जौनपुुर में माया, शाहगंज में गीता और मुंगराबादशाहपुर में शिव गोविंद ने कमान संभाली
जौनपुर। जिले की तीन नगर पालिका परिषदों में मंगलवार को स्थानीय सरकारें पदारुढ़ हो गईं। अध्यक्ष और सभासदों को समारोहपूर्वक पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। नगर पालिका परिषद जौनपुर में माया टंडन तो शाहगंज मेें गीता जायसवाल ने दूसरी महिला अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। मुंगराबादशाहपुर में शिव गोविंद साहू ने कमान संभाल ली है।
नगर पालिका परिषद जौनपुर में शपथ ग्रहण समारोह टाउन हाल के मैदान में आयोजित हुआ। निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे विलंब से शुुरु हुए समारोह में उप जिलाधिकारी सदर प्रियंका प्रियदर्शिनी ने अध्यक्ष माया टंडन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष माया टंडन ने सभी सभासदों को शपथ दिलाई। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री जगदीश नारायण राय, नगर पालिका परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष दिनेश टंडन, बसपा के जिलाध्यक्ष अमरजीत गौतम, को-आर्डीनेटर शोभनाथ, वरिष्ठ बसपा नेता हाजी मोहम्मद तौफीक, राम नारायण सेठ मामा, सोमेश्वर केसरवानी, डा. लाल बहादुर सिद्धार्थ, अधिशासी अधिकारी कृष्ण चंद्र गौतम आदि मौजूद रहे। माया टंडन दूसरी महिला अध्यक्ष बनी हैं। इससे पहले यह सौभाग्य संध्या रानी श्रीवास्तव को प्राप्त हुआ था।मुंगराबादशाहपुर संवाददाता के मुताबिक स्थानीय कालीजी मंदिर परिसर में दोपहर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में वंदे मातरम् गीत के पश्चात उप जिलाधिकारी विमल कुमार दुबे ने नव निर्वाचित चेयरमैन शिव गोविंद साहू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई इसके पश्चात अध्यक्ष ने सभी 25 सभासदों को सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण कराई। इस अवसर पर अध्यक्ष शिव गोविंद साहू ने बगैर किसी भेदभाव के नगर के सभी वार्डों का सर्वांगीण विकास करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने लोगों के प्रति आभार ब्यक्त करते हुए नगर के विकास में सहयोग की अपील की। कहा कि विकास कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जायेगी। जन समस्याएं सुनने के लिए मैं हमेशा सुलभ रहूंगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, पूर्व डीआईजी बद्री प्रसाद सिंह, जिला महामंत्री संदीप तिवारी, सतीश दूबे, महेन्द्र, विजय शुक्ल, आलोक कुमार गुप्त पिंटू, राजीव कुमार गुप्त, श्याम सुन्दर दुबे, निवर्तमान चेयरमैन कपिल मुनि सहित तमाम गण्यमान्य नागरिक और नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर पालिका परिषद शाहगंज प्रांगण में आयोजित समारोह में उप जिलाधिकारी जेएच सचान ने नव निर्वाचित अध्यक्ष गीता जायसवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात अध्यक्ष ने सभी 25 सभासदों को शपथ ग्रहण कराई। मुख्य अतिथि के तौर पर एमएलसी केदार नाथ सिंह मौजूद रहे। इस अवसर पर बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्र, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, पूर्व विधायक बांके लाल सोनकर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, ईश्वरदेव सिंह, वरिष्ठ नेता पूर्व चेयरमैन ओम प्रकाश जायसवाल, चेयरमैनपति प्रदीप जायसवाल, सुजीत, शेखर साहू, अजीत प्रजापति आदि मौजूद रहे। गीता जायसवाल दूसरी महिला अध्यक्ष बनी हैं। इससे पहले सुमन गुप्ता अध्यक्ष पद पर विराजमान रह चुकी हैं। संचालन अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरि ने किया।सभासदों ने किया हंगामा
जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर के शपथ ग्रहण समारोह में उपेक्षा से नाराज सभासदों ने हंगामा खड़ा कर दिया। मंच पर जगह न मिलने से गुस्साए सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को खूूब खरी-खोटी सुनाई। निवर्तमान अध्यक्ष और नव निर्वाचित चेयरमैन माया टंडन के पति दिनेश टंडन के खेद जताने पर उनका गुस्सा शांत हुआ। टाउन हाल के मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नव निर्वाचित सभासदों के मंच पर बैठने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्हें नीचे बैठाया गया था। अधिशासी अधिकारी कृष्ण चंद्र गौतम ने परिषद के कर्मचारियों से नव निर्वाचित सभासदों को माल्यार्पण करने को कहा। इस पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के सभासद बिफर गए। वे उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अधिशासी अधिकारी को खरी-खोटी सुनाने लगे। मौके की नजाकत देख निवर्तमान अध्यक्ष दिनेश टंडन नीचे उतरे। सभासदों के बीच आकर खेद जताया। उन्हें मंच पर जगह दिलाई, तब जाकर सभासदों का गुस्सा शांत हुआ।
नाराज होकर चली गईं सीमा द्विवेदी
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी शपथ ग्रहण समारोह के बीच ही नाराज होकर चली गईं। यह बात नगर में चर्चा का विषय बन गई है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे आलोक कुमार गुप्त ने सम्बोधन के लिए सीमा द्विवेदी को आमंत्रित किया। जैसे ही सीमा द्विवेदी ने बोलना शुरु किया उसी समय करीब दो दर्जन समर्थक नव निर्वाचित अध्यक्ष शिव गोविंद साहू व निवर्तमान चेयरमैन कपिल मुनि की जयकार करते हुए माल्यार्पण करने लगे। सीमा द्विवेदी कुछ देर तक तो इंतजार करती रहीं लेकिन उत्साहित समर्थकों के शांत न होने पर वह खिन्न होकर मंच से उतरीं और चली गईं। शपथ ग्रहण समारोह से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी कटे-कटे नजर आए। भाजपा के पूर्व व वर्तमान नगर अध्यक्ष के साथ ही दो दर्जन से अधिक भाजपा कार्यकर्ता शपथ ग्रहण समारोह में नहीं दिखे।


Post a Comment