BREAKING NEWS

Saturday, 28 October 2017

लाइसेंसी दुकान से बदमाशों ने 11 पेटी शराब लूटी


सेल्समैनों की पिटाई की, असलहों के बल पर किया आतंकित 
   जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद इलाके में लाइसेंसी देशी शराब की दुकान से ताला और दरवाजा तोड़ कर शनिवार को तड़के असलहाधारी बदमाशों ने 35 हजार रुपये मूल्य की 11 पेटी शराब और नकद दो हजार रुपये लूट लिए। बदमाश वारदात को अंजाम देने बोलेरो से आए थे। पुलिस तहरीर लेकर मामले की छानबीन में जुटी है।
रसूलाबाद में चौकियां मोड़ पर देशी शराब की लाइसेंसी दुकान है। शुक्रवार की रात दुकान बंद करने के बाद सेल्समैन विजय गुप्ता और सुरेंद्र यादव भोजन कर दुकान में ही सो गए। शनिवार की तड़के करीब चार बजे दोनों गहरी नींद में थे कि उसी समय बोलेरो से आधा दर्जन असलहाधारी बदमाश दुकान पर धमक पड़े। बदमाशों ने पहले दुकान का ताला फिर दरवाजा ही तोड़ डाला। दुकान में घुसे बदमाशों ने असलहे के बल पर सेल्समैनों को आतंकित कर दुकान में मौजूद 11 पेटी शराब बोलेरो पर लाद लिया। दुकान में बिक्री के मौजूद दो हजार रुपये भी लूट लिए। बदमाशों ने प्रतिरोध करने पर सेल्समैनों की पिटाई भी की। इसके बाद शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी देते हुए बदमाश बोलेरो पर सवार होकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद सेल्समैनों ने शोर मचा कर आस-पास के लोगों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। शहर कोतवाल शशि भूषण राय ने सहयोगियों के साथ पहुंच कर मौका मुआयना करने के साथ ही सेल्समैनों से बदमाशों और बोलेरो का हुलिया पूछा। लूटी गई शराब की कीमत करीब 35 हजार रुपये आंकी गई है। लाइसेंसी से तहरीर लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।  

मछली मारने गये युवक की अबूझ हाल में मौत


   खेतासराय (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के तारा गहना गांव में शुक्रवार की रात पोखरे में मछली मारने गए युवक की अबूझ हाल में चुटहिल हो जाने से मौत हो गई। एक निजी चिकित्सालय में मौत की पुष्टि के बाद परिजन ने पुलिस को सूचना दिए और पोस्टमार्टम कराए बिना शव की अंत्येष्टि कर दी। उक्त गांव का पवन बिन्द (22) पुत्र हरि मोहन बिन्द अपने दोस्तों के साथ रात 9 बजे गांव के एक पोखरे में मछली मारने गया था। उसके दोस्त उसे चुटहिल अवस्था में घर लाए। परिजन को बताया कि वह असंतुलित होकर गिर गया था। परिजन उसे तुरत-फुरत नगर के एक निजी चिकित्सालय ले आये। डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव लेकर घर चले गए और आनन-फानन बिना पोस्टमार्टम कराए अंत्येष्टि कर दी। अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी विषैले जंतु के काट लेने से उसकी मौत हुई।

लापता बालक का दो हफ्ते बाद भी सुराग नहीं


   खेतासराय (जौनपुर)। घर से रामलीला देखने निकले लापता हो गए बालक का दो सप्ताह बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन बेहद चिंतित हैं। उनके मन में तरह-तरह की आशंकाएं उठ रही हैं। वे उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव का निवासी सुनील कुमार प्रजापति (13) पुत्र रतिभान गत 13 अक्टूबर की रात में घर से रामलीला देखने जाने की बात कह कर निकला था। दूसरे दिन सुबह तक घर नहीं लौटा तो परिजन चिंतित होकर उसकी खोजबीन में जुट गए। नात-रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी की लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। एक सप्ताह तक खोजने के बाद 20 अक्टूबर को थाने पर लिखित सूचना दी। पुलिस गुमशुदगी का मामला दर्ज कर हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है। उधर, परिजन उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। वह ईश्वर से उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

Friday, 27 October 2017

डीएम एसपी ने किया राज्यपाल के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण


जौनपुर। महामहिम राज्यपाल उ.प्र. रामनाईक 28 अक्टूबर को 8:50 बजे स्टेट हेलीकाप्टर द्वारा वीर बहादुर सिंह पूर्वान्चल विश्वविद्यालय जौनपुर में 9:50 पहुचेंगे। 09:55 बजे कार्यक्रम स्थल वीर बहादुर सिंह पूर्वान्चल विश्वविद्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे। 10 बजे से 11:30 बजे तक कार्यक्रम आरक्षित। समय 11:35 बजे कार द्वारा हेलीपैड पूर्वान्चल विश्वविद्यालय से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। महामहिम राज्यपाल महोदय के जनपद में आगमन के अवसर पर हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल पर शांंित एवं विधि व्यवस्था को मदद्ेनजर रखते हुए आज जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र एवं एसपी के.के चैधरी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा संबन्धित अधिका
रियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया। कुलपति प्रो. राजाराम यादव के कक्ष में महामहिम के सकुशल कार्यक्रम सम्पन्न कराने के संबन्ध में विचार विमर्श किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक देहात संजय राय, नगर मजिस्ट्रेट इन्द्रभुषण वर्मा, डा. केएस तोमर, डा. मनोज मिश्र, विनोद तिवारी, वित्त नियंत्रक आदि उपस्थित रहे। जिला मजिस्ट्रेट सर्वज्ञराम मिश्र ने महामहिम के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए हेलीपैड पर उपजिला मजिस्ट्रेट अयोध्या प्रसाद, हेलीपैड से विश्वविद्यालय तक उपजिलामजिस्ट्रेट जयनरायन सचान, फ्लीट में उपजिलामजिस्ट्रेट सदर सुश्री प्रियकां प्रियदर्शनी, कार्यक्रम स्थल संगोष्ठी भवन उपजिलामजिस्ट्रेट मडिय़ाहूं जगदम्बा प्रसाद सिंह, अतिथि कक्ष उपजिलामजिस्ट्रेट मछलीशहर विनोद कुमार दूबे, क्रू व्यवस्था तहसीलदार सदर आशाराम वर्मा, सेफ हाउस हेलीपैड उपजिलामजिस्ट्रेट बदलापुर विजय प्रकाश तिवारी, नगर मजिस्टेऊट इन्द्रभूषण वर्मा पुलिस एवं तैनात मजिस्ट्रेट में समन्वय स्थापित का शांति एवं विधि व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे। अपर जिला मजिस्ट्रेट रमेश प्रसाद मिश्र कार्यक्रम में व्यवस्था के प्रभारी होंगे तथा सतत पर्यवेक्षण कर शांति एवं विधि व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे।

उचक्के साढ़े 7 लाख का सोने की चेन सेट लेकर भागे


शाहगंज नगर में सर्राफ की दुकान को बनाया निशाना 

शाहगंज (जौनपुर)। नगर के एक ज्वेलर्स की दुकान से शुक्रवार की शाम बाइक सवार दो युवक करीब साढ़े सात लाख रुपये मूल्य के सोने की कई चेन लेकर फरार हो गए। प्रतिष्ठान मालिक की सूचना पर पुलिस ने काफी भाग-दौड़ की लेकिन उचक्कों का कोई सुराग नहीं पा सकी।
पिंटू जायसवाल की नगर में आजमगढ़ रोड पर घर में ही जेपी ज्वेलर्स के नाम से सराफा की दुकान है। शाम करीब पांच बजे एक बाइक पर सवार होकर दो युवक पहुंचे। उस समय पिंटू जायसवाल घर में नाश्ता करने गए थे। उन्होंने दुकान पर मौजूद कर्मचारियों से सोने की चेन दिखाने को कहा। सेल्स गल्र्स उन्हें सोने की चेन दिखाने लगी। पेशगी के तौर पर उचक्कों ने उसके पास दो हजार रुपये जमा कर दिए थे। सेल्स गल्र्स ने युवकों को सोने की चेन की पूरी सेट देेखने के लिए सौंप दी। इसी दौरान मौका मिलते ही पूरा सेट लेकर आजमगढ़ की तरफ उचक्के भाग गए। सेल्स गल्र्स के शोर मचाने पर सहकर्मी और आस-पास के लोग जुट गए। दुकान मालिक भी आ गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस उचक्कों का हुलिया आदि पूछने के बाद काफी दौड़-भाग की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। दुकान मालिक के मुताबिक उचक्के करीब साढ़े सात लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन ले गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी तो पता चला कि प्रतिष्ठान में लगे सीसी टीवी कैमरे भी काम नहीं कर रहे हैं। कोतवाल नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। कुछ संदिग्ध लोगों से पूूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर उचक्कों को पकड़ लिया जाएगा।

जिले में तीसरे और आखिरी चरण में होंगे निकाय चुनाव


तीन नगर पालिका परिषद और छह नपं के लिए 29 नवंबरको पड़ेंगे वोट 

जौनपुुर। जनपद में स्थानीय नगर निकायों के चुनाव के लिए तीसरे और अंतिम चरण में 29 नवंबर को मतदान होगा। राज्य चुनाव आयुक्त ने बहु प्रतीक्षित स्थानीय निकाय चुनाव की अधिसूचना सूबे की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को जारी कर दी। इसी के साथ ही पूरे प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
जनपद में तीन नगर पालिका परिषद क्रमश: जौनपुर, शाहगंज और मुंगराबादशाहपुर हैं। छह नगर पंचायतों में केराकत, खेतासराय, मडिय़ाहूं, मछलीशहर, जफराबाद और नवसृजित बदलापुर नगर पंचायत हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। अध्यक्ष ही नहीं वार्ड सभासद पद के लिए भी दावेदार अपनी-अपनी पार्टियों के नेताओं के यहां दौड़ तेज कर दिए हैं। नगर पंचायत बदलापुर पहली बार अस्तित्व में आया है। वहां चुनाव को लेकर और भी उत्साह है। पिछली अखिलेश यादव सरकार ने जफराबाद विधान सभा क्षेत्र में पडऩे वाले गौरादशाहपुर कसबे को नगर पंचायत का दर्जा दिया था लेकिन राजनीतिक कारणों से मौजूदा भाजपा सरकार के अड़ंगा डाल देने से वह अधर में लटक गया है। तीसरे और ंअंतिम चरण में मतदान होने से जौनपुर जनपद की स्थानीय निकाय के उम्मीदवारों को प्रचार के लिए कहीं ज्यादा समय मिलेगा। 

उगते सूर्य को अघ्र्य दिया व्रती महिलाओं ने


घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, डाला छठ पर्व का समापन

जौनपुर। सूर्योपासना के महापर्व डाला छठ का शुुक्रवार को उगते सूर्य को अघ्र्य देने के साथ ही समापन हो गया। व्रती महिलाओं ने अपनी संतानों की दीर्घायु और स्वास्थ्य के लिए सूर्य देव और छठी मइया से मनोकामना की। इस मौके पर शहर की नहीं ग्रामीणांचलों में भी आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
शहर में तड़के से ही व्रती महिलाएं और उनके परिजन आदि गंगा गोमती के विभिन्न घाटों पर पहुंचने शुरु हो गए। सज-धज कर पहुंची व्रती महिलाओं ने नदी में घुटने भर पानी में जाकर उगते सूर्य को पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ अघ्र्य दिया। हनुमान घाट, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन घाट, गोपी घाट, सूरज घाट, अचला देवी घाट, पांचों शिवाला घाट आदि प्रमुख घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं ने सूर्य को अघ्र्य देने के बाद प्रसाद वितरित किया।
बदलापुर संवाददाता के अनुसार छठ पर्व पर व्रती महिलाओं की संख्या पिछली बार की अपेक्षा इस बार और बढ़ गई। कसबा स्थित स्टेशन रोड से व्रती महिलाएं छठ गीत गाती हुई समूह के रूप में भोर में बाजे-गाजे के साथ पोखरा पर पहुंचीं और उगते हुए सूर्य देव को अघ्र्य देकर व्रत का समापन किया। व्रती महिलाओं ने सुहाग की लंबी उम्र के लिए मांग भर सिंदूर लगाया। पोखरा पर मेला जैसा दृश्य नजर आया। इस अवसर पर सीमा सिंह, सुषमा सिंह, सरिता, नेहा सिंह, उन्नत सिंह, श्रवण तिवारी आदि मौजूद रहे। थानागद्दी संवाददाता के मुताबिक डाला छठ के महा पर्व पर शुक्रवार को व्रती सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने क्षेत्र के गोमती घाट गोबरा, बेहड़ा, बरैछाबीर घाट पर उगते सूर्य को अघ्र्य देकर पति, पुत्र सहित परिजन की दीर्घायु के लिए भगवान भाष्कर की पूजा अर्चना की। शाहगंज, खेतासराय, गौराबादशाहपुर, रामपुर, मडिय़ाहूं, केराकत, खुटहन, घनश्यामपुर, मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर, जंघई, रामपुर, रामदयालगंज, शीतलगंज, मुफ्तीगंज, जलालपुर आदि इलाकों मेें भी व्रती महिलाओं ने नदियों और पवित्र सरोवरों पर एकत्र होकर उगते सूर्य को अघ्र्य दिया।

पड़ोसी पर लगाया पुत्री को गायब करने का आरोप


मडिय़ाहूं (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के कुतुबपुर गांव की एक छात्रा रहस्यमय परिस्थितियों मेें लापता हो गई। उसका चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। छात्रा की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर पड़ोसी युवक पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। उक्त गांव की मडिय़ाहूं पीजी कालेज की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा गत 24 अक्टबूर को कालेज पढऩे लिए घर से निकली। देर शाम तक वह घर नहीं लौटी तो परिजन चिंतित होकर खोजबीन करने लगे। कहीं पता नहीं चला। दूसरे दिन भी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला। छात्रा की मां ने स्थानीय कोतवाली और पुलिस उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसी युवक पर अपहरण कर लेने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस से पुत्री के सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस एफआईआर दर्ज किए बिना मामले की छानबीन कर रही है।

दूसरे दिन भी राजस्व संग्रह अमीनों का विरोध प्रदर्शन


मांगों को लेकर बांह पर काली पट्टी बांध कर किया शासकीय कार्य 

जौनपुर। राजस्व संग्रह अमीन संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 11 सूत्री मांगों को लेकर तीन दिवसीय विरोध प्रदर्शन के दूसरे दिन शुक्रवार को भी जिले की सभी छह तहसील मुख्यालयों पर संग्रह अमीनों ने बांह पर काली पट्टी बांध कर शासकीय कार्य किया।
सदर तहसील मुख्यालय पर अध्यक्ष मधुकर द्विवेदी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करने वाले अमीनों में बदरे आलम, कुंज बिहारी दुबे, राकेश दुबे, दिवाकर सिंह, वंशराज, राम चंद्र, राकेश सिंह, साहब लाल मौर्य, सुभाष चंद्र यादव, नंद लाल चौहान, अजय यादव, राजेश सिंह, चिंतामणि आदि रहे। केराकत तहसील मुख्यालय पर अध्यक्ष अखिलेश पाठक व मंत्री राम मिलन सिंह के नेतृत्व में संग्रह अमीनों ने बांह पर काली पट्टी बांध कर कार्य किया। बदलापुर, मडिय़ाहूं, मछलीशहर और शाहगंज में भी अमीनों ने काली पट्टी बांध कर राजकाज किया। संघ की प्रमुख मांगें हैं कि सामयिक सेवाओं को जोड़ कर सेवा व अन्य लाभ दिए जाने की व्यवस्था नियमावली में की जाए। संवर्ग का ग्रेड वेतन 5200-20200 ग्रेड वेतन 2000 से बढ़ा कर 2800 किया जाए। वसूली के नाम पर संग्रह अमीनों का उत्पीडऩ रोका जाए। पांच संवर्गीय सदस्यों को पात्रता की तिथि से द्वितीय प्रोन्नति वेतनमान का लाभ दिया जाए। संवर्ग की पदोन्नति व्यवस्था पूर्व की भांति नायब तहसीलदार के पद पर बहाल की जाए। संवर्ग की शैक्षिक योग्यता स्नातक की जाए। नियत यात्रा भत्ता के स्थान पर मोटर साइकिल भत्ता दिया जाए। संवर्ग का पद नाम राजस्व संग्रह अधिकारी किया जाए। राजस्व संहिता 2006 के अनुरूप वसूली पत्र उपलब्ध कराने के साथ ही विभागीय प्रशिक्षण दिया जाए।

बच्चों की प्रतिभा निखारना अच्छे शिक्षक का दायित्व: चेत नारायण


सर्र्वेश्वरी महाविद्यालय में डीएलएड प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ, पुस्तकालय कक्ष का लोकार्पण 

रामपुर (जौनपुर)। शिक्षक विधायक चेत नारायण सिंह ने कहा बच्चों में छिपी प्रतिभा एवं सामथ्र्य को पहचान कर उसे उंचाइयों तक पहुंचाना एक अच्छे शिक्षक का दायित्व है। इसके लिए विद्यार्थियों को सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहिए। शिक्षण संस्थानों में हुजूर एवं मजदूर की संतान के बीच कोई फर्क नहीं होना चाहिए। वह शुक्रवार को सर्वेश्वरी महाविद्यालय कमरुद्दीनपुर में डीएलएड प्रशिक्षण सत्र के शुभारंभ एवं विधान मंडल क्षेत्र विकास योजनान्तर्गत महाविद्यालय के द्वितीय तल पर नव निर्मित पुस्तकालय कक्ष का उद्घाटन करने के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने शिक्षकों को नसीहत दी कि वे पठन-पाठन के साथ अनुशासन के लिए विद्यार्थियों से दूरी तो रखें लेकिन दुराव नहीं। चँचल एवं प्रसन्नचित्त विद्यार्थी बाल्यावस्था में कुछ इतर करता है। दबी मानसिकता के विद्यार्थियों के लिए अपना जीवन ही दूभर हो जाता है। यह देश और समाज के लिए बेमानी है। इसीलिए मैंने अपने शिक्षक जीवन में चंचल व प्रसन्नचित विद्यार्थियों को पसंद किया और कभी-कभी नकारात्मक प्रवृत्ति के बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोडऩे और बदलाव के लिए प्रश्रय भी दिया। श्री सिंह ने डीएलएड प्रशिक्षुओं का आह्वान किया कि वे अच्छा प्रशिक्षण प्राप्त कर अंधकार को छांटने का काम करें क्यों कि आपके प्रशिक्षण की शुरुआत सूर्य पूजन दिवस से हो रहा है। आपके मूल्यांकन के साथ ही आपके महाविद्यालय का भी मूल्यांकन होगा। इसलिए आपको महाविद्यालय का बैरोमीटर बनना होगा।
कार्यक्रम की मां सरस्वती व पूज्य गुरुपद संभव राम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, कुलगीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की। महाविद्यालय प्रबंधक डा. परमेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय अधिकारी एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया लखनऊ अंकित सिंह, विनय सिंह, डा. धर्मेंद्र सिंह, डा. राघवेंद्र सिंह, डा. शिवधारी यादव, डा. शिव कुमार पांडेय, प्रेम सिंह, मानिक सिंह, अश्विनी सिंह, आनंद सिंह, भोरिक सोनकर, शारदा प्रसाद सिंह, मुकेश सिंह, राकेश सिंह, विनोद सिंह, सांभवी मिश्रा, प्रिया सिंह, निकिता सिंह, निधि एवं स्वाती सिंह ने प्रतिभाग किया। संचालन डा. संजय सिंह ने किया। डीएलएड विभागाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

नपं खेतासराय को 1.09 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात



नगर विकास राज्य मंत्री गिरीश यादव ने किया शिलान्यास एवं लोकार्पण

खेतासराय (जौनपुर)। शासन ने नगर पंचायत खेतासराय को एक करोड़ नौ लाख रुपये मूल्य के विकास कार्यों की सौगात दी है। सूबे के नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शुक्रवार की सुबह इससे संबंधित सात विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
इस मौके पर गिरीश चंद्र यादव ने स्वच्छ शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आदि जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नगर पंचायत को स्वच्छ बनाने के लिए कूड़े उठाने वाली आधा दर्जन रिक्शा ट्रालियों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह ट्रालियां डोर-टू-डोर जाकर सीटी बजा कर लोगों के घरों का कूड़ा लेकर उसे निर्धारित स्थान पर जाकर फेंकेंगी। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अमित कुमार, पूर्व सरपंच किशोरी गुप्ता, अजय यादव, उषा मौर्या, संजीव गुप्ता, मोनू गुप्ता, विनोद अस्थाना, मनीष कुमार गुप्ता, राजकुमार प्रजापति, विजय गुप्ता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख खुटहन रमेश सिंह, कृष्णा सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मण्डल अध्यक्ष व मंत्री प्रतिनिधि अजय सिंह तथा संचालन कृष्ण मुरारी मौर्य ने किया।
समारोह में ही नगर के सोंधी वार्ड निवासी राधेश्याम श्रीवास्तव ने नगर विकास मंत्री को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि नगर के खुटहन मार्ग पर स्थित  पीएचसी सोंधी के बगल में ठेकेदार की मिलीभगत से अधिशासी अधिकारी उनकी निजी जमीन पर सरकारी शौचालय का निर्माण करा रहे हैं। उक्त जमीन पर न्यायालय द्वारा स्थगनादेश भी दिया गया है। मेरे द्वारा शेष भूमि पर कार्य कराये जाने पर अधिशासी अधिकारी और नगर पंचायत के बाबू द्वारा अवरोध उत्पन्न करते हुए सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। राज्य मंत्री ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र न्याय दिलाने का आश्वाशन दिया।

चाइल्ड न्यूट्रिशन पर जेसीआई की कार्यशाला



जौनपुर। जेसीआई क्लासिक के तत्वावधान में मदर एण्ड चाइल्ड बाण्डिंग कार्यक्रम के तहत हृदयांश क्लीनिक में बच्चों के पोषण विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। डा0 श्वेता गुप्ता ने कहा बच्चों की सही परवरिश में उनके खाने-पीने का सही ख्याल रखना भी शामिल है। अभिभावकों को बच्चों के खाने में उनकी पसन्द और पौष्टिकता का सही तालमेल बैठाना चाहिए। बच्चों को सम्पूर्ण कैलोरी मिलनी चाहिए। उन्हें दिए जाने वाले खाद्य पदार्थों में प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स, फल, फाइबर व पानी शामिल किया जाना चाहिए। जेसीरेट चेयरपर्सन ऋचा गुप्ता ने कहा बच्चों को संतुलित आहार बेहद जरूरी है। बच्चों का विकास संतुलित आहार पर ही निर्भर करता है। इसके साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सचिव संगीता सेठ ने कहा अभिभावको को चाहिए कि वे बच्चों में पौष्टिक नाश्ते और भोजन की आदत डालें। उन्हें जंक फूड से दूर रखें। कार्यक्रम में ममता गुप्ता, रीता कश्यप, मधुरानी, शालिनी सेठ, नेहा गुप्ता, ऋतु सेठ, एकता गुप्ता, निहारिका बरनवाल, ज्योत्सना आदि उपस्थित थीं।

सेठ कामता प्रसाद ज्वेलर्स का उद्घाटन



 
   जौनपुर। शहर में आभूषणों का एक और प्रतिष्ठान खुल गया है। शुक्रवार को किला रोड पर केपी एण्ड संस के सेठ कामता प्रसाद ज्वेलर्स (पट्टी नरेंद्रपुर वाले) का उद्घाटन पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विधान परिषद सदस्य बृजेश कुमार सिंह प्रिंसू और प्रतिष्ठान के अधिष्ठाता की माता लालमनी देवी ने संयुक्त रूप से किया।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह और एमएलसी बृजेश कुमार सिंह प्रिंसू ने प्रतिष्ठान की सफलता की कामना करते हुए बधाई दी। प्रतिष्ठान के अधिष्ठाता जिला पंचायत सदस्य कैलाश नाथ सोनी ने बताया कि केपी एण्ड संस के इस नवीन प्रतिष्ठान पर ग्राहकों को अत्याधुनिक डिजाइनों के उच्च गुणवत्ता वाले आभूषण पूरी गारंटी के साथ उपलब्ध होंगे। ग्राहकों के भरोसे पर खरा उतरने में कोई कोर कसर नहीं रखी जाएगी। उद्घाटन समारोह में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर शंभू नाथ सोनी, भोला नाथ सेठ, विकास खंड खुटहन के पूर्व उप प्रमुख संत लाल सोनी, भगवान दास सेठ, सत्येंद्र सिंह फंटू आदि मौजूद रहे। शिवम सोनी के अतिथियों और आगंतुकों के प्रति आभार जताया।

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात