BREAKING NEWS

Sunday, 24 December 2017

शव दफनाने को लेकर हुआ विवाद


   सरायख्वाजा (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के खानपट्टी कोरापट्टी गांव में रविवार सुबह एक महिला के शव को दफनाने को लेकर शिया -सुन्नी समुदाय के लोग आमने सामने हो गए। इस दौरान उपद्रव भी हुआ। सूचना पर पहुंची एसडीएम एवं सीओ ने दोनों पक्षों से सुलह समझौता करा कर शव को दफन करा दिया। नोकझोंक में आरोपी तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।कोरापट्टी खानपट्टी गांव निवासी नफीस अहमद की 32 वर्षीय पुत्री तबस्सुम बानो काफी दिनों से बीमार चल रही थी। रविवार उसका निधन हो गया। सुन्नी समुदाय के लोगों ने महिला का शव दफनाने के लिए गांव के ही एक कब्रिस्तान पर पहुंचे और गड्ढे की खुदाई शुरु कर दिए। इसी दौरान शिया समुदाय के लोगों ने उस पर आपत्ति जताते हुए शव दफनाने से मना कर दिया। उन्होंने दावा किया यह शिया समुदाय का कब्रिस्तान है। जबकि सुन्नी समुदाय की कब्रिस्तान और कई हैं। वहां महिला के शव को दफन किया जाए ।लेकिन सुन्नी समुदाय के लोगों ने शव को वही दफन करने पर अडिग हो गए। जिसके बाद मामला नोकझोंक हाथापाई तक पहुंच गया। सूचना पाते ही थानाध्यक्ष धनीराम वर्मा मय फोर्स वहाँ पहुंच गए। एसडीएम प्रियंका प्रियदर्शिनी व सीओ भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद में सुलह समझौता कराते हुए मृतका के शव को उसी स्थान पर दफन कराया। इस दौरान उत्तेजित तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उधर स्थानीय प्रधान इरशाद हुसैन का कहना है, हमको मारने पीटने की धमकी भी दी जा रही है ।हालांकि देर शाम तक पुलिस फोर्स वहां तैनात कर दी गई। दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है।

वृंदावन बन गया घनश्याम दास बैंकर अहाता


श्री श्याम महोत्सव में बही भक्तिगीतों की रसधार, डूब गए श्रोता
   जौनपुर। शहर के उर्दू बाजार स्थित बागीचा घनश्याम दास बैंकर परिसर रविवार को वृंदावन सरीखा नजर आया। मौका था मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित श्रीश्याम महोत्सव का। खांटू वाले श्रीश्याम प्रभु को 56 भोग लगने के बाद सायंकाल शुरु हुए सांस्कृतिक आयोजन में देश के मशहूर भजन गायकों ने भक्तिगीतों की ऐसी रसधार बहाई कि आधी रात के बाद तक श्रोता उसी में डूब गए। गीतों को सुन कर लोग भक्ति विह्वल होकर नाचने-थिरकने लगे।
 
कोलकाता से आए कुशल कारीगरों की गई नयनाभिराम सजावट में अखंड महाज्योति के प्रज्ज्वलन के साथ श्रीश्याम महोत्सव का शुभारंभ हुआ। श्री श्याम महाप्रभु को 56 भोग का महाप्रसाद चढ़ाया गया। सायंकाल शुरु हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरु हुआ। बदायूं से आए भजन गायक संतोष शर्मा फकीरा ने जब सुनाया...जब बिन बोले मिलता तो बोल कर क्या मांगें। तो श्रोता भक्ति में सराबोर होकर थिरकने लगे। संतोष फकीरा के ही भजन...सांची कहे थारे आने से जीवन में आई बहार बाबा सुनाया तो पांडाल में मौजूद हजारों लोगों में कोई करतल ध्वनि तो कोई वाह...वाह करने लगा। भक्ति रस में डूब चुके सैकड़ों लोग नाचने लगे। नानपारा से आए कुमार शानू, कानपुर से आए संदीप शर्मा ने भी श्रोताओं को भक्ति गीतों पर झूमने के लिए मजबूर कर दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जीत प्रकाश हरलालका, किशन लाल हरलालका, रमापति केडिया, संजय परशुरामपुरिया, निमित अग्रवाल, कमल अग्रवाल, श्याम मोहन अग्रवाल, मनोज हरलालका, प्रचार मंत्री विजय केडिया, सुधीर केडिया, तन्मय केडिया, निर्भय चंद्र केडिया, अभिषेक अग्रवाल ने अहम भूमिका निभाई। मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष संजय केडिया ने सभी के प्रति आभार जताया।

शिक्षा के बगैर विकास असंभव: गिरीश



राजाराम मेमोरियल स्कूल का वार्षिकोत्सव संपन्न 
   नौपेड़वा (जौनपुर)। सूबे के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा शिक्षा के बगैर सफलता की उम्मीद ही नहीं की जा सकती। शिक्षा से ही व्यक्ति, समाज और देश का विकास संभव है। वह रविवार को राजाराम मेमोरियल पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
 
उन्होंने कहा कि जब बच्चा पैदा होता है तो वह कोरे कागज के समान होता है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है और विद्यालय में दाखिला होता है, तब वह अपने अर्जित ज्ञान के माध्यम से सफलता की सीढिय़ां चढ़ता है। उसके मन-मस्तिष्क पर ज्ञान व संस्कारों की अमिट स्याही गुरुजन द्वारा ही लगाई जाती है। उन्होंने कहा कि बच्चे ही देश के भविष्य हैं जो आगे चलकर देश के विकास में सहयोग करते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देशप्रेम से ओतप्रोत कार्यक्रम की बेहतरीन प्रस्तुति दी। बच्चों ने स्वच्छता मिशन पर ज्ञानवर्धक नाट्य प्रस्तुत कर लोगों को सफाई के प्रति प्रेरित किया। आधुनिक समाज में युवाओं द्वारा मां-बाप के तिरस्कार पर नाट्य मंचन ने अभिभावकों को झकझोर दिया। विद्यालय के प्रबन्धक प्रमोद जायसवाल ने आये हुए लोगों के प्रति आभार जताया। प्रधानाचार्य आशुतोष शर्मा ने अभिभावकों को बच्चों के प्रति अपनी भी जिम्मेवारी का अहसास कराया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय, डॉ0 मनोज मिश्र, अशोक जायसवाल, जिला शासकीय अधिवक्ता रामआसरे यादव, भूपेश सिंह, शैलेन्द्र दुबे, आयत रजा, अरुण मौर्य, अभय राय, प्रधान अमरनाथ यादव, गिरिजा शंकर यादव, जयशंकर पाल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक पारुल जायसवाल रही। संचालन सुभाष त्रिपाठी ने किया।

आप ने निकाली बिजली विभाग की शव यात्रा


विसर्जन घाट पर किया दाह संस्कार, मोदी-योगी सरकार पर बोला हमला  
   जौनपुर। आम आदमी पार्टी ने सूबे की योगी सरकार द्वारा बिजली दर बढ़ाए जाने के विरोध में रविवार को बिजली विभाग की शव यात्रा निकाली। नखास स्थित विसर्जन घाट पर प्रतीक शवदाह किया। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। सभा में वक्ताओं ने मोदी और योगी सरकार को किसान और जनविरोधी करार दिया।
 
पार्टी कार्यकर्ता पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला कार्यालय पर एकत्र हुए। वहां से बिजली विभाग की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और नारेबाजी करते हुए प्रतिमा विसर्जन घाट पहुंचे जहां शवदाह किया। इस मौके पर पार्टी के जिला सचिव मोहम्मद हैदर खान ने कहा केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार झूठे जुमलों के सहारे सत्ता में आई है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार सस्ते दर पर बिजली देने के साथ ही बिजली कट जाने पर मुआवजा भी देती है। इसके बावजूद वहां बिजली महकमा मुनाफे में है। वहीं प्रदेश सरकार निरंतर बिजली दर बढ़ाते जाने के बाद भी घाटे में होने का रोना रोती है। जिला संगठन संयोजक सोम कुमार वर्मा ने कहा कि मोदी और योगी सरकार किसान और जन विरोधी है। नोटबंदी और जीएसटी से मोदी सरकार ने लोगों खास तौर पर व्यापारियों की कमर तोड़ कर रख दी। अब प्रदेश की योगी सरकार ग्रामीण इलाकों में 70 फीसदी और शहरी इलाकों में 15 प्रतिशत बिजली दर बढ़ा कर साबित कर दिया है कि दोनों सरकारें पूंजीपतियों की हिमायती हैं। जिला मीडिया प्रभारी एसएन सिंह मुन्ना ने कहा कि जहां पहले किसान पांच हार्स पावर की मोटर का बिल 800 रुपये दिया करते थे अब उन्हें 1500 रुपये देने होंगे। विरोध प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र सिंह, अमरनाथ यादव, सरोजा देवी, नंदिनी, डा. अमित श्रीवास्तव, शजर अहमद, आरिफ, कमलेश गिरि, पप्पू सिंह, एचएन तिवारी, प्रेमचंद गौतम, राकेश चतुर्वेदी, एके राजन, चंद्रबली सोनकर, रिजवान, इनायतुल्लाह, कमलेश गिरि, बबलू, श्याम लाल पटेल, मोहम्मद जैदी, अमन यादव, हर्ष वद्र्धन श्रीवास्तव, राजेंद्र सिंह राज, रघुवंश यादव, राजेश अस्थाना, महेश वर्मा, शिव चंद्र पटेल, राहुल, सूरज आदि रहे।

पत्रकार के बेटे पर गुंडों का हमला


   नेवढिय़ा (जौनपुर)।  थाना क्षेत्र के इटायें बाजार में शनिवार की शाम दबंगों ने पत्रकार के बेटे को हमला कर घायल कर दिया। लोगों के बीच-बचाव करने पर उसकी जान बच सकी। पत्रकार जेडी सिंह का पुत्र आकाश सिंह (19) इटाएं बाजार से शाम करीब साढ़े छह बजे घर लौट रहा था। इटाएं बाजार में बीज भन्डार के पास खड़े अराजकतत्वों ने आकाश सिंह को घेर लिया। उसकी लाठी-डंडे से पिटाई करने लगे। वह जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता रहा और गुंडे उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटते रहे। बीज भन्डार के मालिक सूबेदार पटेल के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी। मालूम हो कि गत 20 दिसंबर को यही अराजकतत्व तरती गांव के कुछ युवकों को अकारण मार-पीट रहे थे। तब आकाश सिंह ने बीच-बचाव किया था। इसी रंजिश को लेकर गुंडों ने उस पर हमला किया। आकाश सिंह के सिर, हाथ, पीठ और पैर में चोट आई। उका मोबाइल फोन भी टूट गया। खबर पाकर पहुंचे थानाध्यक्ष रुद्रभान पान्डेय ने मौके पर पहुंच कर लोगों से घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में हुसेनपुर गांव में दबिश दी लेकिन  वे पकड़े नहीं जा सके। बर्राह गांव में दबिश देकर पुलिस ने एक युवक को उठाया लेकिन रविवार को उसे छोड़ दिया। वह आरोपियों में से एक का भाई था। आकाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 14, 323, 427 भा. द. वि. के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

छात्राओं ने ग्रामीणों को किया जागरूक



टीडी महिला कालेज का एक दिवसीय रासेयो शिविर 
   जौनपुर। तिलकधारी महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों द्वारा रविवार को प्रथम एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में प्रात: आठ बजे स्वयं सेविकाएं महाविद्यालय प्रांगण में एकत्र हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। छात्राओं ने उठें समाज के लिए उठें...लक्ष्य गीत का सामूहिक गान किया। कार्यक्रम अधिकारियों ने अपनी-अपनी इकाइयों को क्रमश: इस्मैला, शिवापार एवं खलीलपुर गांवों का परिचय दिया।
जलपान के पश्चात स्वयं सेविकाएं अपने-अपने चयनित गांवों में सर्वेक्षण के लिए गईं। उन्होंने ग्रामीणों से साक्षरता दर, मतदाता पंजीकरण की स्थिति, शिक्षा, चिकित्सालय आदि के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही गांव की समस्याओं पर भी चर्चा की और समाधान के लिए सुझाव दिए। शिविर में कार्यक्रम अधिकारी डा. मधुलिका सिंह, डा. राजश्री सिंह, डा. शालिनी सिंह के साथ 300 से स्वयंसेविकाएं सम्मिलित हुईं। इनमें निशी, दीक्षा, विशाखा, विनीता, ज्योति, सोनी, एकता आदि के साथ अनूप कुमार, किरन, रेखा, कन्हैया, ओम प्रकाश, माया शंकर आदि सम्मिलित हुए।

ट्रक ने रौंदा, मां-बेटी की मौत, बेटे की हालत गंभीर

शहरके मुरादगंज बाईपास स्थित नईगंज तिराहे पर हुआ दर्दनाक हादसा 
दवा लेकर लौटतेे बाइक लेकर खड़े लोगों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा 
   जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मुरादगंज बाईपास स्थित नईगंज तिराहा रविवार की दोपहर ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटी और बेटे को रौंद दिया। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई जबकि बेटा बुरी तरह से घायल हो गया। युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक और चालक को पकड़ लिया है। क्रुद्ध भीड़ रास्ता जाम कर दिया लेकिन पुलिस ने कुछ ही देर बाद समझा-बुझा कर हटा दिया। शवों को पुलिस ने पंचनामा के बाद कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
   इसी थाना क्षेत्र के सीहीपुर गांव की आशा देवी (43) पत्नी जिलेदार यादव अपने पुत्र विकास यादव (25) और बेटी चंदा देवी (22) के साथ मोटर साइकिल से जिला चिकित्सालय दवा लेने गई थी। दवा लेकर घर वापस लौटते समय मुरादगंज बाईपास पर नईगंज तिराहे के पास पति जिलेदार यादव मिल गया। विकास यादव मोटर साइकिल रोक कर पिता से बातचीत करने लगा। इसी दौरान जौनपुर से इलाहाबाद की तरफ तेज गति से जा रहे ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटी और बेटे को रौंद दिया। हादसे में आशा देवी और चंदा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। विकास यादव बुरी तरह से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस बुला कर आनन-फानन उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। दुर्घटना से गुस्साए आस-पास के लोगों ने मौके पर रास्ता जाम कर दिया। खबर लगते ही थानाध्यक्ष लाइन बाजार मिथिलेश मिश्र सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने क्रुदध भीड़ को समझा-बुझा कर रास्ता जाम समाप्त करा दिया। परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने पंचनामा करा कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्र बताते हैं कि ट्रक का चालक शराब पीए हुए था। ट्रक को पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए ट्रक चालक का मेडिकल मुआयना भी कराया है। पत्नी और बेटी की मौत से जिलेदार यादव के घर में कोहराम मच गया है।

चोरों ने कौशल विकास केंद्र को बनाया निशाना


एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के उपकरण समेट ले गए 
   रामपुर (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सहनपुर स्थित प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र को शनिवार की रात चोरों ने निशाना बनाया। शटर चांड़ कर घुसे चोर एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के सामान समेट ले गए। चोरी का पता रविवार की सुबह चला। केंद्र संचालक की तहरीर पर थाना पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोग सहम उठे हैं।
   रामपुर थाना क्षेत्र के ही सकरा गांव जय सिंह सहनपुर में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का केंद्र चलाते हैं। केंद्र पर कार्यरत शिक्षक और अन्य स्टाफ अपराह्न करीब दो बजे केंद्र बंद कर चले गए। रात में किसी समय चोर शटर चांड़ कर केंद्र में घुसे और अपना काम कर चलते बने। रविवार की सुबह पास-पड़ोस ेके लोगों ने शटर चांड़ा हुआ देखा तो केंद्र संचालक जय सिंह को सूचना दी। जय सिंह आनन-फानन सेंटर पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे जय सिंह ने सेंटर का निरीक्षण करने के बाद बताया कि चोर बैटरी, इन्वर्टर और चार-पांच कंप्यूटर आदि उपकरण समेट ले गए। चोरी गए सामानों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक थी। चोरों ने केंद्र में अंदर बनाए गए प्लाईउड के पाटीशन को भी तोड़ दिया था। वैसे तो केंद्र में कंप्यूटरों की संख्या करीब डेढ़ दर्जन थी लेकिन एक बार में चोर चार-पांच कंप्यूटर ही ले जा सके। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर अपने साथ कोई चोरी किए माल को ढोने के लिए वाहन भी लाए थे। केंद्र संचालक जय सिंह की सूचना पर मौका मुआयना करने के बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।

चाचा को भतीजे ने पीट कर किया अधमरा



   थानागद्दी (जौनपुर)। चंदवक थाना क्षेत्र के रतनूपुर बाजार में शनिवार की देर शाम एक युवक ने लाठी- डंडे से पीटकर अपने सगे चाचा को अधमरा कर दिया। गोबरा गंाव निवासी विजय यादव की भतीजे छोटेलाल से किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। चाचा विजय यादव ने भतीजे छोटे लाल को डांट-फटकार लगा दी। छोटे लाल इसी को लेकर नाराज था। शाम करीब सात बजे जैसे ही विजय यादव (45) रतनूपुर बाजार में पहुंचा वहां पहले से ही मौजूद छोटे लाल ने लाठी-डंडे से विजय पर हमला बोल दिया। जब तक आस पास के लोगों ने बीच-बचाव कर छुड़ाया लेकिन तब तक विजय यादव बुरी तरह से जख्मी हो चुका था। परिजन ने विजय को उपचार के लिए ले जाकर बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

विवाहिता के घर पहुंचे प्रेमी की पिटाई


   थानागद्दी (जौनपुर)। चंदवक थाना क्षेत्र के एक गंाव में शनिवार की रात विवाहिता से मिलने उसके घर पहुंच गए आशिक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। महिला का पति कहीं गया हुआ था। मौका अच्छा देख महिला ने अपने प्रेमी को मोबाइल पर काल कर बुलाया। प्रेमिका के बुलावे पर पहुंचा प्रेमी उसके कमरे में घुस गया। इसकी भनक आस-पास के ग्रामीणों को लग गई। ग्रामीणों ने दरवाजा पीट कर खोलवाया तो विवाहिता को उसके प्रेमी के साथ पकड़ लिया। क्रोधित ग्रामीणों ने प्रेमी की जमकर पिटाई कर दी। फिर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रेमी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। रविवार को प्रेमिका के मायके वाले तथा उसके पति समेत प्रेमी पक्ष के लोग थाने पर डटे थे। पति ने पत्नी को रखने से इनकार कर दिया। समाचार लिखे जाने तक तीनों पक्षों के लोग थाने पर डटे हु हुए हैं। सुलह-समझौते का प्रयास चल रहा था।

Saturday, 23 December 2017

पद्म भूषण प्रो. श्रीकृष्ण जोशी होंगे दीक्षांत समारोहके मुख्य अतिथि


   जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आगामी 22 जनवरी 2018 को आयोजित हो रहे   दीक्षांत समारोह की तैयारियों के मद्देनजर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रोफेसर डा. राजाराम यादव ने बताया कि देश के प्रख्यात वैज्ञानिक तथा ओद्यौगिक अनुसंधान परिषद भारत के पूर्व महानिदेशक एवं पदम भूषण प्रो. श्री कृष्ण जोशी दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
   उन्होंने कहा कि इस अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति दिलीप बाबा साहेब भोसले को मानव सेवा, प्रशासन एवं न्याय के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डाक्टर आफ लाज तथा  दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के अध्यक्ष आशीष गौतम को मानव, समाज एवं राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विश्वविद्यालय द्वारा डी लिट् की उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा। दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के संयोजकों से बिंदुवार समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी से समयान्तर्गत कार्य सम्पादित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कुलसचिव संजीव सिंह, प्रोफेसर बीबी तिवारी, डा. एके श्रीवास्तव, डा. अजय द्विवेदी, डा. मानस पांडेय, डा. अजय प्रताप सिंह, डा. वंदना राय, डा. वीडी शर्मा, डा. अविनाश पाथर्डीकर, डा. मनोज मिश्र, डा. संतोष कुमार, डा. राजकुमार सोनी, डा. दिग्विजय सिंह राठौर, डा. आशुतोष सिंह, डा. अवध बिहारी सिंह, डा. रुश्दा आजमी, डा. केएस तोमर, डा. संजय श्रीवास्तव, अमलदार यादव, रामसूरत यादव, अशोक सिंह, अनिल श्रीवास्तव, श्याम श्रीवास्तव, पंकज सिंह सहित लोग उपस्थित रहे।

पढ़ाई के साथ ही खेल भी जरूरी: संतोष सिंह


शिया इण्टर कालेज में दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन 
   जौनपुर। छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ ही खेल-कूद में भी रुचि लेनी चाहिए। खेल से शरीर ही नहीं मानसिक विकास भी होता है। यह बात स्थानीय रजा डीएम शिया इण्टर कालेज में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर  शनिवार को माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कही।
 
विद्यालय के प्रबन्धक सै. नजमुल हसन नजमी की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में 100 मीटर, 200 मीटर की दौड़, लम्बी कूद, रिले रेस, ब्राड जम्प, गोला फेंक, बोरा दौड़, नेट रेस आदि प्रतियोगिताएं हुईं। विभिन्न प्रतियोगिताएं में अव्वल आये छात्र-छात्राओं को मुख्य एवं विशिष्ट सहित अन्य अतिथियों द्वारा गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 4 हाउसों में विभाजित टीम में सर्वाधिक अंक पाने पर ब्लू हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। साथ ही रेड हाउस द्वितीय और ग्रीन हाउस तृतीय आया। अन्त में प्रधानाचार्य डा. अलमदार हुसैन नजर ने समस्त अतिथियों का स्वागत करते हुये सहयोगी शिक्षकों के प्रति आभार जताया। साथ ही कहा कि किताबी शिक्षा के साथ खेलकूद में भी बच्चों को दक्ष बनाना विद्यालय परिवार का पहला प्रयास है। आज इन बच्चों ने जो प्रदर्शन किया है, वह अभी प्रारम्भिक मंच पर जरूर है लेकिन आने वाला समय इन्हीं बच्चों का है। इस अवसर पर प्रतियोगिता संयोजक असगर मेंहदी, शिक्षक नेता रमाशंकर पाठक, सुधाकर सिंह, प्रमोद सिंह, मो. मुस्लिम हीरा, पत्रकार अजय पाण्डेय सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अन्त में प्रधानाचार्य डा. अलमदार हुसैन नजर ने समस्त अतिथियों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुये प्रतियोगिता को सफल बनाने में समस्त शिक्षकों के प्रति आभार जताया।

प्रतिभाओं को दुनिया के सामने लाने की जरूरत: डा. अनिल


जन-गण-मन संस्था द्वारा नारी सुरक्षा सशक्तीकरण कार्यक्रम 
   जौनपुर। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा नारी सुरक्षा सशक्तिकरण अभियान के तहत राजकीय बालिका इण्टर कालेज (जीजीआईसी) में जन-गण-मन संस्था की महिला शाखा के तत्वाधान में शनिवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक नगर डा. अनिल पाण्डेय ने कहा कि आज हमें 21वीं सदी में जी रहे हैं और जिस तरह से आज लोग जागरुक हैं उन्हें ज्यादा बताने की जरुरत नहीं है।
 
भारत ने कल्पना चावला जैसी बेटी पूरे विश्व को दिया तो वहीं ओलम्पिक में मेडल जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने भी पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन किया। ऐसे में जरुरत है अपने अंदर छुपी प्रतिभा को दुनिया के सामने लाने की। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से महिला सशक्तिकरण का दौर चल रहा है उससे यह बात साबित कर दी है कि किसी भी क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों से पीछे नहीं है। उन्होंने छात्राओं से खुलकर बात की और कहा कि यदि आपके सामने कोई भी समस्याएं आती है तो आप पुलिस के सामने निर्भिक होकर बताएं जिससे की आपका आत्म विश्वास बना रहे। विशिष्ट अतिथि शहर कोतवाल शशि भूषण राय ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित 1090, 181, 100 के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस पर कोई भी सूचना देने पर तत्काल पुलिस हरकत में आती है और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम करती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने कहा कि समाज में जिस तरह से बुराइयां फैली है उसे हम सब मिलकर दूर करेंगे। इससे पूर्व कार्यक्रम को महामंत्री मिनाज शेख ने अतिथियों का स्वागत किया। वक्ताओं में डा. तसनीम फात्मा, प्रधानाचार्य जया सिंह, केके जायसवाल, अंजू पाठक, विजय लक्ष्मी यादव, चारु शर्मा ने महिला सशक्तिकरण पर अपनी बात कही। वहीं छात्राओं ने भी खुलकर पुलिस के अधिकारियों से प्रश्न किये जिसका अधिकारियों ने उत्तर देकर उन्हें संतुष्ट किया। इस अवसर पर स्वर्णिमा जायसवाल, पूनम जायसवाल, माला सिंह, आदर्श वर्मा, तसनीम जैदी, एसआई सीमा यादव, लाडले जैदी, चंद्रशेखर जायसवाल, सूचि श्रीवास्तव सहित कालेज की छात्राएं, अध्यापिकाएं मौजूद रहीं। संचालन सलमान शेख तथा आभार जया सिंह ने किया।

धर्म दर्शन

 
Copyright © 2017 आज प्रभात