BREAKING NEWS

Saturday 23 December 2017

5 ब्लाकों में गठित होंगे महिला एवं बाल विकास मंच


कलक्टरेट सभागार में हुई जिला स्तरीय बैठक 
   जौनपुर। महिला एवं बाल अधिकार मंच के गठन के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय बैठक का आयोजन प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी आलोक सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इसमें जिला समन्यवक महिला समाख्या रजनी सिंह ने बताया कि महिला एवं बाल अधिकार मंच प्रदेश के सात जनपदों के 29 ब्लाकों में संचालित है। इसके माध्यम से घरेलू हिंसा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नारी अदालत, नारी संजीवनी केन्द्र, महिला समूह का गठन, सहयोगिनी के माध्यम से महिला के साथ दुव्र्यहार, यौन शोषण, बाल श्रम, बाल विवाह आदि के बारे में ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को जागरुक किया जा रहा है।
   उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधानों, अध्यापकों व ब्लाक स्तर पर खण्ड विकास अधिकरी, आशा बहुओं, एएनएम आदि से संवाद स्थापित कर महिलाओं एवं किशोरियों को राहत पहुंचाने व न्याय दिलाने का कार्य किया जाता है। महिला समाख्या पिछड़े/दलित बस्ती को चिह्नित कर कार्य करती हैं। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओपी सिंह ने महिला समाख्या संस्था को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही निर्देश जारी करेंगे कि आशा बहुएं व एएनएम महिला समाख्या बैठक में प्रतिभाग करें तथा अपने कार्यक्रम में महिला समाख्या से सहयोग लें। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में मानसिक एवं विक्षिप्त व्यक्तियों के लिए चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करा दी गयी है जिसके लिए दो बेड की व्यवस्था कर दी गई है। आवश्यकता पडऩे पर उनका सहयोग लिया जा सकता है। जिला प्रोबेशन अधिकारी विपिन कुमार यादव ने बताया कि महिला कल्याण विभाग द्वारा यूनीसेफ उत्तर प्रदेश के सहयोग से हक से परियोजना शुरू की गयी है। जिसमें ब्लाक/ग्राम स्तर पर महिला समाख्या के माध्यम से महिला एवं बाल अधिकार मंच का गठन किया जाना है। महिला एवं बाल अधिकार मंच में घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल श्रम पर कार्य करते हुए गांव की जनता को शासन द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि जनपद के 5 ब्लाकों करंजाकला, सोंधी, मछलीशहर, मडिय़ाहूं एवं बरसठी में महिला एवं बाल अधिकार मंच का गठन किया जाना है। अगले सत्र में समस्त ब्लाकों को आच्छादित किया जाना है। कार्यक्रम में अध्यक्ष बाल कल्याण समिति अनिल कुमार यादव, पूर्व अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने भी विचार व्यक्त किए। बैठक में बाल कल्याण समिति सदस्य आनन्द प्रेमधन, बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय, बीईओ चन्द्रशेखर यादव, लेखाधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक रमाशंकर निषाद, जिला समन्वयक सन्नो राय सहित महिला समाख्या की सहयोगिनियों एवं अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात