प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ निकाय चुनाव का प्रचार कर रहे हैं ऐसा लगता है कि उन्हें अपनी सरकार के काम पर विश्वास नहीं है। प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के सारे वादे झूठे साबित हुए हैं। आज तक गड्ढा मुक्त सड़कें नहीं हुई। जमीनी स्तर पर काम करना और झूठे वादे करना दोनों अलग चीजें हैं। बीजेपी सिर्फ खोखले वादे कर के जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने गुजरात चुनाव पर कहा कि गुजरात में कांग्रेस पार्टी बहुत ही मजबूती से चुनाव लड़ रही है। बीजेपी के पास अब कुछ बचा नहीं तो वो पाटीदार समाज के नेता हार्दिक पटेल की मनगढ़ंत सीडी बनवाकर वायरल किए हुए है। सीडी लैब में गयी है जल्द ही सच्चाई सामने आ जायेगी। इस मौके पर रोहित सिंह, आफताब खान आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात