BREAKING NEWS

Thursday, 2 November 2017

दो महिलाओं ने खाया जहर, एक की मौत


   जौनपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर दो महिलाओं ने आत्महत्या के इरादे से जहर खा लिया। इनमें से एक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है।
नेवढिय़ा थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर गांव की मीरा (17) पुत्री फौजदार को परिजन बुधवार की रात बेहोशी की हालत में लेकर जिला अस्पताल आए और भर्ती कराया। उपचार के दौरान रात में ही उसने दम तोड़ दिया। डाक्टरों के अनुसार मीरा ने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन का सेवन कर लिया था। गांव में चर्चा है कि किसी बात को लेकर मीरा को उसके परिजन ने डांट-फटकार लगा दी थी। इसी से क्षुब्ध होकर उसने कीटनाशक पदार्थ खा लिया था। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव की रीता देवी (35) पत्नी सुभाष बिंद ने गुरुवार की सुबह पारिवारिक कलह से आजिज आकर मौत को गले लगाने के इरादे से जहर खा लिया। हालत बिगडऩे पर परिजन को उसने जहर खा लेने की बात बताई। परिजन ने उसे ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

आईजी ने लिया भाऊपुर की स्थिति का जायजा



पूर्व जिपं सदस्य तौहीद आलम हत्याकांड
   नेवढिय़ा (जौनपुर)। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक दीपक रतन गुरुवार को सायंकाल भाऊपुर पुलिस चौकी पर पहुंचे। वह बसपा नेता पूर्व जिला पंचायत सदस्य तौहीद आलम की गोली मार कर हत्या किए जाने की घटना को लेकर तनावपूर्ण स्थिति का जायजा लेने और मातहतों को आवश्यक निर्देश देने आए थे। उन्होंने भाऊपुर गांव के प्रधान से बातचीत की और संबंधित पक्षों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
 तौहीद आलम कांड को लेकर सांप्रदायिक तनाव के सुगबुगाहट को देखते हुए प्रशासन विशेष चौकसी बरत रहा है। भाऊपुर गांव और गोपालापुर बाजार में अब भी पुलिस और पीएससी के सशस्त्र जवान तैनात हैं। पुलिस महानिरीक्षक दीपक रतन सायंकाल करीब पांच बजे भाऊपुर पुलिस चौकी पर पहुंचे। उन्होंने भाऊपुर गांव के प्रधान राशिद अली को चौकी पर बुलवाया। उनसे एकांत में वार्ता की। समझा जाता है कि उन्होंने ग्राम प्रधान को दोनों पक्षों के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने स्तर से प्रयास करने को कहा। उन्होंने दोनों पक्षों के लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। खबर लगने पर चौकी पर पहुंचे पत्रकारों को पुलिस महानिरीक्षक ने वार्ता करने से टाल दिया और चले गए। इस मौके पर मडिय़ाहूं के पुलिस उपाधीक्षक राम भवन यादव, थानाध्यक्ष रामपुर पंकज पांडेय, क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम के प्रभारी विश्वनाथ यादव भी मौजूद थे। मालूम हो कि पिछले महीने भाऊपुर गांव निवासी तौहीद आलम को बाइक सवार बदमाशों ने गोपालापुर बाजार के पास उस समय गोलियां मार दी थीं जब वह गोपालापुर बाजार से घर लौट रहे थे। बुरी तरह से घायल तौहीद आलम को वाराणसी में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर डाक्टरों की सलाह पर परिजन ने एयर एंबुलेंस से ले जाकर दिल्ली में प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया था। वहां घटना के 11 दिन बाद उन्होंने दम तोड़ दिया था। अंदेशा जताया जा रहा है कि छेड़छाड़ की एक घटना को लेकर हुई मारपीट की रंजिश को लेकर उनकी हत्या की गई।

पुस्तक मेला में भीष्म साहनी पर गोष्ठी


   जौनपुर। तिलकधारी महिला महाविद्यालय परिसर में राजकमल प्रकाशन समूह द्वारा आयोजित पुस्तक मेला में गुरुवार को भीष्म साहनी का रचना संसार विषयक गोष्ठी आयोजित की गई। डा. सुनील विक्रम सिंह ने भीष्म साहनी के कृतित्व का परिचय दिया। बताया कि तमस उनका कालजयी उपन्यास है। डा. धीरेंद्र पटेल ेने भीष्म साहनी की कहानी-अमृतसर आ गया है का पाठ किया। यह देश के विभाजन की त्रासदी पर आधारित मार्मिक कहानी है। साहित्यकार एवं कवि सभाजीत द्विवेदी प्रखर ने इस कहानी पर वक्तव्य दिया। युवा कवियत्री ज्योति सिंह ने भीष्म साहनी के नाटककार व्यक्तित्व का परिचय दिया। वरिष्ठ कवि ओम प्रकाश मिश्र ने भीष्म साहनी की कई कहानियों का विश्लेषण किया। डा. सरोज सिंह ने अध्यक्षीय वक्तव्य दिया। धन्यवाद ज्ञापन राजकमल प्रकाशन समूह की ओर से अंजनी कुमार मिश्र ने किया। इस अवसर पर अमित पांडेय, जफर अहमद, अमृत प्रकाश, विकास, अनिकेत, योगेंद्र यादव, डा. आरएन ओझा आदि मौजूद रहे।

दूसरे के खाते से पैसा निकाल रही महिला धराई


बैंक कर्मियों ने पकड़ा, पहले ही खाते से निकाल चुकी थी आठ हजार रुपये  
   जंघई (जौनपुर)। यूनियन बैंक आफ इंडिया की गरियांव शाखा से दूसरे के खाते से पैसा निकाल रही महिला को बैंक कर्मियों ने पकड़ लिया। इससे पहले वह खाते से आठ हजार रुपये निकाल चुकी थी। मामल पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के गरियाँव गांव की धनराजी देवी पत्नी अशोक कुमार का यूनियन बैक ऑफ इण्डिया शाखा गरियांव में है। उसका खाता संख्या 435002010703430 है। कुछ दिनों पहले उसकी पासबुक खो गई। काफी खोजबीन के बाद भी पासबुक का पता नहीं चला। इसी बीच उसके खाता से धीरे-धीरे कर आठ हजार रूपये निकल गए। धनराजी देवी हर बार बैंक प्रशासन को खाते से रूपये निकल जाने की जानकारी देती रही। गत 31 अक्टबूर को एक महिला पासबुक लेकर बैंक में रूपये निकालने पहुंची। उसने धनराजी के खाते से 16 हजार रुपये निकालने के लिए निकासी फार्म भरा। शाखा प्रबन्धक को उस पर संदेह हो गया। वह पूछताछ करने लगे तो महिला घबरा कर इधर-उधर का जवाब देने लगी। फार्म चेक किया तो धनराजी पत्नी अशोक कुमार के स्थान पर पास बुक में हीरावती पत्नी श्याम लाल की फोटो लगी हुई थी। जिस पर शाखा प्रबन्धक ने खाताधारक को बुलवाया तो मामले का पर्दाफाश हुआ। इससे पहले महिला धनराजी देवी के खाते से इसी तरह से आठ हजार रुपये निकाल चुकी थी। सवाल उठता है कि अंगूठा छाप महिला के शात ेसे रुपये निकाले जाते समय क्या बैंक कर्मी फोटो का मिलान किए बिना ही भुगतान कर देते रहे। अंदेशा जताया जा रहा है कि बैंक के ही किसी कर्मचारी की मिलीभगत से उक्त महिला धनराजी देवी के खाते से पैसा निकालती रही। बंैक प्रबंधक ने पूरे प्रकरण की जानकारी पुलिस को दे दी है। इस सम्बन्ध में पूछने पर थानाध्यक्ष मुंगरा बादशाहपुर केके मिश्र ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। दोषी पाए जाने पर महिला के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

महिला झुलसी, हालत नाजुक



   जौनपुर। मडिय़ाहूं कोतवाली क्षेत्र के ददरा गांव में बुधवार की रात संदिग्ध स्थिति में महिला बुरी तरह से झुलस गई। उसे हालत नाजुक होने के कारण जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। उक्त गांव की अनीता (35) पत्नी मिथिलेश को परिजन बुरी तरह से झुलसी अवस्था में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। परिजन के अनुसार वह गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय असावधानी के चलते साड़ी में आग पकड़ लेने से झुलसी। उसके शरीर का 80 प्रतिशत हिस्सा झुलसा होने कारण हालत नाजुक देखते हुए डाक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए रात में ही प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू रेफर कर दिया।

Wednesday, 1 November 2017

सड़क हादसे में अधेड़ की मौत

सड़क हादसे में अधेड़ की मौत 
   बदलापुर (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के शाहपुर बाजार में बुधवार को सड़क हादसे में अधेड़ की मौत हो गई और बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब सड़क पार कर रहे अधेड़ को बाइक सवार युुवक ने टक्कर मार दी। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खुटहन थाना क्षेत्र के लखनीपुर गांव का जब्बार (48) किसी कार्य से शाहपुर बाजार आया था। वह दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सड़क पार कर रहा था तभी तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने उसे टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक खुद भी अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास मौजूद लोगों ने आनन-फानन दोनों को सामुदायिक स्वाथ्य केंद्र पहुंचाया। डाक्टरों ने जब्बार को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार बब्बू (32) का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर लेकिन खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पंचनामा के बाद कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हत्यारे पुत्रको दस वर्ष का सश्रम कारावास

घरेलू विवादमें फावड़ेसे मार करकी थी हत्या
जौनपुर। मछलीशहर थाना क्षेत्र में पांच वर्ष पूर्व मामूली विवाद में फावड़े से वार कर पिता मुनीर अहमद की गैर इरादतन हत्या करने के मामले में आरोपी पुत्र को दोषी करार देते हुए स्पेशल जज (ईसी एक्ट) अशोक कुमार की अदालत ने दस वर्ष के सश्रम कारावास व दस हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। अभियोजन कथानक के अनुसार मछलीशहर थाना क्षेत्र के मुजारपुर गांव निवासी मुकीम अहमद उर्फ शानू पुत्र स्व. मुनीर अहमद ने थाने में इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जुलाई 2012 को बारह बजे दिन में उसके भाई वकीम अहमद उर्फ शेरू ने मामूली विवाद को लेकर घर के अंदर पिता मुनीर अहमद के उपर फावड़े से प्रहार कर दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ईलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाते समय उसी दिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी करके आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। अभियोजन पक्ष से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता संजय श्रीवास्तव व राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कुल छ: गवाह परीक्षित कराया। न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की बहस व तर्कों को सुनने एवं पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों के परिशीलन के पश्चात आरोपी मोहम्मद वकीम अहमद को गैर इरादतन हत्या के आरोप में दोषी करार देते हुए भादवि की धारा 304 के अन्तर्गत उक्त दंड से दंडित किया।

चुनावके लिये नहीं होगा सरकारी वाहनका प्रयोग

चुनावके मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारीने दिये अहम निर्देश
जौनपुर। जिला मजिस्टे्रट सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग उ.प्र नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 आदर्श आचार संहिता में बताया कि सरकारी वाहनों आदि सहित किसी परिवहन का प्रयोग, किसी दल या किसी उम्मीदवार के हित को बढ़ावा देने के लिए नही किया जाएगा। केन्द्र या राज्य के कोई भी मंत्री, निर्वाचन से सम्बन्धित किसी भी अधिकारी को कही भी किसी सरकारी विचार-विमर्श के लिए नहीं बुला सकते हैं।
मंत्री सरकारी कार्य हेतु अपने सरकारी आवास से कार्यालय तक ही आने जाने के लिए अपने सरकारी वाहनों का प्रयोग करने के हकदार होंगे। मुख्यमंत्री या मंत्री सहित कोई भी राजनैतिक व्यक्ति नगरीय निकाय के निर्वाचन क्षेत्र में आयोजित ऐसे समारोह, जिसमें सरकारी धन का प्रयोग हो, से सम्मिलित नहीं हो सकते हैं। मंत्री और अन्य प्राधिकारी आदर्श आचार संहिता लागू होने के दिनांक से विवेकाधीन निधियों से कोई अनुदान स्वीकृत नहीं कर सकते हैं। किसी नगरीय निकाय क्षेत्र में कोई मंत्री या अन्य कोई प्राधिकारी, किसी रुप में किसी वित्तीय अनुदान की घोषणा नहीं कर सकते हैं और न ही वे किसी प्रकार की परियोजना या योजना का शिलान्यास कर सकते है। चालू योजनाओं के लिए धनराशि अवमुक्त करने के लिए कोई प्रतिबन्ध नहीं होगा, पूजा स्थलों जैसे मन्दिर, मस्जिद, गिरजाघर व गुरुद्वारा आदि का उपयोग निर्वाचन में प्रचार तथा निर्वाचन सम्बन्धी अन्य कार्यों हेतु नहीं किया जाएगा। मत प्राप्त करने के लिए जाति या साम्प्रदायिक भावनाओं की अपील नहीं की जाएगी। सभी राजनीतिक दल/उम्मीदवार ऐसे कार्यो से अलग रहेंगे जो निर्वाचन विधि के अन्तर्गत भ्रष्ट आचरण/अपराध माने गये है, जैसे-किसी चुनावी सभा में गड़बड़ी करना या करवाना, मतदाता को डरा धमकाकर या आतंकित करके अपने पक्ष में मत देने के लिए प्रभावित करना, मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए चुनाव की प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार का मादक द्रव्य बांटना आदि प्रतिबन्धित रहेगा।

शस्त्र धारियों के लाइसेंस दो दिन के अन्दर जमा करायें: सर्वज्ञराम

डीएम, एसपी ने कानून व्यवस्था की तहसीलवार किया समीक्षा
जौनपुर। मंगलवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला मजिस्ट्रेट सर्वज्ञराम मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक केके चैधरी ने नगर निकाय चुनाव को सकुशल शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने के लिए राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा तहसीलवार किया। सभी उपजिलामजिस्ट्रेट एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों/पुलिस निरीक्षकों को निर्देशित किया कि नगर पालिका/नगर पंचायत की 10 किमी. की परिधि में आने वाले शस्त्र धारियों के लाइसेन्स 2 दिन के भीतर जमा करायें।
साथ ही अपने-अपने क्षेत्र में पडऩे वाले लाइसेन्सी शस्त्र धारकों के दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण कर यथोचित कार्यवाही करें। क्षेत्र में अवैध शस्त्र एवं विस्फोटक बनाने वाली गैर कानूनी फैक्ट्रियों को ध्वस्त कर उनके विरूद्व कठोर कार्यवाही करें। जिले में बाहर से आने वाली शराब पर रोक एवं अवैध शराब बनाने एवं बेचने वालों के विरूद्व कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करें। सभी उपजिलामजिस्ट्रेट/पुलिस क्षेत्राधिकारी संवेदनशील, अतिसंवेदनशील, अतिसंवेदनशील प्लस बूथों का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध करायें। चुनाव को सकुशल सम्पन्न करानें के लिए 53 पुलिस बैरियर लगाकर सघन चेकिंग कराने का निर्देश दिया। नगर निकाय क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर कमजोर मतदाताओं में मतदान के लिए उत्साह भरें तथा अपराधियों में भय पैदा हो। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाय। अफवाह फैलाने वालों के विरुध कठोर कार्यवाही करें। चुनाव के दौरान अवैध शराब की खपत एवं उसके वितरण पर निगाह रखें। नामांकन स्थल की सुरक्षा के दृष्टिकोड से बैरिकेटिंग कराये। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि चुनाव में निष्पक्ष होकर कार्य करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। पुलिस अधिकारी किसी भी दशा में सही व्यक्ति को प्रतिबन्धित न करें, अपराधियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्यवाही करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी द्वय आरपी मिश्र, रामआसरे सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक द्वय डा. अनिल पाण्डेय, संजय राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर नृपेन्द्र, मडिय़ाहूं रामभवन यादव, सदर जया साण्डिल, मछलीशहर सौम्या पाण्डेय, शाहगंज अवधेश कुमार शुक्ल, बदलापुर विनय द्विवेदी, उपजिलाधिकारी सदर प्रियंका प्रियर्दशनी, मडिय़ाहूं जगदम्बा सिंह, मछलीशहर विमल कुमार दुबे, बदलापुर विजय प्रकाश तिवारी, शाहगंज जयनारायण सचान, केराकत अयोध्या प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर रमापति बिन्द, सहायक निर्वाचन अधिकारी इन्द्रदेव यादव आदि उपस्थित रहे।

सजनी को टिकट के लिए साजन हलाकान

----सिटी बोर्ड-जौनपुर----
भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा की दावेदारों ने समर्थकों संग लखनऊ में डाला डेरा 
जय आनंद
जौनपुर। सजनी को शहर का प्रथम नागरिक बनाने के लिए साजन हलाकान हैं। जी हां! चर्चा नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए टिकट की दावेदारी की हो रही है। अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित होने के बाद खुद अध्यक्ष बनने का सपना बिखरने के बाद प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता अपनी अद्र्धांगिनी को टिकट दिलाने के लिए दिल्ली से दौलताबाद एक  करने वाली तर्ज पर जूझ रहे हैं। वजह टिकट दिलाकर मैदान मार लेने की सूरत में पर्दे के पीछे से स्थानीय सरकार की कमान उन्हीं के हाथ में ही रहेगी। सजनी को टिकट दिलाने के लिए वे तरकश के हर तीर आजमा रहे हैं। अधिकतर टिकट के दावेदार लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं।
टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी सूबे में सत्तारुढ़ भाजपा में मची हुई है। वैसे तो टिकट के लिए कुल 24 दावेदार हैं लेकिन पार्टी में गहरी पैठ रखने वाले सूत्रों पर यकीन करें तो अंतिम दौर में तीन ही नाम पर विचार हो रहा है। इनमें भाजपा की जिला उपाध्यक्ष किरन श्रीवास्तव, सूबे के काबीना मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ ही विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा का दामन थामने वाले उनके करीबी तेज बहादुर मौर्य की पत्नी सीमा मौर्या और भाजपा के जिला मंत्री नीरज सिंह की पत्नी नीतू सिंह हैं। किरन श्रीवास्तव दो दशक से पार्टी की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। पार्टी ही नहीं शहर का हर तबका उनसे परिचित है। बुधवार की शाम हुई बैठक में पार्टी के प्रांतीय हाईकमान किसी एक नाम पर सहमति नहीं बना सका। गुरुवार की सुबह फिर होने वाली बैठक में इन्हीं तीन में से किसी एक के उम्मीदवारी की नाम पर मुहर लगने की पूरी संभावना है। सीमा मौर्या और नीतू सिंह अपने-अपने साजन के भरोसे टिकट की दावेदारी कर रही हैं। खुद उनका संगठन और उसके कार्यक्रमों से कोई लेना-देना इससे पहले नजर नहीं आया है। इसी तरह से राजनीति से सर्वथा दूर रहने वाली संगीता श्रीवास्तव को उम्मीदवार घोषित कराने के लिए भाजपा के जिला मंत्री राजेश श्रीवास्तव बच्चा भईया एडवोकेट पिछला चुनाव में खेत रहे पंकज जायसवाल, पूर्व सभासद संतोष गुप्ता और कुछ अन्य नेता भी अपनी-अपनी पत्नी को टिकट दिलाने के लिए जौनपुुर से लेकर लखनऊ और दिल्ली तक की दौड़ लगा रहे हैं। इतना ही नहीं हाईकमान को लुभाने के लिए हर हथकंडे अपना रहे हैं। सीमा मौर्या पिछले चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर करीब साढ़े आठ हजार वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहीं।
यही हाल मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी का है। खुद चुनाव लडऩे के लिए कई साल से जमीन तैयार कर रहे छात्र राजनीति से पार्टी में सक्रिय श्रवण जायसवाल अब अपनी सजनी ऊषा जायसवाल को प्रत्याशी बनवाने के लिए पूरी ताकत झोंके पड़े हैं। पार्टी के पूर्व शहर अध्यक्ष शकील अहमद अपनी बेगम अजमत जबीं तो रुखसार अहमद अपनी बीवी के लिए हलाकान हैं। वहीं पार्टी से उपेक्षित चचा शिवपाल सिंह यादव के करीबी जिला पंचायत सदस्य पप्पू रघुवंशी अपनी पत्नी सोनी रघुवंशी को टिकट दिलाने के लिए पूरी ताकत लगाए हुए हैं लेकिन होड़ में पूनम मौर्या अन्य दावेदारों को कड़ी टक्कर देती नजर आ रहाी हैं।  ऊषा, अजमत जबीं और सोनी रघुवंशी जहां अपने-अपने पति के नाम पर दावेदारी जता रही हैं वहीं पूनम मौर्या ढाई दशक से भी ज्यादा समय से पार्टी में जिला से लेकर हाईकमान तक पहचान बनाए हुए हैं। वह समाजवादी युवजन सभा की जिला जिला उपाध्यक्ष, महिला सभा की जिला महासचिव, सपा की जिला कार्यकारिणी में दो बार सचिव और एक बार जिला महासचिव और प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य रह चुकी हैं। जुझारू तेवर वाली पूनम मौर्या पार्टी में किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। इन्हीं में से किसी एक को टिकट मिलने के आसार हैं।
बहुजन समाज पार्टी में टिकट के लिए दावेदारों की गिनती वैसे तो करीब आधा दर्जन है लेकिन फिलवक्त नंबर एक पर हैं तीन बार लगातार नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रहे दिनेश टंडन की पत्नी माया टंडन। राजनीति से उनका भी दूर तलक का लेना-देना नहीं रहा है लेकिन पति की पार्टी में मजबूत पकड़ का फायदा उन्हें मिलता दिखाई दे रहा है। अन्य दावेदार भी अपने-अपने पति की राजनीतिक पहचान के सहारे खम ठोंक रही हैं। एकदम यही सूरत-ए-हाल कांग्रेस के टिकट के दावेदारों की है। पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे आदर्श सेठ अपनी पत्नी दीप माला सेठ तो पिछला चुनाव निर्दलीय लड़ चुकीं तिलकधारी महिला महाविद्यालय की प्राध्यापिका डा. चित्रलेखा सिंह, शहर के प्रमुख सराफा कारोबारी विमल सेठ अपनी पत्नी मंजू सेठ और वरिष्ठ नेता इंद्रसेन श्रीवास्तव के अनुज अजय श्रीवास्तव अपनी पत्नी हेमा श्रीवास्तव को टिकट दिलाने के लिए पूरा कस बल लगाए हुए हैं। 

शुभम राष्ट्रवादी युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष बने

जौनपुर। राष्ट्रवादी युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार शुक्ला ने दस जिलों के अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। शुभम प्रकाश सिंह जौनपुर जिला इकाई के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। बुधवार को संगठन के लखनऊ स्थित कार्यालय पर हुई बैठक में यह मनोनयन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से शुभम प्रकाश सिंह को जौनपुर, सूरज कुमार राय को सिद्धार्थनगर, अविनाश सिंह को गोरखपुर, दीपक ओझा को कुशी नगर, त्रियुगी नारायण पांडेय को महराजगंज, कंचन मिश्र को फतेहपुर, चंद्र शेखर सिंह को चंदौली, रितिक राज सैनी को वाराणसी, जय प्रकाश मिश्र को मिर्जापुर और धर्मेंद्र कुमार को सोनभद्र जिला इकाई का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक में मौजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक एके सिंह ने नव नियुक्त जिला अध्यक्षों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति निष्ठा, सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए यह मनोनयन किए गए हैं। उन्होंने जिलाध्यक्षों को जल्द से जल्द कार्यकारिणी का गठन कर अनुमोदन के लिए प्रदेश नेतृत्व को भेजने का निर्देश दिया। इस मौके पर दिग्विजय सिंह, विकास तिवारी, अरविंद पाठक, करन शुक्ला, शेरू सिंह, दीपक, विपिन, शिवम अग्रहरि, शोभित, चंदन सिंह, मृत्युंजय, राजन, रोहित मिश्र, कान्हा, आकाश सोनी आदि मौजूद रहे। 

किसान से 11 हजार की लूट

महराजगंज (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर एक किसान से 11 हजार रुपये लूट लिए। भुक्तभोगी ने पुलिस को सूचना नहीं दी है। काश्तकार प्रमोद सिंह निवासी बसहरा गांधी नगर के व्यवसायी बग्गड़ मौर्या से बुधवार को अपराह्न 11020 रुपये लेकर बाइक  से लौट रहे थे। करीब तीन बजे राम नगर गांव में पूर्व प्रधान जवाहर यादव के घर के पास पहुंचे तो घात लगा कर पीछा कर रहे बिना नंबर की डिस्कवर बाइक पर सवार हेलमेट लगाए दो बदमाशों ने घेर कर रोक लिया। असलहा सटा कर आतंकित करते हुए रूपये लूट कर राजा बाजार की तरफ भाग गए। भुक्तभोगी के शोर मचाने पर आस-पास के लोग जुटे तो लेकिन तब तक लुटेरे आंखों से ओझल हो चुके थे। थानाध्यक्ष से घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा मैं स्थानीय नगर निकाय चुनाव के लिए बदलापुर में फ्लैग मार्च में व्यस्त हूं। ऐसी किसी भी घटना की भुक्तभोगी ने न तो थाने पर और न ही यूपी-100 पर सूचना दी है।

तमंचे संग युवक गिरफ्तार

डोभी (जौनपुर)। चंदवक थाना क्षेत्र के बजरंग नगर चौकी पुलिस ने मंगलवार रात्रि तमंचे संग युवक को गिरफ्तार कर बुधवार को सवेरे चालान कर दिया। चौकी प्रभारी अमर जीत चौहान हमराहियों संग गश्त पर निकले थे। गश्त करते हुए रात करीब दस बजे कोइलारी मोड़ पर पहुंचे तो एक संदिग्ध युवक उन्हें देखते ही भागने लगा। पुलिस ने दौड़ा कर उसे धर दबोचा। तलाशी में उसके पास से तमंचा और कारतूस मिला। पूछने पर उसने अपना नाम अशफाक अहमद निवासी अमरौना बताया। आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात