BREAKING NEWS

Monday 25 September 2017

मीरगंज में दलित किशोरी के साथ दुष्कर्म

मीरगंज की घटना, फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

बंधवा बाजार (जौनपुर)। मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से रविवार की रात लापता हुई दलित वर्ग की किशोरी सोमवार को सवेरे पड़ोसी गांव अगहुआ से बरामद हो गई। जिस घर से किशोरी बरामद हुई उसी घर के एक युवक पर उसने बलात्कार किए जाने का आरोप लगाया। आरोपी फरार हो गया। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी को मेडिकल मुआयना के लिए भेज कर पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
15 वर्षीया रेखा (काल्पनिक नाम) रात में घर से शौच के लिए जाने की बात कह कर निकली। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। संदेह के आधार पर सोमवार की सुबह खोजते हुए अगहुआ गांव निवासी पेशे से राजमिस्त्री लाल बहादुर यादव के घर पहुंचे। वहां रेखा बरामद हो गई लेकिन लाल बहादुर फरार हो गया। किशोरी ने परिजन को बताया कि रास्ते में लाल बहादुर ने उसे डरा-धमका कर बाइक पर बैठा लिया और उसे अपने घर लेकर आने के बाद उसके साथ बलात्कार किया। किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ धारा 363, 376 भा.द.वि. 3/4 पाक्सो एक्ट एवं दलित उत्पीडऩ निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। महिला कांस्टेबल की निगरानी में दुष्कर्म पीडि़ता को मेडिकल मुआयना के लिए जिला महिला चिकित्सालय भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि वादी के घर निर्माण कार्य के लिए आते-जाते आरोपी किशोरी से परिचय हो गया था। फरार आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात