BREAKING NEWS

Saturday 23 December 2017

किसानों के मसीहा थे चौधरी चरण सिंह



कृषि विज्ञान केंद्र बख्शा में आयोजित किसान मेला में भारी भीड़ उमड़ी 
    जौनपुर। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह किसानों के मसीहा थे। उनके द्वारा किसानों के उत्थान के लिए किए गए उपाय सदैव याद किए जाएंगे। यह बात उनके 115 वें जन्म दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र बख्शा में आयोजित किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी में बतौर मुख्य अतिथि शनिवार को केराकत के विधायक दिनेश चौधरी ने कही।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की मोदी-योगी सरकारें किसानों के उत्थान के लिए कृत संकल्प हैं। प्रदेश सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं लागू कर रही है। केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए दृढ़ प्रतिज्ञ है। कार्यक्रम का शुभारम्भ एवं अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने किसानों को सचेष्ट करते हुए कहा कि किसान पुआल अथवा खेत में मौजूद डंठल कतई न जलाएं। इससे खेतों की उर्वराशक्ति क्षीण होती है। उन्होंने किसानों को आगाह किया कि अब वे पुरानी पद्धति छोड़ खेती में नई तकनीक का इस्तेमाल करें। मेले में गन्ना, कृषि, पशुपालन विभाग द्वारा स्टाल लगाया गया था। प्रगतिशील किसान रामजीत मौर्य, सुरेन्द्र नारायण, महेंद्र कुमार, वीरबल विन्द, वशिष्ठ मौर्य आदि किसानों ने स्टाल लगा अपनी-अपनी पैदावार दिखाई। इस दौरान डीडी जय प्रकाश, कृषि वैज्ञानिक डा. अश्वनी सिंह, डा. सुरेन्द्र सोनकर, डा. अनिल यादव, बीडी सिंह सहित तमाम लोगों ने अपने-अपने सम्बोधन में खेती के नुस्खे बताये। संचालन कर रहे कृषि विभाग से डा. रमेश यादव ने किसानों को नई-नई तकनीक से अवगत कराया। कार्यक्रम समापन पर कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यक्रम समन्वयक डा. सुरेश कुमार कनौजिया ने आये हुए लोगों के प्रति आभार जताया।


32 किसान सम्मानित
   नौपेड़वा (जौनपुर)। कृषि विज्ञान केंद्र बख्शा में आयोजित मेले में 32 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान किसान गन्ना के क्षेत्र में अशोक कुमार सिंह, पशु पालन में रीता देवी, उद्यान में लक्ष्मीनारायण तिवारी, गेंहू में नागेन्द्र कुमार सिंह, धान के क्षेत्र में राजेश यादव सहित कुल 32 किसानों को सम्मनित किया गया।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात